NH-30 पर शराबियों का कहर, स्लीपर बस पर पथराव: किसी का फूटा सिर किसी की बची आंख!
मध्य प्रदेश के मैहर जिले में बुधवार देर रात कानून व्यवस्था को चुनौती देती एक गंभीर घटना घाटी, जब NH-30 पर शराबियों के उत्पात ने एक स्लीपर यात्री बस में सवार 45 यात्रियों की जान खतरे में डाल दी।
मऊगंज से नागपुर जा रही विजयंत ट्रेवल्स की बस को बीच हाईवे पर रोककर उस पर पथराव किया गया। इसके बाद आरोपियों ने बस के अंदर घुसकर चालक, परिचालक और हेल्पर के साथ बेरहमी से मारपीट की। अचानक हुई इस हिंसा से बस में सवार यात्री दहशत में आ गए और घंटों तक सीटों पर दुबके रहे।
टोल प्लाजा विवाद से शुरू हुई हिंसा
सूत्रों के मुताबिक, घटना की शुरुआत ओढ़की टोल प्लाजा पर हुई थी। बिना नंबर की पल्सर बाइक पर सवार दो युवक जबरन लेन नंबर-7 में घुसने की कोशिश कर रहे थे।
टोल कर्मियों ने जब उन्हें बाइक लेन में जाने को कहा, तो शराब के नशे में धुत युवकों ने गाली-गलौच शुरू कर दी।
इसी दौरान विजयंत ट्रेवल्स की बस उसी लेन में पहुंच गई। टोल कर्मियों ने युवकों को वहां से हटाया, जिससे नाराज होकर वे बाइक से बस का पीछा करने लगे और अपने साथियों को फोन कर बुला लिया।
बस रोककर पथराव, चालक गंभीर घायल
कुछ दूरी पर हाईवे किनारे ग्राम पड़हा पेट्रोल पंप के पास करीब पांच युवकों ने बस को रुकवा लिया। इसके बाद सड़क पर पड़े बड़े पत्थरों से बस पर ताबड़तोड़ पथराव किया गया।
हमले में बस का अगला कांच पूरी तरह चकनाचूर हो गया और कांच के टुकड़े यात्रियों की सीटों तक जा पहुंचे। इस दौरान परिचालक सुरसुरी प्रशाद मिश्रा की आंख में गंभीर चोट आई। हमलावर बस के अंदर घुस आए और उन्होंने परिचालक व हेल्पर की जमकर पिटाई की।
बस चालक के सिर पर पत्थर से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। यात्रियों ने बताया कि कुछ पल के लिए ऐसा लगा मानो जान बचना मुश्किल हो जाएगा।
पुलिस ने की कार्रवाई, आरोपियों की पहचान जारी
घटना के तुरंत बाद बस चालक ने 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। अमरपाटन थाना प्रभारी विजय सिंह परस्ते पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। घायलों को सिविल अस्पताल अमरपाटन में भर्ती कराया गया, जहां चालक और परिचालक का इलाज जारी है।
पुलिस ने चालक की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मोबाइल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और कुछ आरोपियों को हिरासत में लिए जाने की पुष्टि भी की गई है।
यह भी पढ़ें- एमपी में 14 IPS अफसरों के तबादले, भोपाल को मिला नया पुलिस कमिश्नर
You may also like
-
भोपाल में दुर्गा विसर्जन और दशहरे के लिए गाइडलाइन जारी, घाटों पर 24 घंटे तैनात रहेंगे गोताखोर
-
भोपाल के गोविंदपुरा में बड़ा एक्शन, नियमों के उल्लंघन पर 21 शोरूम-गोदामों के आवंटन रद्द
-
दिल्ली हाईकोर्ट ने 31 हफ्ते की गर्भावस्था खत्म करने की दी अनुमति
-
शिवराज सिंह चौहान का राहुल गांधी पर पलटवार, बोले- 99 बार फेल होने वाले बता रहे BJP की एक्सपायरी डेट ‘99 बार क्वालिटी टेस्ट में फेल’, राहुल गांधी के बयान पर शिवराज चौहान का तंज BJP की एक्सपायरी डेट वाले बयान पर सियासी घमासान, शिवराज ने राहुल गांधी को दिया जवाब
-
दिल्ली में ई-रिक्शा चालकों के लिए नए नियम प्रस्तावित, बुजुर्गों की मदद और फर्स्ट एड बॉक्स रखना होगा जरूरी
