Jamui News

Jamui News

“मुझे भले ही मार दो, उसे छोड़कर नहीं जाऊंगा!” जमुई में छात्रा के लिए जब भिड़ गया छात्र

Share Politics Wala News

जमुई में छात्रा से बदसलूकी के आरोप के दौरान सहपाठी छात्र ने कहा, “मुझे भले ही मार दो, उसे छोड़कर नहीं जाऊंगा!” मारपीट के बावजूद डटा रहा।

बिहार के जमुई जिले में नाबालिग छात्रा से कथित बदसलूकी का मामला सामने आने के बाद अब उस घटना से जुड़ी कई अहम बातें सामने आ रही हैं। मड़वा पहाड़ के पास हुई इस घटना में छात्रा के साथ मौजूद उसके सहपाठी ने विरोध करने का फैसला किया।

आरोप है कि कुछ युवकों ने दोनों को घेर लिया और छात्रा के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। छात्र ने इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई, लेकिन उसने छात्रा को अकेला छोड़कर जाने से इनकार कर दिया।

मनचलों ने छात्र को जान से मारने की धमकी देकर वहां से तुरंत भाग जाने को कहा था, लेकिन छात्र ने अपनी जान की परवाह किए बिना अडिग रहते हुए दो टूक जवाब दिया- “मुझे भले ही मार दो, लेकिन मैं अपनी साथी को अकेले छोड़कर कहीं नहीं जाऊंगा।”

बताया जा रहा है कि दोनों छात्र-छात्रा कोचिंग में पढ़ते हैं। उनके पास हाल ही में नया मोबाइल फोन आया था और साथियों से उन्हें मड़वा पहाड़ से सूर्यास्त का अच्छा नजारा दिखने की जानकारी मिली थी। इसी के बाद दोनों कोचिंग के बीच मिले करीब एक घंटे के खाली समय में वहां फोटो लेने और रील बनाने पहुंच गए। छात्र अपनी मां की स्कूटी लेकर घर से निकला था।

परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, पहाड़ की तलहटी में पहुंचने के बाद दोनों का सामना वहां मौजूद करीब आधा दर्जन युवकों से हुआ। आरोप है कि युवकों ने दोनों को घेर लिया और छात्रा के साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। साथ ही छात्र-छात्रा पर शादी के लिए दबाव बनाने की कोशिश की गई। छात्र ने जब इसका विरोध किया तो कथित तौर पर उसे धमकाया गया और वहां से चले जाने को कहा गया।

छात्र ने इसके बावजूद छात्रा का साथ नहीं छोड़ा। आरोप है कि विरोध करने पर युवकों ने उसकी पिटाई शुरू कर दी। स्थिति बिगड़ने के दौरान भी वह छात्रा को अकेला छोड़कर भागने को तैयार नहीं हुआ। इसी बीच आरोपितों ने कथित तौर पर एक अन्य युवक को फोन करके मौके पर बुलाया।

मौका पाकर दोनों छात्र किसी तरह वहां से निकलकर मुख्य सड़क की तरफ पहुंचे। आरोप है कि वहां भी उन्हें दोबारा रोक लिया गया। इस दौरान उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया और घटना का वीडियो बनाए जाने की बात भी सामने आई है। वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला और गंभीर हो गया।

घटना के बाद छात्र अपने घर पहुंचा और परिवार को पूरी जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने पुलिस से शिकायत की। मामले में पुलिस ने आरोपों के आधार पर जांच शुरू की है और घटना से जुड़े लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।

परिवार के अनुसार, छात्र पढ़ाई में भी अच्छा है और अपने स्कूल के बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों में शामिल रहा है। घटना के दौरान उसने जिस तरह अपनी सहपाठी का साथ दिया, उसकी चर्चा इलाके में हो रही है। 

यह भी पढ़ें:

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर अवमानना कार्रवाई की मांग!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *