Nitish Kumar Video Message

Nitish Kumar Video Message

बिहार चुनाव 2025: CM नीतीश कुमार बोले- पहले ‘बिहारी’ कहलाना था अपमान, अब गर्व की बात है

Share Politics Wala News

 

Nitish Kumar Video Message: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की पहली चरण की वोटिंग से पहले राज्य की राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।

इसी कड़ी में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को एक वीडियो संदेश जारी कर राज्य की जनता से सीधा संवाद किया।

इस संदेश में उन्होंने अपने अब तक के शासनकाल, विकास के दावों और कानून-व्यवस्था में सुधार को विस्तार से बताया।

साथ ही उन्होंने मतदाताओं से एनडीए गठबंधन को एक बार फिर बहुमत देकर सत्ता में लाने की अपील की।

नीतीश कुमार ने कहा कि वर्ष 2005 में जब उन्हें सत्ता मिली थी, तब बिहार की स्थिति बेहद खराब थी।

कानून लागू होने का कोई मतलब नहीं रह गया था और विकास लगभग ठप था।

उन्होंने कहा, हमें बिहार बहुत दयनीय स्थिति में मिला था। उस समय बिहारी कहलाना भी अपमान का विषय माना जाता था।

लेकिन हमने पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और संकल्प के साथ काम किया। आज हालात बदल चुके हैं, अब बिहारी कहलाना गर्व की बात है।

कानून-व्यवस्था सुधार को बताया पहली उपलब्धि

सीएम नीतीश ने कहा कि उनकी सरकार ने सत्ता संभालते ही सबसे पहले कानून-व्यवस्था को ठीक करने पर जोर दिया।

उन्होंने दावा किया कि उनके कार्यकाल में अपराध, अपहरण और रंगदारी जैसी घटनाओं पर सख्ती से नियंत्रण किया गया।

पुलिस व्यवस्था को मजबूत किया गया और जिलों में प्रशासनिक निगरानी बढ़ाई गई।

उन्होंने कहा, जब तक कानून-व्यवस्था पटरी पर नहीं आती, तब तक कोई निवेश नहीं होता और ना ही विकास संभव है।

हमने पहले इस बुनियादी समस्या को सुधारा। उसके बाद ही अन्य क्षेत्रों में तेजी से काम हुए।

महिलाओं को सशक्त बनाने की बात दोहराई

नीतीश कुमार ने अपने संदेश में महिलाओं के सशक्तिकरण पर खास जोर दिया।

उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने महिलाओं को सामाजिक और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए।

इसमें लड़कियों को साइकिल और पोशाक योजना, सरकारी नौकरियों में 35% आरक्षण, स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आर्थिक मदद जैसी योजनाएं शामिल हैं।

सीएम ने कहा, पहले महिलाओं को घर की चारदीवारी तक सीमित समझा जाता था। यह बदलाव हमारी नीतियों का सीधा परिणाम है।

आज वही महिलाएं स्वावलंबी हैं, अपनी पहचान बना रही हैं और परिवार व समाज दोनों का नेतृत्व कर रही हैं।

हमने अपने परिवार के लिए कुछ नहीं किया”

नीतीश कुमार ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि उनकी राजनीति हमेशा ‘विकास और सेवा’ पर केंद्रित रही है, न कि परिवारवाद पर।

उन्होंने कहा, हमने अपने परिवार के लिए कुछ नहीं किया। हमने कभी संपत्ति नहीं जोड़ी, न रिश्तेदारों को लाभ पहुंचाया।

मेरा उद्देश्य हमेशा बिहार और बिहार की जनता की सेवा रहा है।

उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने किसी एक समुदाय या वर्ग का पक्ष नहीं लिया।

बल्कि समाज के हर तबके के विकास के लिए योजनाएं चलाईं— चाहे वे हिंदू हों, मुस्लिम, पिछड़ा, अति पिछड़ा, दलित या महादलित।

सीएम नीतीश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार को भी राज्य के विकास में सहयोगी बताया।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य दोनों में एनडीए की सरकार रहने से विकास की रफ्तार और तेज हुई है।

इंफ्रास्ट्रक्चर, सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि और ग्रामीण क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर काम हुए हैं।

उन्होंने कहा, हमने गांव-गांव तक सड़क और बिजली पहुंचाई। आज बिहार के गांव भी रात में रोशन हैं और शहरों की कनेक्टिविटी बेहतर हुई है।

जनता से की NDA के पक्ष में मतदान की अपील

अपने संदेश के अंत में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि राज्य को आगे बढ़ाने के लिए एनडीए को एक बार फिर सत्ता में लाना जरूरी है।

उन्होंने कहा, एक बार और अवसर मिलेगा तो बिहार को देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में ला देंगे।

आप सभी 6 नवंबर और 11 नवंबर को अधिक से अधिक संख्या में मतदान केंद्र पर जाएं और NDA उम्मीदवारों को भारी मतों से विजयी बनाएं।

बिहार चुनावी माहौल में यह संदेश एक रणनीतिक कदम माना जा रहा है, जिसके जरिए नीतीश अपने पुराने विकास मॉडल को फिर दोहराकर जनता के विश्वास को पुनः हासिल करना चाहते हैं।

आने वाले दिनों में इसका राजनीतिक प्रभाव किस तरह दिखाई देगा, यह नतीजे तय करेंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *