नारी शक्ति को समर्पित हॉकी वॉकथॉन मंत्री विश्वास सारंग और हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर होंगे शामिल

Share Politics Wala News

भोपाल 

सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री  विश्वास कैलाश सारंग के नेतृत्व में एशियन वूमेंस हॉकी चैंपियन्स ट्रॉफी भोपाल-2026 के शुभारंभ के पूर्व हॉकी वॉकथॉन का आयोजन किया जा रहा है। यह वॉकथॉन 15 नवंबर 2026 रविवार को सुबह 7:30 बजे होटल लेकव्यू रंजीत से वन विहार तक निकाली जाएगी। वॉकथॉन में भारतीय हॉकी के स्टार खिलाड़ी व प्रदेश के गौरव  विवेक सागर विशिष्ट अतिथि के रुप में शामिल होंगे। इसके साथ ही भोपाल शहर के खिलाड़ी, फिटनेस प्रेमी, व्यवसायी, सामाजिक संस्था के प्रतिनिधि, युवा संगठन, प्रबुद्धजन सहित बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल होंगे। मंत्री  सारंग ने बताया कि यह वॉकथॉन नारी शक्ति को समर्पित है, जिसका उद्देश्य महिला हॉकी के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, महिला खिलाड़ियों के अदम्य साहस, प्रतिभा और उपलब्धियों का सम्मान करना है।

मंत्री  सारंग ने कहा कि एक समय भोपाल को हॉकी की नर्सरी के रूप में देश-दुनिया में विशिष्ट पहचान प्राप्त थी। मध्यप्रदेश की धरती ने हॉकी के खेल में अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिए हैं। जिन्होंने वैश्विक मंच पर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। इसी गौरवशाली पहचान को पुनः स्थापित करने और मध्यप्रदेश को अंतरराष्ट्रीय हॉकी के मानचित्र पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में एशियन वूमेंस हॉकी चैंपियन्स ट्रॉफी भोपाल-2026 एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी। मंत्री  सारंग ने शहरवासियों से आह्वान किया है कि बड़ी संख्या में नारी शक्ति के सम्मान, महिला हॉकी के प्रोत्साहन और भोपाल की गौरवशाली हॉकी विरासत को पुनर्जीवित करने के इस वॉकथॉन का हिस्सा बनें।

गौरतलब है कि प्रदेश की राजधानी भोपाल पहली बार इस प्रतिष्ठित अंतर्राष्ट्रीय महिला हॉकी प्रतियोगिता की मेजबानी करने जा रही है। एशियन हॉकी फेडरेशन एवं हॉकी इंडिया के सहयोग से मध्यप्रदेश शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा 19 से 28 नवंबर 2026 तक अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, बरखेड़ा नाथू, भोपाल में प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। लगभग 5 हजार दर्शकों की क्षमता वाले अत्याधुनिक हॉकी स्टेडियम में दर्शकों के लिए एंट्री फ्री रहेगी। वर्ल्ड रैंकिंग की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के आयोजन की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया की गरिमामयी उपस्थिति में प्रतियोगिता का शुभारंभ एवं अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के प्रथम चरण का लोकार्पण किया जाएगा। प्रतियोगिता में एशिया की 6 शीर्ष महिला हॉकी टीमें भारत, जापान, चीन, मलेशिया, कोरिया और थाईलैंड की लगभग 150 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगी। 166 देशों में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क एवं हॉटस्टार पर प्रतियोगिता का लाइव प्रसारण होगा। FIH द्वारा अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, बरखेड़ा नाथू, भोपाल को कैटेगरी-1 का सर्टिफिकेट मिला है। इस कैटेगरी-1 वाले स्टेडियम देश में केवल 2 शहरों में है पहला हैदराबाद और दूसरा भोपाल।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *