Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर प्रचार-प्रसार अभियान तेज हो चुका है।
सभी सियासी दलों के दिग्गज मैदान-ए-जंग में कूद पड़े हैं। बुधवार को बिहार में दंगल देखने को मिला।
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दरभंगा में चुनावी सभा को संबोधित किया।
केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने दरभंगा के अलीनगर उसके बाद बेगूसराय में सभा की।
यूपी के सीएम योगी ने बिहार के सीवान में बाहुबली शहाबुद्दीन के गढ़ में रैली की।
सीएम नीतीश कुमार ने नालंदा में जेडीयू प्रत्याशी के पक्ष में चुनावी जनसभा की।
हरियाणा के सीएम नायब सैनी ने तरारी विधानसभा क्षेत्र में चुनावी जनसभा को संबोधित किया।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मुजफ्फरपुर के सकरा में तेजस्वी यादव के साथ जनसभा की।
वहीं, राजद नेता तेजस्वी यादव के लिए उनकी बहन मीसा भारती ने वैशाली के राघोपुर विधानसभा क्षेत्र में प्रचार किया।
राजनाथ सिंह की चुनावी जनसभा
पटना के बाढ़ में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने चुनावी सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा, हमें जंगलराज नहीं चाहिए, विकास चाहिए।
RJD और कांग्रेस के राज में विकास पर ब्रेक लग गया था। इस ब्रेक को अगर कोई तोड़ सकता है, तो वह केवल NDA सरकार ही है।
बाढ़ के बाद राजनाथ सिंह छपरा जाने वाले थे, लेकिन मोन्था तूफान के चलते उनका कार्यक्रम रद्द हो गया है।
इससे पहले राजनाथ ने दरभंगा के हायाघाट विधानसभा में सभा को संबोधित कर कहा RJD ने बिहार को सारी दुनिया में बदनाम किया है।
नीतीश और मोदी के नीयत पर कोई सवाल खड़ा नहीं कर सकता है। देश का मस्तक पूरी दुनिया में पीएम मोदी ने ऊंचा किया है।
पिछली कांग्रेस सरकार ने जो भी पैसा दिया, वो आधा भ्रष्टाचारियों के भेंट चढ़ गया। सोच और नीयत में अंतर होता है।
अमित शाह की चुनावी जनसभा
केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने दरभंगा के अलीनगर और उसके बाद बेगूसराय में सभा की।
दरभंगा के अलीनगर में अमित शाह बीजेपी कैंडिडेट्स मैथिली ठाकुर के समर्थन में जनसभा की।
इस दौरान उन्होंने राजद और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा और कहा, ये लोग सिर्फ अपने परिवार के पीछे लगे हैं।
इनकी पार्टी में किसी और का नंबर लग सकता है क्या। मैथिली को टिकट परिवारवाद के खिलाफ बड़ा कदम है।
सोनिया जी राहुल को प्रधानमंत्री बनाना चाहते हैं। लालू जी अपने बेटे को मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं।
मैं दोनों को बताना चाहता हूं। दिल्ली में नरेंद्र मोदी और बिहार में नीतीश कुमार के रहते अभी कोई वैकेंसी खाली नहीं है।
दरभंगा में जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा हमने अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर बनाने का काम किया।
हमने मिथिला के सम्मान के लिए ढेर सारी चीजें की हैं। मैथिली भाषा को आठवीं अनुसूची में रखा। मधुबनी पेंटिंग को जीआई टैग दिया।
उन्होंने मिथिला की संस्कृति (विद्यापति, शारदा सिन्हा) का सम्मान करने की बात कही और मखाना बोर्ड की स्थापना का श्रेय मोदी सरकार को दिया।
सबसे बड़ी घोषणा करते हुए उन्होंने कहा कि ₹850 करोड़ से सीता मैया का भव्य मंदिर बनाया जाएगा और ₹500 करोड़ से दरभंगा में एक बड़ा ‘सांस्कृतिक म्यूजियम’ बनाया जाएगा।
