Tejashwi Yadav

Tejashwi Yadav

तेजस्वी यादव का बड़ा ऐलान: 2 लाख जीविका दीदी होंगी परमानेंट, सरकार बनते ही सैलरी 10 हजार से 30 हजार करने का वादा

Share Politics Wala News

 

Tejashwi Yadav: बिहार विधानसभा चुनाव के बीच राजनीतिक तापमान लगातार बढ़ रहा है।

बुधवार को पटना में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर एक के बाद एक बड़े ऐलान कर दिए।

उन्होंने कहा कि महागठबंधन की सरकार बनते ही राज्य की 2 लाख जीविका दीदियों को स्थायी किया जाएगा।

साथ ही उनकी सैलरी 10 हजार से बढ़ाकर 30 हजार रुपये प्रति माह कर दी जाएगी।

इसके अलावा तेजस्वी यादव ने सभी संविदा कर्मचारियों को भी स्थाई करने की घोषणा की।

तेजस्वी ने कहा— हमारी सरकार बनते ही यह अन्याय खत्म होगा।

जो महिलाएं गांव-गांव जाकर सरकार की योजनाओं को ज़मीन पर उतारती हैं, उन्हें अब सम्मान मिलेगा।

ये जीविका दीदियां बिहार की रीढ़ हैं, लेकिन वर्तमान सरकार ने इनके साथ अन्याय किया है।

तेजस्वी के 5 बड़े ऐलान

  1. जीविका दीदियों की सैलरी ₹10,000 से बढ़ाकर ₹30,000 करेंगे।
  2. दो साल तक ब्याज माफ किया जाएगा और सभी जीविका दीदियों का ₹5 लाख तक का बीमा कराया जाएगा।
  3. संविदा कर्मचारियों को स्थाई किया जाएगा, ताकि अब किसी का मनमाने ढंग से टर्मिनेशन न हो।
  4. नई MAA योजना (M-मकान, A-अन्न, A-आमदनी) लॉन्च की जाएगी।
  5. BETI योजना (B-बेनिफिट, E-एजुकेशन, T-ट्रेनिंग, I-इनकम) शुरू की जाएगी।

क्या करती हैं जीविका दीदियां?

जीविका दीदियां ग्रामीण स्तर पर गरीब परिवारों को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करती हैं।

आपदा के समय लोगों तक सरकारी मदद पहुंचाती हैं और वृक्षारोपण, टीकाकरण जैसे सरकारी अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

तेजस्वी यादव ने कहा कि बिना जीविका दीदियों के कोई सरकारी काम संपन्न नहीं होता।

वे गांवों की असली नायक हैं, लेकिन उन्हें उचित वेतन और सुरक्षा नहीं मिलती।

हमारी सरकार आने पर जीविका दीदियों के सभी कैडर को स्थायी दर्जा दिया जाएगा।

उन्हें 2 साल तक ब्याज मुक्त ऋण मिलेगा और हर महीने 2 हजार रुपये अतिरिक्त भत्ता दिया जाएगा।

संविदा कर्मचारियों को स्थाई करने का वादा

तेजस्वी यादव ने दूसरी बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि राज्य के सभी संविदा कर्मियों को स्थाई किया जाएगा।

उन्होंने कहा— यह सरकार संविदा कर्मियों का शोषण कर रही है। बिना कारण सेवा समाप्त कर दी जाती है।

महिला कर्मियों को छुट्टी नहीं दी जाती, वेतन से हर महीने 18% GST काटा जाता है। हमारी सरकार आने पर यह शोषण खत्म होगा।

सभी संविदा कर्मियों को एक झटके में स्थाई किया जाएगा और उन्हें पूर्ण कर्मचारी का दर्जा मिलेगा।

तेजस्वी का यह बयान राज्य के लाखों संविदा कर्मचारियों को सीधे प्रभावित करता है, जो वर्षों से स्थायीकरण की मांग कर रहे हैं।

MAA और BETI योजनाओं का ब्लूप्रिंट

तेजस्वी यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दो नई योजनाओं का भी ऐलान किया है।

MAA योजना (मकान, अन्न, आमदनी) जिसके तहत गरीब परिवारों को आवास, खाद्य सुरक्षा और आमदनी के स्थायी स्रोत उपलब्ध कराए जाएंगे।

