भोपाल
पूर्व आईएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल की हत्या मामले में मुख्य संदिग्ध केयरटेकर वरुण कुमार अभी लापता है। रतीबड़ पुलिस, क्राइम ब्रांच और जोन-1 की टीमों के लगभग 50 लोग वरुण की तलाश में चार राज्यों में दबिश दे रही है। बुधवार को वह घटना के तुरंत बाद लापता हो गया था।
आगरा में मिला फोन का लोकेशन
घटना के बाद पुलिस को एक अहम सुराग मिला है। उनके घर से मोबाइल फोन, नकदी और गहनों की चोरी हुई थी। चोरी गए फोन का लोकेशन आगरा में मिला है। इसके बाद भोपाल पुलिस की टीम ने उस व्यक्ति से पूछताछ की है जो इसका इस्तेमाल कर रहा था। जांचकर्ताओं को उसने बताया कि यह फोन उसे एक खास जगह पर पड़ा मिला था।
बेच दिया होगा फोन
वहीं, भोपाल पुलिस को शक है कि आरोपी ने भागते समय आगरा में किसी को बहुत कम कीमत पर फोन बेच दिया होगा। कई हाथों से गुजरते हुए वह एक मौजूदा यूजर तक पहुंचा। ऐसे में पुलिस यह पता लगा रही है कि फोन आगरा कैसे पहुंचा। हत्या के बाद किन लोगों ने इसका इस्तेमाल किया है।
सोने की चेन, अंगूठियां और महंगी घड़ियां हैं गायब
पुलिस ने घटनास्थल से चोरी हुए सामान की जानकारी दी और बताया कि सोने की चेन, अंगूठियां और चार महंगी घड़ियां गायब थीं। सर्च टीमों ने मध्य प्रदेश, दिल्ली और यूपी में कई जगहों पर तलाशी ली। ग्वालियर, आगरा और पंजाब के कुछ हिस्सों और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की है। लेकिन वरुण का कोई सुराग नहीं मिला है।
हत्या और डकैती का केस दर्ज
रतीबड़ पुलिस ने फरार केयरटेकर के खिलाफ हत्या और डकैती का मामला दर्ज किया है, जबकि जांचकर्ताओं का कहना है कि उसका कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। साथ ही पुलिस अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है। पूर्व आईएएस अग्रवाल के कई लोगों के साथ वित्तीय लेन-देन की पड़ताल कर रही थी ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या उनमें से कोई हत्या से जुड़ा हो सकता है।
सबूत मिटाने की कोशिश
पूर्व आईएएस राकेश अग्रवाल का अंतिम संस्कार शुक्रवार होगा, जब उनका बेटा अमेरिका से आएगा। आरोपी ने घटना के बाद जानबूझकर सबूत मिटाने की कोशिश की होगी। उसने एलपीजी सिलेंडर के पाइप हटा दिए थे। साथ ही इलेक्ट्रॉनिक आयरन चालू छोड़ दिया था। जांच करने वालों ने पाया है कि पूर्व नौकरशाह की हत्या के बाद एक बड़ा धमाका करने और आग लगाने की योजना थी।
आरोपी के पिता ने कर ली है दूसरी शादी
पुलिस की जांच टीम ग्वालियर भी पहुंची, यहां आरोपी वरुण के पिता रहते हैं। जांचकर्ताओं को पता चला है कि वरुण की मां के निधन के बाद पिता ने दूसरी शादी कर ली है। इसके बाद वरुण का पिता से संपर्क टूट गया था। जबकि पंजाब में रहने वाली उसकी बहन ने भी पुलिस के सामने बयान दर्ज करवाया है।
बीमार पड़ने के बाद केयरटेकर रखा
रिटायर्ड आईएएस अधिकारी की पत्नी निशी ने पुलिस को बताया कि अस्पताल में दो सप्ताह बिताने के बाद वह घर लौटे तो परिवार को उनकी देखभाल के लिए केयरटेकर की जरूरत थी। बेटे को रिसर्च वर्क के लिए वापस अमेरिका जाना था।
पहले वाला चला गया गांव
परिवार ने शुरू में एक हेल्थकेयर एजेंसी के जरिए विनोद नाम के केयरटेर को काम पर रखा था, लेकिन उसने यह कहकर नौकरी छोड़ दी कि उसे कागजात लाने के लिए गांव जाना है। इसके बाद उसने शादी कर ली। इसके बाद एजेंसी ने 26 सितंबर को वरुण को भेजा था। वरुण रिटायर्ड अधिकारी राकेश अग्रवाल के कमरे के बाहर हॉल में सोता था।
You may also like
-
दीपावली से पहले प्रशासन का बड़ा एक्शन, मां पीतांबरा स्टील ट्रेडर्स से 57 कार्बाइड गन और विस्फोटक जब्त
-
इंदौर-राघौगढ़ राजमार्ग पर 19 अंडरपास तैयार होने की राह में तेजी, डेढ़ महीने में पूरा होगा काम
-
त्योहारों से पहले ग्वालियर पुलिस का एक्शन, अवैध पटाखों और विस्फोटक सामग्री के साथ दो गिरफ्तार
-
डिंडौरी में हिट एंड रन से एक की मौत, चार गंभीर; गुस्साई भीड़ ने कार फूंकी
-
लोक निर्माण विभाग के सचिव ने निर्माणाधीन संयुक्त जिला कार्यालय भवन और पीडब्लूडी आवासीय परिसर का किया निरीक्षण