अमित शाह ने कहा- कांग्रेस और लालू कंपनी (बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव) का बस चलता तो जम्मू कश्मीर से कभी भी धारा 370 नहीं हटती।
उन्होंने मोदी सरकार को कश्मीर से धारा 370 हटाने और PFI पर बैन लगाकर देश को सुरक्षित करने का श्रेय दिया।
इसके बाद अमित शाह ने समस्तीपुर के रोसरा के कर्पूरी मैदान में चुनावी सभा को संबोधित कर कहा- ये चुनाव बिहार को जंगल राज से मुक्ति दिलाने का है।
14 नवंबर को दिन के 1 बजे लालू और राहुल गांधी का बिहार से सुपड़ा साफ हो जाएगा। बिहार में एक बार फिर से प्रचंड बहुमत के साथ एनडीए की सरकार बनेगी।
मुजफ्फरपुर और दरभंगा में राहुल की सभा
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बिहार में बुधवार को 2 सभाएं कीं। पहली सभा मुजफ्फरपुर में दूसरी दरभंगा में हुई।
दरभंगा में उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर प्रधानमंत्री को घेरते हुए कहा, मैं मोदी जी को चैलेंज करता हूं बिहार आकर कहें कि ट्रंप झूठ बोल रहा है।
मोदी जी ट्रंप से डरते हैं। 50 बार अमेरिकी राष्ट्रपति ने बोला है। मैंने नरेंद्र मोदी को डराकर ऑपरेशन सिंदूर बंद कराया है।
ट्रंप अलग-अलग देशों में जाकर उनका अपमान कर रहा है। कहता है मैंने मोदी को झुका दिया। उनके मुंह से एक आवाज नहीं निकली।
ट्रंप हमारी सेना के बारे में बोल रहा है। हमारी वायुसेना के बारे में बोल रहा है। मोदी जी चुप हैं।
ऐसा आदमी बिहार में कभी विकास नहीं ला सकता। मोदी जी वोट के लिए कोई भी नाटक कर सकते हैं। अगर आप मोदी जी को नाचने के लिए कहेंगे, तो वह नाचेंगे भी।
इससे पहले राहुल गांधी ने मुजफ्फरपुर में सभा में भी PM मोदी और नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साधा।
राहुल गांधी ने कहा, नीतीश जी के चेहरे का प्रयोग हो रहा है। नीतीश जी रिमोट कंट्रोल से चलते हैं। बीजेपी उन्हें कंट्रोल कर रही है।
यूपी और हरियाणा के सीएम की जनसभा
यूपी के सीएम योगी ने बिहार के सीवान में बाहुबली शहाबुद्दीन के गढ़ में रैली की। यहां बुलडोजर से उनका स्वागत किया गया तो वह खुश हो गए।
अपने संबोधन में सीएम योगी ने आरजेडी और कांग्रेस पर हमला बोला- नाम भी देखिए ओसामा शहाब। शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा, जैसा नाम वैसा काम।
रघुनाथपुर विधानसभा से RJD ने जिस प्रत्याशी को उतारा है, वह देश-दुनिया में अनी आपराधिक प्रवृत्ति के लिए जाना जाता है।
कांग्रेस, आरजेडी और समाजवादी पार्टी जैसे दल अपराधी और माफिया को गले लगाते हैं। किसी बाबर और किसी औरंगजेब की मजार में जाकर के सजदा पढ़ेंगे।
चारा घोटाले पर योगी ने तंज कसा- जो पशुओं का चारा खा जाए, वो सब कुछ ही डकार जाएगा। इससे पहले उन्होंने भोजपुरी में संबोधन की शुरुआत की।
वहीं, दूसरी ओर हरियाणा के सीएम नायब सैनी भी बुधवार को बिहार चुनाव के प्रचार के लिए भोजपुर पहुंचे।
तरारी विधानसभा क्षेत्र के हसन बाजार स्थित कातर खेल मैदान में चुनावी जनसभा को संबोधित कर उन्होंने एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी के लिए वोट अपील की।
उन्होंने कहा- बिहार की जनता किसी के बहकावे में नहीं आएगी। डबल इंजन की सरकार में अच्छा काम हो रहा है।
बिहार में एक तरफा जन समर्थन एनडीए को मिल रहा है। सबसे ज्यादा वोट से इंडिया प्रत्याशी विशाल प्रशांत की जीत होगी।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी का बयान, मोदी जी वोट के लिए डांस करते हैं। इस पर हरियाणा के सीएम नायब सैनी ने पलटवार किया।
