अमेरिका–इजराइल का ईरान पर बड़ा हमला: तेहरान सहित कई शहर दहले, खामेनेई को सुरक्षित स्थान पर भेजा गया।
मध्य-पूर्व में तनाव चरम पर पहुंच गया है। शनिवार सुबह भारतीय समयानुसार इजराइल और अमेरिका ने मिलकर ईरान के खिलाफ संयुक्त सैन्य कार्रवाई की। राजधानी तेहरान समेत कई प्रमुख शहरों में जोरदार धमाके सुने गए और आसमान में धुएं के गुबार उठते दिखाई दिए। इस हमले के बाद ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई को सुरक्षा कारणों से सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कर दिया गया है।
एक अमेरिकी अधिकारी ने अल जजीरा को बताया कि यह कार्रवाई अमेरिका–इजराइल की जॉइंट मिलिट्री ऑपरेशन का हिस्सा है। इजराइल डिफेंस फोर्स ने इसे ‘प्रिवेंटिव अटैक’ करार दिया है। जानकारी के अनुसार, खामेनेई के दफ्तर के आसपास के इलाकों को भी निशाना बनाया गया, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं।
हमलों के तुरंत बाद ईरान ने अपने पूरे एयरस्पेस को बंद कर दिया और सभी नागरिक उड़ानें रद्द कर दी गईं। तेहरान, इस्फहान और अन्य शहरों में एयर डिफेंस सायरन बजते रहे। वहीं इजराइल में भी हवाई हमले के सायरन सुनाई दिए, संवेदनशील इलाकों को खाली कराया गया और नागरिकों से घरों में रहने की अपील की गई है।
इस बीच इजराइल की खुफिया एजेंसी मोसाद ने फारसी भाषा के अपने टेलीग्राम चैनल पर ईरानी नागरिकों से अपील करते हुए कहा, “ईरानी भाइयों और बहनों, आप अकेले नहीं हैं।” मोसाद ने संघर्ष से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो साझा करने का भी आह्वान किया है, जिसे सूचना युद्ध का हिस्सा माना जा रहा है।
हमले से पहले कूटनीतिक स्तर पर भी हलचल तेज थी। ओमान के विदेश मंत्री ने दावा किया था कि ईरान ने परमाणु बम बनाने योग्य न्यूक्लियर मैटेरियल न रखने पर सहमति दी है और अमेरिका–ईरान शांति समझौता “पहुंच में” है। वहीं कतर स्थित अमेरिकी दूतावास ने अपने कर्मचारियों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी।
दूसरी तरफ अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प पहले ही ईरान को कड़ी चेतावनी दे चुके थे और अमेरिकी नागरिकों से इजराइल छोड़ने की अपील की गई थी। ताजा हमलों के बाद क्षेत्रीय अस्थिरता और बढ़ने की आशंका है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय हालात पर नजर बनाए हुए है, जबकि दुनिया की निगाहें अब इस टकराव के अगले कदम पर टिकी हैं।
यह भी पढ़िए- भाजपा के गले की फांस बना बंगाली मछली का काँटा!
इजराइल और अमेरिका के हमले से मिनाब शहर में 170 छात्राओं की मौत
इजरायल और अमेरिका के साथ चल रहे तनाव के बीच ईरान के मीनाब शहर से एक गंभीर खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि एक स्कूल को निशाना बनाया गया, जिसमें कथित तौर पर इजरायल-अमेरिका की संयुक्त कार्रवाई में 170 छात्राओं की जान चली गई। इसके अलावा 60 से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना है।
You may also like
-
डर इतना हावी है की सरकार ने एक साल में 1 लाख से ज्यादा कंटेंट ब्लॉक कर डाले !
-
ट्रंप-मोदी बातचीत में ‘मस्क एंगल’: कूटनीति में कॉरपोरेट की एंट्री पर सवाल!
-
29 मार्च की शाम को आप भोपाल के इस अनूठे आयोजन में जरूर आइये
-
धुरंधर 2 ने दिखाया नोटबंदी का ऐसा नैरेटिव… बीजेपी भी इससे वाकिफ नहीं रही होगी….!
-
लॉकडाउन अफवाह: बयान से बढ़ा डर, सरकार ने किया खंडन!
