गाजियाबाद में मोबाइल गेम की लत ने छीनी तीन जिंदगियां, सुसाइड नोट में लिखा सॉरी मम्मी-पापा, गेम नहीं छोड़ पाएंगे!
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से मंगलवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना घटी। भारत सिटी सोसाइटी के बी-1 टॉवर में रहने वाली तीन सगी बहनों निशिका (16), प्राची (14) और पाखी (12) ने नौवीं मंजिल की बालकनी से कूदकर आत्महत्या कर ली।
तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। शुरुआती जांच में मोबाइल गेम की गंभीर लत को इस त्रासदी का कारण बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार घटना रात करीब 2 बजे की है। तीनों बहनें जिस कमरे में सोती थीं, उन्होंने पहले उसे अंदर से बंद किया, फिर स्टूल की मदद से एक-एक कर बालकनी से छलांग लगा दी। जमीन से बालकनी की ऊंचाई करीब 80 फीट थी।
कुछ ही देर में तीनों गंभीर रूप से घायल हालत में नीचे मिलीं और अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटनास्थल से पुलिस को एक डायरी मिली है, जिसके 18 पन्नों में सुसाइड नोट लिखा हुआ पाया गया। नोट में लिखा है मम्मी-पापा सॉरी… हम गेम नहीं छोड़ पाए। अब आपको एहसास होगा कि हम गेम से कितना प्यार करते थे।
परिवार और पुलिस का कहना है कि तीनों बहनें टास्क बेस्ड कोरियन लव गेम की लत में बुरी तरह फंसी थीं।
पिता चेतन, जो ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग का काम करते हैं, का कहना है कि बेटियां पिछले तीन साल से गेम खेल रही थीं और करीब दो साल से स्कूल भी नहीं जा रही थीं। वे दिन-रात मोबाइल पर गेम खेलती रहती थीं, बाहरी दुनिया से उनका संपर्क लगभग टूट चुका था।
पिता के मुताबिक बेटियां अक्सर कोरिया जाने की बात करती थीं और खुद को गेम के किरदारों से जोड़कर देखने लगी थीं।
परिवार वालों ने बताया कि तीनों बहनें हर समय साथ रहती थीं एक साथ नहाना, टॉयलेट जाना, यहां तक कि एक कमरे से दूसरे कमरे में भी साथ-साथ जाना उनकी दिनचर्या बन गई थी।
पिता ने यह भी बताया कि बीच वाली बेटी प्राची गेम में डेथ कमांडर की भूमिका निभाती थी और बाकी दोनों बहनें उसके दिए टास्क को मानती थीं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हाल ही में पिता ने बेटियों को गेम खेलने से रोका था और फटकार भी लगाई थी। माना जा रहा है कि इसी बात से आहत होकर उन्होंने यह कदम उठाया। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
एडिशनल पुलिस कमिश्नर आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि अभी तक की जांच में आत्महत्या की पुष्टि हुई है और किसी तीसरे पक्ष की भूमिका सामने नहीं आई है।
वहीं एसपी अतुल कुमार सिंह ने कहा कि डायरी और मोबाइल फोन की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है ताकि यह समझा जा सके कि गेम का प्रभाव किस स्तर तक था।
You may also like
-
महिला किसान दिवस पर सांची में शिवराज सिंह चौहान का संवाद, 46 ग्रामीण सड़कों का भी किया भूमिपूजन
-
पंजाब में नशे के खिलाफ बड़ा एक्शन, ₹20.64 करोड़ की दवाएं जब्त; 520 केमिस्टों के लाइसेंस सस्पेंड
-
ओवैसी का मस्क पर निशाना, बोले- मोदी का विरोधी हूं, लेकिन कोई गोरा भारत को आदेश नहीं देगा
-
राहुल गांधी पर गर्भवती महिला पत्रकार को धक्का देने का आरोप, 26 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई
-
एनएमडीसी सतर्कता कार्यक्रम में एनएसएल पोर्टल, क्वार्टर प्रबंधन प्रणाली का शुभारंभ