उन्होंने कहा कि डांस तो इंडिया गठबंधन डांस कर रही है। संविधान को कभी गाली दे रहे हैं। कभी बोलते हैं कि वोट चोरी हो रही है। बिहार के लोगों ने भी नकार दिया है।
नालंदा में बारिश के बीच नीतीश की सभा
नीतीश कुमार ने नालंदा के अस्थावां में एनडीए समर्थित जेडीयू के प्रत्याशी जितेंद्र कुमार के पक्ष में चुनावी जनसभा की।
उन्होंने कहा, जब से हमारी सरकार बनी है 2005 में तब से आप लोगों के काम कर रहे हैं। केंद्र का सहयोग मिल रहा है। पहले वाला कुछ काम करता था जी।
क्या हाल था। समाज में कितना विवाद होता था। उन लोगों को 15 साल काम करने लिए मिला था। उन लोगों ने कभी महिलाओं के लिए कुछ नहीं किया।
हिंदू-मुस्लिम में झगड़ा होता था। शिक्षा, रोजगार स्वास्थ्य का हाल खराब था। बिजली भी नहीं आती थी। अपनी पत्नी को सीएम बना दिया। उन लोगों ने पत्नी, बेटों के लिए किया।
इससे पहले नीतीश कुमार ने राजगीर विधानसभा क्षेत्र के सरबहदी हाई स्कूल मैदान में जनसभा को संबोधित कर जदयू प्रत्याशी कौशल किशोर के पक्ष में वोट अपील की।
रोजगार के मुद्दे पर नीतीश कुमार ने बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि अब हमने तय कर दिया है कि अगले 5 साल में 1 करोड़ युवाओं का (रोजगार सुनिश्चित) किया जाएगा।
महागठबंधन के CM फेस तेजस्वी की सभा
महागठबंधन के सीएम फेस तेजस्वी यादव मुकेश सहनी के साथ समस्तीपुर के सरायगंज में जनसभा को संबोधित किया।
उन्होंने कहा, सरायरंजन की जनता तेजस्वी यादव को आपलोग एक मौका दीजिए, ऐसा होगा तो नौकरी पक्का होगा, आपकी उम्मीदों को छक्का लगेगा।
यहां के सांसद, विधायक एनडीए का, सरकार एनडीए की लेकिन सरायरंजन की जनता की बेरोजगारी खत्म नहीं हुई।
कोई यूनिवर्सिटी, स्कूल, अस्पताल, इंडस्ट्री, फैक्ट्री नहीं खुला। पलायन और बेरोजगारी खत्म नहीं हुई। थाना ब्लॉक में बिना रिश्वत के कोई काम नहीं होता है।
मेरी सरकार बनी तो हर हाथ को काम मिलेगा। अपराधियों को जेल के अंदर डाला जाएगा। तेजस्वी के स्वभाव को सब जानते हैं, अपराध कोई करे और जेल जाएगा।
तेजस्वी की उम्र भले कच्ची है, लेकिन इरादा पक्का है। उन्होंने कहा कि एनडीए हमारी योजनाओं का नकल करती है।
मुकेश सहनी ने कहा कि, बिहार बदलाव के लिए तैयार है। बिहार में 20 साल से नीतीश सरकार चल रही है। वो अब स्वस्थ्य नहीं है।
बिहार की सरकार दिल्ली से चल रही है। दिल्ली की सरकार चाहती है कि बिहार की युवा दूसरे प्रदेश में जाकर काम करें। बिहारी के लोगों को आगे बढ़ाइए, गुजराती को नहीं।
इससे पहले मुजफ्फरपुर में राहुल गांधी की जनसभा को भी तेजस्वी यादव ने संबोधित कर कहा था कि 20 साल पुरानी सरकार को बदलने का वक्त आ गया है।
तेजस्वी यादव बेरोजगारी, महंगाई को हटाना चाहता है। बिहार सबसे गरीब राज्य है। यहां पलायन सबसे ज्यादा है। आप लोग एक मौका दीजिए, मैं बिहार बदलकर दिखाऊंगा।
तेजस्वी यादव ने कहा कि, पिछली बार भी हमलोग सकरा जीत गए थे, लेकिन काउंटिंग में धांधली की गई, लेकिन इस बार नहीं होने देंगे।
पीएम मोदी गुजरात में फैक्ट्री लगाएंगे और वोट बिहार के लोगों से लेंगे। अब ये नहीं चलेगा। तेजस्वी की उम्र कच्ची है, लेकिन इरादे पक्के हैं।
वहीं, तेजस्वी के लिए उनकी बहन मीसा भारती ने वैशाली के राघोपुर विधानसभा क्षेत्र में प्रचार किया। यह पहली बार है जब मीसा राघोपुर में तेजस्वी के चुनाव प्रचार में शामिल हुईं।
