Rohit Godara-Goldy Brar

Rohit Godara-Goldy Brar

‘बदला लेंगे, माफी नहीं मिलेगी’: गोल्डी बराड़ के बाद रोहित गोदारा, गैंगस्टर के निशाना पर क्यों है पाटनी परिवार?

Share Politics Wala News

 

Rohit Godara-Goldy Brar: दिशा पाटनी के घर के बाहर हुई फायरिंग का मामला अब बड़े गैंगवार से जुड़ चुका है।

इस वारदात को अंजाम देने वाले चार शूटरों में से दो बदमाश गाजियाबाद एनकाउंटर में मारे गए है, जबकि दो अब भी पुलिस की गिरफ्त से फरार हैं।

दरअसल, इस मामले में शूटरों की ए टीम फ्लॉप होने पर बी टीम ने मोर्चा संभाल लिया है।

पहले इस फायरिंग की जिम्मेदारी गोल्डी बराड़ गैंग ने ली थी।

लेकिन अब गैंग लीडर रोहित गोदारा भी सामने आ गया है और बकायदा फेसबुक पोस्ट कर बदला लेने की धमकी दी है।

बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग

दरअसल, बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी के उत्तरप्रदेश के बरेली जिले में स्थित घर के बाहर पिछले हफ्ते हुई फायरिंग की घटना ने पूरे प्रदेश में सनसनी फैला दी थी।

अब इस केस ने गैंगवार, इंटरनेशनल नेटवर्क और संगठित अपराध के खतरनाक रिश्तों की परतें खोल दी हैं।

बरेली पुलिस की जांच में सामने आया कि लगातार दो दिन अलग-अलग शूटरों ने फायरिंग की घटना को अंजाम दिया था।

11 सितंबर गुरुवार सुबह करीब साढ़ें 4 बजे दो बदमाश शहर में दाखिल हुए।

इनके नाम नकुल और विजय तोमर हैं और दोनों ही बागपत निवासी बताए जा रहे हैं।

दोनों शूटरों का काम था कि दिशा के परिवार को डराने के लिए घर के बाहर फायरिंग करें।

लेकिन गलती से ये पाटनी परिवार के घर से कुछ आगे निकल गए और वहां हवाई फायर कर दिया।

इस घटना की भनक बहुत कम लोगों को लगी, लेकिन पुलिस ने बाद में जांच में इसे जोड़कर देखा।

11 सितंबर- नाकाम कोशिश, 12 सितंबर फिर हमला

पहले दिन का काम अधूरा रहने के बाद अगले दिन असली वारदात को अंजाम दिया गया।

12 सितंबर शुक्रवार को आधी रात करीब साढ़े 3 बजे फिर से हमला होता है।

इस बार रोहतक निवासी रविंद्र और सोनीपत निवासी अरुण नाम के दो शूटरों को भेजा था।

जिन्होंने ताबड़तोड़ 9 राउंड गोलियां चलाईं। गोलियों की आवाज से आसपास दहशत फैल गई।

एक्ट्रेस के पिता रिटायर्ड DSP जगदीश सिंह पाटनी इस दौरान बालकनी में खड़े थे, जिन्होंने फर्श पर लेटकर अपनी जान बचाई।

उन्होंने बताया कि उनकी एक बेटी दिशा पाटनी बॉलीवुड में अभिनेत्री है।

वहीं दूसरी बेटी खुशबू पाटनी मेजर पद से रिटायर्ड है और उनके साथ ही रहती हैं।

दोनों बेटियां सोशल मीडिया पर पब्लिक फिगर हैं और उनके लाखों फैन हैं और दोनों को ही सोशल मीडिया पर भी धमकी दी गई थी।

इस फायरिंग की घटना के बाद यूपी के सीएम योगी आदित्याथ ने खुद जगदीश पाटनी से बात की थी।

साथ ही आश्वासन दिया था कि अपराधी चाहे पाताल में हों, यूपी पुलिस उन्हें खोजकर कार्रवाई करेगी और हुआ भी बिल्कुल ऐसा ही।

गाजियाबाद एनकाउंटर में दो शूटर ढेर

घटना के बाद पुलिस और STF हरकत में आई। 13 से 17 सितंबर तक जांच चली।

बरेली पुलिस ने करीब 1320 CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले।

इसमें पता चला कि रविंद्र 9 सितंबर को बरेली पहुंच चुका था और प्रीत पैलेस होटल, शिकलापुर (रोडवेज बस स्टैंड के पास) में रुका था।

वहीं अरुण ने हिंद गेस्ट हाउस, रेलवे स्टेशन शिकलापुर में ठहराव किया था।

ये दोनों होटल दिशा पाटनी के घर से करीब 2 किलोमीटर की दूरी पर स्थित हैं।

इसके अलावा बाकी दो शूटर नकुल और विजय फायरिंग के बाद बरेली से लगभग 50 किमी दूर रामपुर इलाके में देखे गए थे।

17 सितंबर बुधवार शाम को लगातार पीछा करते-करते पुलिस और STF को शूटरों की लोकेशन मिल गई।

गाजियाबाद के ट्रॉनिका सिटी इलाके में जब पुलिस टीम रविंद्र और अरुण को पकड़ने पहुंची तो मुठभेड़ हो गई।

दोनों ओर से कई राउंड गोलियां चलीं। मुठभेड़ में 4 पुलिसकर्मी भी घायल हुए।

2 शूटर फरार, 1-1 लाख का ईनाम घोषित

पुलिस की गोली से घायल अरुण और रविंद्र को जब तक अस्पताल ले जाया गया, डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।

वहीं मौके से पुलिस ने ग्लॉक पिस्टल, जिगाना पिस्टल, कारतूस और सफेद अपाचे बाइक बरामद की है।

STF ने इसे एक बड़ी सफलता माना क्योंकि ये दोनों शूटर सीधे गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े थे।

एनकाउंटर में दो बदमाश मारे जाने के बाद अब पुलिस की नजर बाकी दो शूटरों नकुल और विजय तोमर पर है।

ये दोनों अभी फरार हैं और यूपी STF तथा बरेली पुलिस ने इन पर 1-1 लाख का इनाम घोषित किया है।

पुलिस सूत्रों का कहना है कि इनकी लोकेशन ट्रेस कर ली गई है और जल्द या तो गिरफ्तारी होगी या एनकाउंटर।

गोल्डी बराड़ के बाद रोहित गोदारा गैंग की एंट्री

इस मामले में पहले गोल्डी बराड़ गैंग का नाम सामने आया था लेकिन अब रोहित गोदारा गैंग का नाम सामने आने से कहानी उलझ गई।

गुरुवार को सोशल मीडिया फेसबुक पर पोस्ट कर रोहित गोदारा ने शूटरों को शहीद बताया।

साथ ही धमकी दी कि माफी नहीं मिलेगी, बदला लिया जाएगा। यह एनकाउंटर नहीं, सनातन की हार हुई है।

अब जिस रोहित गोदारा की बात हो रही है, वो बीकानेर में लूणकरणसर इलाके के कपूरीसर का रहने वाला है।

साल 2010 में जब उम्र महज 19 साल थी तब से वो अपराध की दुनिया में आ गया था।

राजस्थान में उसके खिलाफ 32 केस दर्ज है, इनमें हत्या, वसूली जैसे मामले भी शामिल है।

NIA ने रोहित पर 5 लाख और राजस्थान पुलिस ने 1 लाख रुपए का इनाम भी घोषित कर रखा है।

खबरों के मुताबिक, रोहित गोदारा फिलहाल दुबई में छिपा है और वहीं से अपनी गैंग चला रहा है।

पाटनी परिवार को क्यों निशाना बना रहे गैंगस्टर?

अब सवाल ये कि आखिर ये हमला हुआ क्यों। रोहित गोदारा गैंग पाटनी परिवार से नाराज क्यों है?

तो गैंग इसके पीछे वजह मानता है रिटायर्ड DSP जगदीश सिंह पाटनी की दोनों बेटियां को।

पहली बेटी दिशा पाटनी बॉलीवुड एक्ट्रेस होने के साथ मॉडल भी हैं और अपने फैमिले के साथ नहीं बल्कि मुंबई में रहती हैं।

दूसरी बेटी रिटायर्ड मेजर खुशबू पाटनी कुछ महीनों पहले एक कॉन्ट्रोवर्सी में रह चुकी हैं।

कथावाचक अनिरुद्धाचार्य ने लिव-इन-रिलेशनशिप पर विवादित बयान दिया था और जिस पर उन्होंने बाद में वीडियो जारी कर माफी भी मांग ली थी।

लेकिन दिशा की बहन और पूर्व आर्मी ऑफिसर खुशबू पाटनी ने एक वीडियो जारी कहा था कि ऐसे लोगों का तो मैं मुंह तोड़ दूंगी।

इसी के बाद ये विवाद शुरू हुआ, लोगों ने खुशबू के रिएक्शन को सनातन विरोधी बताया और उंगली दिशा पर भी उठी।

फिर दोनों बहनों को सोशल मीडिया पर ट्रोल करने के साथ धमकियां भी मिलने लगी और इसके बाद उनके घर पर फायरिंग की घटना हुई।

फिलहाल, STF और बरेली पुलिस फरार बदमाशों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *