आंध्र प्रदेश में भीषण हादसा: काकीनाडा के पास पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, 18 की मौत
आंध्र प्रदेश के काकीनाडा
#Politicswala Report
आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया।
काकीनाडा जिले के पेड्डापुरम क्षेत्र अंतर्गत समालकोट मंडल के वेतलापलेम गांव में स्थित एक पटाखा निर्माण फैक्ट्री में अचानक आग लग गई।
जिसके बाद जोरदार विस्फोट हुआ। इस हादसे में अब तक 18 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने से पहले फैक्ट्री के भीतर तेज धमाकों की आवाजें सुनाई दी थीं। चंद ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया।
विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि कुछ शव फैक्ट्री से दूर पास के खेतों में जा गिरे, जिससे आसपास के ग्रामीणों में भय और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
यह भी पढ़ें- भाजपा के गले की फांस बना बंगाली मछली का काँटा!
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की गई।
पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
काकीनाडा गवर्नमेंट जनरल हॉस्पिटल के अधिकारियों के मुताबिक, अस्पताल में लाए गए कुछ मरीज 90 से 100 प्रतिशत तक झुलसे हुए हैं, जिनकी हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनका इलाज कर रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे के समय फैक्ट्री के अंदर लगभग 30 से 35 मजदूर काम कर रहे थे। आग लगने और विस्फोट के बाद फैक्ट्री पूरी तरह जलकर राख हो गई।
सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने आसपास के इलाके को खाली कराना शुरू कर दिया, ताकि किसी अन्य दुर्घटना से बचा जा सके। घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा होने से बचाव कार्य में भी कुछ समय के लिए दिक्कतें आईं।
इस हादसे पर राज्य के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए अधिकारियों को घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
फिलहाल विस्फोट के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और प्रशासन इस बात की जांच कर रहे हैं कि कहीं फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों की अनदेखी तो नहीं की गई थी या फिर किसी तकनीकी खामी के चलते यह हादसा हुआ। फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटा रही है।
जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि इस भीषण हादसे के पीछे जिम्मेदार कौन है।
सीएम नायडू हादसे पर जताया शोक
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए बताया कि उन्होंने मामले को लेकर वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत की है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि प्रभावितों को तत्काल हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार निगरानी कर रही है साथ ही नायडू ने कहा, “हम राहत के उपायों पर नजर रख रहे हैं और दुखी परिवारों के साथ खड़े हैं।”
You may also like
-
ईरान बनाम इसराइल: कौन ज्यादा ताक़तवर, किसका पलड़ा भारी?
-
अमेरिका–इजराइल ने किया ईरान के मीनाब शहर में स्कूल पर हमला, 40 छात्राओं की मौत, 60 घायल
-
बेईमानी का ‘खेल’ – 22000 कीमत की मशीनें 66000 में खरीदी
-
भाजपा के गले की फांस बना बंगाली मछली का काँटा!
-
शराब घोटाले में, बरी होने के बाद केजरीवाल ने कहा- मुझे रोकने का एक ही रास्ता, कत्ल करा दो!
