महाराष्ट्र FDA कमिश्नर तुकाराम मुंडे ने विमल इलायची विज्ञापन मामले में शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ पर कार्रवाई की बात कही है।
महाराष्ट्र में विमल इलायची के विज्ञापन को लेकर बॉलीवुड के तीन बड़े सितारे शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ मुश्किल में हैं। महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने तीनों अभिनेताओं को शो-कॉज नोटिस जारी किया था।
अब FDA कमिश्नर तुकाराम मुंडे ने साफ कहा है कि किसी कलाकार की लोकप्रियता उसे कानून के दायरे से बाहर नहीं कर सकती। उनके मुताबिक, इस मामले में सेलिब्रिटी होने के बजाय विज्ञापन करने वाले व्यक्ति की भूमिका देखी जा रही है।
तुकाराम मुंडे ने एक इंटरव्यू में बताया कि FDA ने मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। जिन लोगों को नोटिस भेजा गया था, उन्हें जवाब देने के लिए 15 दिन का समय दिया गया था। कमिश्नर के अनुसार, तीन में से दो लोगों की ओर से जवाब आया है, जबकि एक ने नोटिस का जवाब नहीं दिया। हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि जवाब किस-किस अभिनेता ने दिया है।
मुंडे के मुताबिक, जिन दो कलाकारों ने जवाब दिया है, उनका तर्क है कि विज्ञापन में दिखाए जाने वाले उत्पाद को लेकर जिम्मेदारी निर्माता की है। FDA अब उनके जवाब पर सुनवाई करेगा। वहीं, जिस व्यक्ति ने नोटिस का जवाब नहीं दिया है,
उसके खिलाफ एडजुडिकेशन और अभियोजन की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही गई है। शाहरुख खान की टीम के जवाब के बारे में पूछे जाने पर मुंडे ने कहा कि संभवतः उनकी ओर से जवाब नहीं आया है, लेकिन वह इसकी पुष्टि को लेकर निश्चित नहीं हैं।
महाराष्ट्र FDA की आपत्ति इस बात को लेकर है कि विमल इलायची के नाम से दिखाया जाने वाला विज्ञापन अप्रत्यक्ष या सरोगेट तरीके से विमल पान मसाला का प्रचार करता है। FDA ने इसी आधार पर तीनों अभिनेताओं को नोटिस भेजे थे।
कमिश्नर ने कहा कि खाद्य सुरक्षा कानून और विज्ञापन से जुड़े नियमों में विज्ञापन करने वाले व्यक्ति की जिम्मेदारी तय की गई है। उनके अनुसार, किसी उत्पाद का प्रचार करने से पहले उसके बारे में उचित सावधानी बरतना भी विज्ञापनकर्ता की जिम्मेदारी का हिस्सा है।
इस विवाद के बीच शाहरुख खान और अजय देवगन के पुराने बयान भी चर्चा में हैं। शाहरुख पहले कह चुके हैं कि अगर किसी उत्पाद को हानिकारक माना जाता है तो सरकार को उसके उत्पादन और बिक्री पर रोक लगानी चाहिए।
अजय देवगन ने 2022 में अपने बचाव में कहा था कि वह पान मसाला नहीं, बल्कि इलायची का विज्ञापन कर रहे थे।
विमल के इसी अभियान में अक्षय कुमार भी शाहरुख और अजय के साथ नजर आए थे। आलोचना के बाद उन्होंने माफी मांगते हुए ब्रांड से अलग होने का ऐलान किया था। बाद में उनकी जगह टाइगर श्रॉफ को अभियान में शामिल किया गया।
मामले में 14 सितंबर को दिल्ली हाईकोर्ट ने भी अहम फैसला दिया। अदालत ने विमल इलायची के मास्टर लाइसेंसी PB Agro LLP की याचिका खारिज कर दी, जिसमें अभिनेताओं को जारी नोटिस रद्द करने की मांग की गई थी।
अदालत ने कहा कि नोटिस महाराष्ट्र FDA ने जारी किए हैं, इसलिए दिल्ली हाईकोर्ट के पास इस मामले में क्षेत्रीय अधिकार क्षेत्र नहीं है।
You may also like
-
दिल्ली में 16 साल की किशोरी की हत्या, गैंगरेप का आरोप
-
TMC का नाम-चिह्न फ्रीज, ममता ने EC को दिए 3 विकल्प
-
रिटायर जस्टिस अवनीन्द्र सिंह देंगे PM राहत कोष में ₹1.01 करोड़
-
HAL आज वायुसेना को सौंपेगी LCA तेजस ट्रेनर और HTT-40, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह रहेंगे मौजूद
-
India’s First Bullet Train: सुरंग से गुजरेगी भारत की पहली बुलेट ट्रेन, भव्य स्टेशन बनकर तैयार