वहीं BETI योजना (बेनिफिट, एजुकेशन, ट्रेनिंग, इनकम) के तहत बेटियों को शिक्षा, स्किल ट्रेनिंग और स्वरोजगार से जोड़ने की बात कही।

तेजस्वी ने कहा— हम चाहते हैं कि बिहार की हर बेटी आत्मनिर्भर बने। सरकार बनने के बाद हर ब्लॉक में महिला प्रशिक्षण केंद्र और क्रेडिट सहायता केंद्र बनाए जाएंगे।

हर घर नौकरी का वादा दोहराया

तेजस्वी ने अपने पुराने वादे को दोहराते हुए कहा कि बिहार में अब नौकरी का नवजागरण होगा।

उन्होंने कहा— बिहार के जिस परिवार में कोई सरकारी नौकरी नहीं है, वहां एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी दी जाएगी।

सरकार बनने के 20 दिन के भीतर हम अधिनियम बनाएंगे और 20 महीनों के अंदर ऐसा कोई घर नहीं रहेगा, जिसमें सरकारी नौकरी न हो।

तेजस्वी ने कहा कि 2020 के चुनाव में उन्होंने 10 लाख नौकरियां देने की बात कही थी, और अब वे हर घर नौकरी’ का वादा लेकर मैदान में हैं।

उन्होंने कहा— NDA सरकार ने 20 सालों में बेरोजगारी और असुरक्षा दी, अब हम आर्थिक न्याय और रोजगार देंगे।

ये मेरा वादा नहीं, प्रण है – तेजस्वी

तेजस्वी यादव ने कहा कि उनका ऐलान सिर्फ चुनावी वादा नहीं, बल्कि प्रण’ है।

उन्होंने कहा— हम जो कहते हैं, वो करते हैं। हमने वैज्ञानिक तरीके से अध्ययन कराया है, आंकड़े जुटाए हैं।

जो संभव है, वही हम कह रहे हैं। 17 महीने की हमारी सरकार में हमने रिकॉर्ड नौकरियां दी थीं।

अब समय है कि बिहार को नए विकासपथ पर आगे बढ़ाया जाए।

तेजस्वी ने आगे कहा— NDA सरकार को पता ही नहीं कि बेरोजगारी सबसे बड़ा मुद्दा है।

अब सामाजिक न्याय के बाद आर्थिक न्याय का दौर आएगा।

उन्होंने कहा— हमारे लिए सत्ता नहीं, सेवा ज़रूरी है। जब हर घर में नौकरी होगी, तभी बिहार खुशहाल होगा।

15 साल तक लूटा, अब सपने दिखा रहे- NDA 

तेजस्वी के ऐलानों पर बीजेपी-जदयू ने निशाना साधा है।

बीजेपी नेता सुधांशु त्रिवेदी ने तेजस्वी को नसीहत दी है कि वे बिहार का मजाक उड़ा बंद करें।

उन्होंने कहा— अब वे नौकरी के बदले घर और संपत्ति लेंगे, जैसे पहले वे नौकरी के बदले जमीन लेते थे।

डिप्टी CM सम्राट चौधरी ने कहा— तेजस्वी ने पहले कहा था 2.70 करोड़ लोगों को नौकरी देंगे।

उनके माता-पिता ने 15 साल बिहार को लूटा, एक लाख लोगों को भी नौकरी नहीं दी।

ये लोग सिर्फ गप मारने और बिहार को बर्बाद करने के लिए जाने जाते हैं।”

वहीं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भी प्रतिक्रिया दी— मेरी समझ से परे है कि ये लोग किस दुनिया में जी रहे हैं।

जब दूसरे चरण का नामांकन पूरा हो गया है, तब ये सिर्फ अपने बिखरे गठबंधन को जोड़ने के लिए ऐसे वादे कर रहे हैं।

बहरहाल, तेजस्वी यादव के इन ऐलानों से स्पष्ट है कि बिहार चुनाव 2025 में इस बार रोजगार और सामाजिक न्याय ही मुख्य मुद्दा बनने जा रहा है।

महागठबंधन की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले तेजस्वी का यह कदम विपक्षी खेमे को एकजुट करने और सरकारी कर्मचारियों, महिलाओं व युवाओं को साधने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *