जीडीपी के आंकड़ों की सच्चाई, कैसे बनते हैं ये नंबर और किसे मिलता है फायदा?
भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर जब भी कोई नई रिपोर्ट आती है, तो सबसे पहले चर्चा जीडीपी वृद्धि दर की होती है। हाल ही में सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (MoSPI) ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही यानी अप्रैल-जून 2026 के आंकड़े जारी किए, जिनके अनुसार देश की वास्तविक जीडीपी में 7.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई, जो अर्थशास्त्रियों के करीब 7.4 प्रतिशत के अनुमान से कहीं बेहतर रही।
स्थिर मूल्यों पर यह पहली तिमाही की जीडीपी लगभग 81.36 लाख करोड़ रुपये आंकी गई, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 75.46 लाख करोड़ रुपये थी। इसके अलावा मौजूदा कीमतों पर मापी जाने वाली नॉमिनल जीडीपी में 10.3 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इससे पहले पूरे वित्त वर्ष 2025-26 के अनंतिम अनुमानों के मुताबिक देश की जीडीपी में 7.7 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी, जो 2024-25 की 7.1 प्रतिशत की वृद्धि से अधिक रही।
अब सवाल उठता है कि आखिर जीडीपी नापी कैसे जाती है। सरल भाषा में समझें तो जीडीपी यानी सकल घरेलू उत्पाद, किसी देश की सीमा के भीतर एक तय समय में उत्पादित सभी वस्तुओं और सेवाओं का कुल मौद्रिक मूल्य होता है। इसे मुख्य रूप से तीन तरीकों से मापा जाता है।
पहला है- उत्पादन पद्धति जैसे कृषि, उद्योग और सेवा क्षेत्र में हुए उत्पादन को जोड़कर
दूसरा है- आय पद्धति जैसे मजदूरी, मुनाफे, ब्याज और किराए जैसी सभी आय को जोड़कर
और तीसरा है- व्यय पद्धति जिनमें उपभोग, निवेश, सरकारी खर्च और शुद्ध निर्यात को जोड़कर
भारत में यह आंकड़े MoSPI द्वारा हर तिमाही और सालाना आधार पर जारी किए जाते हैं, जिनमें अस्थायी और अनंतिम अनुमान बाद में संशोधित भी होते रहते हैं।
आम जनता के लिए जीडीपी के आंकड़े कई मायनों में महत्वपूर्ण होते हैं। तेज जीडीपी वृद्धि का मतलब आमतौर पर ज्यादा रोजगार के अवसर, बेहतर वेतन और बढ़ती क्रय शक्ति से जोड़ा जाता है। जब अर्थव्यवस्था बढ़ती है, तो सरकार का राजस्व भी बढ़ता है, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और अन्य बुनियादी ढांचे पर खर्च बढ़ाने की गुंजाइश मिलती है। हालांकि आलोचक यह भी कहते हैं कि जीडीपी वृद्धि का लाभ हमेशा समान रूप से आम आदमी तक नहीं पहुंचता, क्योंकि यह आंकड़ा असमानता या रोजगार की गुणवत्ता को सीधे नहीं दर्शाता।
वहीं उद्योगपतियों और कारोबारी जगत के लिए जीडीपी के मजबूत आंकड़े निवेश का भरोसा बढ़ाते हैं। ऊंची वृद्धि दर से बाजार में मांग बढ़ने की उम्मीद बनती है, जिससे कंपनियां उत्पादन क्षमता बढ़ाने और नई परियोजनाओं में पूंजी लगाने के लिए प्रोत्साहित होती हैं। साथ ही विदेशी निवेशकों का भरोसा भी बढ़ता है, जिससे शेयर बाजार और प्रत्यक्ष विदेशी निवेश दोनों को सहारा मिलता है।
हालांकि रिजर्व बैंक ने पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव और मानसून से जुड़ी अनिश्चितताओं के मद्देनजर आगामी वित्त वर्ष में वृद्धि दर के घटकर करीब 6.6 प्रतिशत रहने का अनुमान भी जताया है, जो यह दिखाता है कि आंकड़े भले ही मजबूत हों, चुनौतियां अब भी बरकरार हैं।
सोनिया गांधी की किताब पब्लिस होने का खुला रास्ता, हार्परकॉलिन्स ने लिया जिम्मा
You may also like
-
CM मोहन यादव को मिली खास प्रतिमा, 250-350 करोड़ साल पुरानी ‘कृष्ण शिला’!
-
सोनिया गांधी की किताब को मिला नया प्रकाशक, भारत में HarperCollins छापेगा; Penguin ने किया था इनकार
-
सोनिया गांधी की किताब पब्लिस होने का खुला रास्ता, हार्परकॉलिन्स ने लिया जिम्मा
-
ISRO ने रचा इतिहास, GSLV-F17 से EOS-05 की सफल लॉन्चिंग; बढ़ेगी भारत की सर्विलांस ताकत
-
ड्रैगन ने चल दी नई चाल, अब पानी से करेगा वार, भारत आखिर कैसे देगा जवाब?
