एयर एंबुलेंस क्रैश
चतरा में दर्दनाक हादसा: एयर एंबुलेंस क्रैश, सात लोगों की मौत, रांची से दिल्ली जा रहा था।
झारखंड के चतरा जिले में सोमवार शाम एक भीषण विमान हादसे में सात लोगों की जान चली गई। रांची से दिल्ली जा रही एक एयर एंबुलेंस समरिया के जंगलों में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह विमान रेडबर्ड एयरवेज का बीचक्राफ्ट किंग एयर B90L था।
जिसे मेडिकल इमरजेंसी के तहत चार्टर्ड किया गया था।
उड़ान भरने के करीब 20 मिनट बाद विमान का संपर्क एयर ट्रैफिक कंट्रोल से टूट गया और कुछ ही देर बाद उसके क्रैश होने की खबर सामने आई।
दुर्घटना के बाद मौके पर आग लग गई, जिससे विमान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
राहत और बचाव दल देर रात तक घटनास्थल पर जुटे रहे।
उड़ान के कुछ ही मिनटों में टूटा संपर्क
डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) के अनुसार विमान ने शाम 7:10 बजे रांची एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। लगभग 7:30 बजे पायलट ने खराब मौसम का हवाला देते हुए रास्ता बदलने की अनुमति मांगी थी।
एयर ट्रैफिक कंट्रोल से बातचीत के कुछ ही मिनट बाद विमान का रडार और रेडियो संपर्क टूट गया। कोलकाता एटीसी से कनेक्शन खत्म होते ही चिंता बढ़ गई और बाद में पता चला कि विमान चतरा के जंगलों में गिर चुका है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मौसम की खराबी हादसे की एक संभावित वजह मानी जा रही है, हालांकि आधिकारिक जांच के बाद ही स्पष्ट कारण सामने आएगा।
इलाज के लिए दिल्ली ले जाया जा रहा था मरीज
यह एयर एंबुलेंस एक गंभीर रूप से झुलसे मरीज को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जा रही थी। लातेहार जिले के चंदवा निवासी 41 वर्षीय संजय कुमार को 16 फरवरी को करीब 65 प्रतिशत जलने की हालत में रांची के देवकमल अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
अस्पताल के अधिकारियों के मुताबिक परिवार ने बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए उन्हें दिल्ली शिफ्ट करने का निर्णय लिया। सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे मरीज को एयर एंबुलेंस के जरिए रवाना किया गया था। दुर्भाग्यवश, यात्रा के दौरान यह हादसा हो गया और मरीज समेत विमान में सवार सभी लोगों की मौत हो गई।
क्रू में अनुभवी पायलट और मेडिकल टीम शामिल
विमान में दो पायलटों सहित कुल सात लोग सवार थे। इनमें कैप्टन विवेक विकास भगत (पायलट), कैप्टन सबराजदीप सिंह (को-पायलट), डॉक्टर विकास कुमार गुप्ता, पैरामेडिकल स्टाफ सचिन कुमार मिश्रा, मरीज संजय कुमार और उनके दो परिजन शामिल थे।
हादसे के बाद विमान के टुकड़े जंगल में बिखरे मिले और टक्कर के तुरंत बाद आग लगने की बात सामने आई है। प्रशासन ने शवों को बरामद कर पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।
इस दर्दनाक घटना ने पूरे राज्य को शोक में डुबो दिया है और एयर एंबुलेंस सेवाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह भी पढ़ें- नाम पूछते ही कंबल वापस लिया, टोंक में पूर्व सांसद के व्यवहार पर राजनीति गरम
You may also like
-
NCERT की नई पहल: कक्षा 8 की किताब में क्रांतिकारियों को मिला सही सम्मान, लोगों ने किया मुगल चैप्टर हटाने का दावा!
-
प्रदेश के कद्दावर मंत्री के खिलाफ अफसरों की साजिश !
-
नाम पूछते ही कंबल वापस लिया, टोंक में पूर्व सांसद के व्यवहार पर राजनीति गरम
-
मध्यप्रदेश में भी खुलेगा छात्रसंघ चुनाव का रास्ता !
-
घायल की गति घायल ही जाने …
