#politicswala report
दिल्ली। भाजपा की रेखा गुप्ता ने दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। रामलीला मैदान में उप राज्यपाल वीके सक्सेना ने शपथ दिलाई। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत एनडीए शासित प्रदेशों के सीएम और डिप्टी सीएम भी मंच पर मौजूद रहे।
शपथ ग्रहण समारोह के लिए तीन अलग-अलग मंच तैयार किए गए। मुख्य मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराज्यपाल वीके सक्सेना, मनोनीत मुख्यमंत्री और मंत्रिपरिषद के सहयोगी सदस्य और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम भी उपस्थित रहे।
दूसरे मंच पर धर्मगुरुओं और विशिष्ट अतिथि मौजूद थे जबकि तीसरे मंच पर संगीत कार्यक्रम से जुड़े कलाकार मौजूद थे।
बुधवार शाम विधायक दल की बैठक में रेखा गुप्ता को सीएम चुना गया था। सीएम चुने जाने के बाद पहली बार मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, “पीएम मोदी ने जो दिल्ली की जनता के लिए विजन दिया है, उसे पूरा करना मेरी प्राथमिकता होगी। पीएम मोदी का तहेदिल से आभार जताना चाहती हूं कि यह सम्मान सिर्फ मेरा नहीं है, बल्कि यह देश की हर मां-बेटी का सम्मान है।”
रेखा गुप्ता ने अपने सम्बोधन में आगे कहा कि मैं शीशमहल में नहीं रहूंगी।’ दिल्ली के मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास को भाजपा ने शीशमहल नाम दिया था। अरविंद केजरीवाल ने इसे बनवाया था। भाजपा का आरोप है कि केजरीवाल ने इसे बनवाने में नियमों को ताक पर रखकर करोड़ों रुपए खर्च किए थे। भाजपा ने इसे चुनावी मुद्दा भी बनाया था।
रेखा गुप्ता दिल्ली की शालीमार बाग सीट से पहली बार विधायक चुनी गई हैं। उन्होंने ‘आप’ की बंदना कुमारी को 29,595 मतों के अंतर से हराया था।
8 फरवरी को दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे आए थे। भाजपा को 26 साल बाद ऐतिहासिक जीत मिली थी। उसने 70 में से 48 सीटें जीतीं, जबकि आम आदमी पार्टी 22 पर सिमट गई।
शालीमार बाग सीट से पहली बार की विधायक रेखा गुप्ता ने गुरुवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में शपथ ली। वे राज्य की 9वीं मुख्यमंत्री और दिल्ली की चौथी महिला सीएम बन गई हैं। रेखा से पहले सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी मुख्यमंत्री रहीं। इस समारोह में पीएम मोदी, अमित शाह के अलावा बीजेपी शासित 21 राज्यों के सीएम, डिप्टी सीएम भी मौजूद रहे। आप नेता अरविंद केजरीवाल और आतिशी शपथ में नहीं पहुंचे।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के अलावा 6 मंत्रियों ने भी शपथ ली। इनमें अरविंद केजरीवाल को हराने वाले प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह शामिल है।
You may also like
-
AIIMS की बड़ी कामयाबी, मां के गर्भ में ही 25 हफ्ते के बच्चे की रीढ़ की सफल सर्जरी
-
Tejas MK-1A को लेकर बड़ी खुशखबरी, जल्द भारतीय वायु सेना को मिलेगा पहला स्क्वॉड्रन
-
Ramoji Excellence Awards 2026: अमित शाह विजयवाड़ा में 9 रियल हीरोज को करेंगे सम्मानित
-
सिंधु जल समझौते पर भारत को धमकी देने वाला पाकिस्तानी मंत्री आएगा दिल्ली, जानें पूरा मामला
-
भारत ने UN में मृत्युदंड पर रोक के प्रस्ताव के खिलाफ किया मतदान, 133 देशों ने किया समर्थन
