नई दिल्ली
दिल्ली पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी और उससे जुड़े नेटवर्क के खिलाफ चलाए गए ‘ऑपरेशन कवच-15.0’ के तहत नशीले और मन:प्रभावी पदार्थों (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत 214 मामले दर्ज कर एक नाबालिग समेत 256 अपराधियों को पकड़ा।
48 घंटों तक चला अभियान
दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस के अनुसार, यह अभियान 24 सितंबर को शाम छह बजे से 26 सितंबर को शाम छह बजे तक 48 घंटे तक चलाया गया, जिसके बाद एक अक्टूबर को शाम छह बजे तक बाद की कार्रवाई की गई। इस दौरान दिल्ली ने 1,708 स्थानों पर एक साथ कार्रवाई की।पुलिस ने एक बयान में बताया कि अभियान में सभी जिला पुलिस इकाइयों के अलावा अपराध शाखा, स्वापक निरोधी कार्यबल (एएनटीएफ) और विशेष प्रकोष्ठ शामिल रहे।
पुलिस ने ऑपरेशन में की ये बरामदगी
पुलिस ने बताया कि कार्रवाई के दौरान 111.748 किलोग्राम गांजा, 3.959 किलोग्राम स्मैक/हेरोइन, 107.43 ग्राम कोकीन, 684.22 ग्राम एमडीएमए, 1.057 किलोग्राम चरस, एम्फेटामाइन की 55 गोलियां, अल्प्राजोलम की गोलियां, बुप्रेनॉर्फिन की 162 गोलियां, ट्रामाडोल के 8,026 कैप्सूल व 104 ग्राम मॉर्फिन समेत विभिन्न मादक पदार्थ बरामद किए गए।
15 भगोड़े अपराधियों को किया गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, अभियान के दौरान 15 भगोड़े अपराधियों को गिरफ्तार या पकड़ा गया, जबकि एनडीपीएस मामलों में वांछित, फरार सात आरोपियों का भी पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार किया गया। पुलिस एक अधिकारी ने बताया कि इसके अलावा बुरे चरित्र (बीसी) के 140 व्यक्तियों और हिस्ट्रीशीटर की जांच की गई तथा मादक पदार्थ गतिविधियों में संलिप्त पाए गए लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
दो अफ्रीकी नागरिकों को भी पकड़ा
उन्होंने ने बताया कि विभिन्न मामलों में विदेशी नागरिक भी पकड़े गए। इनमें तीन नाइजीरियाई नागरिकों को कोकीन और एमडीएमए की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया, जबकि एक अन्य मामले में दो अफ्रीकी नागरिकों को भी पकड़ा गया।
जब्त किए गए चार वाहन
पुलिस ने बताया कि मादक पदार्थों के अलावा विभिन्न मामलों में नकदी, वाहन और अन्य उपकरण भी जब्त किए गए। कार्रवाई के दौरान कुल 23.08 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। इसके साथ ही तीन कार व एक एक स्कूटी समेत चार वाहन जब्त किए गए। पुलिस ने वजन मापने की तीन इलेक्ट्रॉनिक मशीनें, एक नकदी गिनने की मशीन तथा मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े अन्य सामान भी बरामद किए।
क्या है ऑपरेशन कवच का उद्देश्य
पुलिस ने कहा कि कार्रवाई का उद्देश्य केवल तस्करों और आपूर्तिकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि मादक पदार्थों की आपूर्ति श्रृंखला, वित्तीय नेटवर्क और उससे जुड़े लाभार्थियों की पहचान कर पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करना भी है।
You may also like
-
PM मोदी का 2014 से पहले की महंगाई पर तंज- ‘It’s a gone case’
-
Jeevan Pramaan 2026: 1 अक्टूबर से हर पेंशनर को जमा नहीं करना Life Certificate, जानें नियम
-
RBI Repo Rate: 4 साल बाद बढ़ी ब्याज दर, अब महंगे होंगे लोन और बढ़ेगी EMI
-
राहुल गांधी-प्रियंका गांधी के खिलाफ FIR दर्ज, आकाशवाणी में जबरन घुसने का आरोप
-
Rafale से पहले भारत को मिला ‘महाबली’, नौसेना को नया फ्लीट सपोर्ट शिप; समंदर में बढ़ेगी ताकत
