NDA Manifesto: बिहार विधानसभा चुनाव के लिए सत्ता पक्ष एनडीए ने शुक्रवार को अपना घोषणापत्र जारी कर दिया। इसे ‘संकल्प पत्र 2025’ नाम दिया गया है।
पटना के होटल मौर्या में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री व बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री एवं HAM (S) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतन राम मांझी, LJP (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान और RLM के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने संयुक्त रूप से दस्तावेज जारी किया।
संकल्प पत्र में सबसे बड़ा वादा राज्य में 1 करोड़ नौकरी और रोजगार के अवसर पैदा करने का है। इसके साथ ही गरीब परिवारों के छात्रों को KG से PG तक मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने, महिलाओं की आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लखपति दीदी योजना और किसानों की आय बढ़ाने के लिए कई प्रावधान शामिल किए गए हैं।
संकल्प स्वर्णिम बिहार बनाने की…
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने आज बिहार विधानसभा चुनाव के लिए अपना संकल्प पत्र जारी किया — जो सिर्फ वादों का नहीं, विकास के विज़न का दस्तावेज़ है।
बिहार को आत्मनिर्भर, शिक्षित और समृद्ध बनाने का संकल्प।
हर वर्ग, हर क्षेत्र और हर नागरिक के… pic.twitter.com/umcGtEUtyi— BJP Bihar (@BJP4Bihar) October 31, 2025
सम्राट चौधरी ने अकेले संभाली प्रेस कॉन्फ्रेंस
घोषणापत्र जारी होने के बाद मंच से अनाउंसमेंट किया गया कि वरिष्ठ नेता अब चुनाव प्रचार के लिए विभिन्न क्षेत्रों में जाएंगे।
इसके बाद नीतीश कुमार, चिराग पासवान, जीतन राम मांझी और जेपी नड्डा वहां से निकल गए।
सिर्फ डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी कार्यक्रम में रुके और पत्रकारों से विस्तृत बातचीत कर पूरे संकल्प पत्र की जानकारी अकेले साझा की।
यह दृश्य राजनीतिक विश्लेषकों के लिए चर्चाओं का विषय बन गया, क्योंकि संकल्प पत्र की प्रस्तुति आमतौर पर शीर्ष नेतृत्व संयुक्त रूप से करता है।
Live : बिहार के विकास का नहीं कोई विकल्प,
आ गया ➡️#NDA_का_संकल्प
https://t.co/QyyAuPb8zR— BJP Bihar (@BJP4Bihar) October 31, 2025
संकल्प पत्र की मुख्य बातें और बड़े वादे
एनडीए के संकल्प पत्र में रोजगार, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, उद्योग और कृषि सुधार पर विशेष जोर दिया गया है।
इसमें कहा गया है कि बिहार को अगले 5 वर्षों में नए विकास मॉडल के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
1 करोड़ नौकरी और रोजगार
- एनडीए ने सत्तासीन होने पर सरकारी और निजी क्षेत्रों में 1 करोड़ रोजगार देने का वादा किया है।
- हर जिले में मेगा स्किल सेंटर खोले जाएंगे।
- बिहार के सभी प्रमंडलों में स्पोर्ट्स सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किए जाएंगे।
उद्योग और निवेश
- हर जिले में नई फैक्ट्रियां स्थापित करने और 10 नए औद्योगिक पार्क बनाने का वादा।
- 100 MSME पार्क स्थापित किए जाएंगे और 50,000+ कुटीर उद्योग को प्रोत्साहित किया जाएगा।
- राज्य में डिफेंस कॉरिडोर और सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग पार्क विकसित करने की योजना।
महिलाओं और महिला उद्यमिता को बढ़ावा
- महिला रोजगार योजना के तहत महिलाओं को ₹2 लाख तक की सहायता।
- 1 करोड़ महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाया जाएगा।
- मिशन करोड़पति के तहत महिला उद्यमियों को आर्थिक सहयोग और बाजार उपलब्ध कराया जाएगा।
किसान एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था
- किसान सम्मान निधि को ₹6,000 से बढ़ाकर ₹9,000 करने का वादा।
- मत्स्य पालकों को ₹4,500 के स्थान पर ₹9,000 सहायता।
- सभी फसलों के लिए MSP की गारंटी।
- कृषि क्षेत्र में 1 लाख करोड़ का निवेश होने की बात कही गई।
शिक्षा और छात्र कल्याण
- गरीब परिवारों के छात्रों को KG से PG तक मुफ्त शिक्षा दी जाएगी।
- अनुसूचित जाति के छात्रों को प्रति माह ₹2,000 छात्रवृत्ति।
- हर अनुमंडल में SC वर्ग के छात्रों के लिए आवासीय विद्यालय।
- स्कूलों में मिड-डे मील के साथ पौष्टिक नाश्ता देने का वादा।
बुनियादी ढांचा और स्वास्थ्य
- 50 लाख नए पक्के मकान, 125 यूनिट बिजली मुफ्त, मुफ्त राशन और सामाजिक सुरक्षा पेंशन का विस्तार।
- हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज बनाने की योजना।
- विश्वस्तरीय मेडिसिटी की स्थापना।
- बिहार के 4 प्रमुख शहरों — पटना, भागलपुर, पूर्णिया और दरभंगा में इंटरनेशनल एयरपोर्ट और चार शहरों में मेट्रो सेवा शुरू करने की योजना।
- 7 नए एक्सप्रेसवे और 3,600 किमी रेल ट्रैक का आधुनिकीकरण।
आस्था और सांस्कृतिक विकास
- मां जानकी की जन्मस्थली को विश्वस्तरीय आध्यात्मिक नगरी ‘सीतापुरम’ के रूप में विकसित किया जाएगा।
NDA के ‘संकल्प पत्र’ पर कौन क्या बोला
उपेंद्र कुशवाहा ने कहा एनडीए समाज के सभी वर्गों के विकास के लिए काम कर रहा है और आगे भी करेगा। हमारा संकल्प है — सबका साथ, सबका विकास।
जदयू नेता राजीव रंजन प्रसाद ने दावा किया, नीतीश कुमार की सरकार ने 2005 से 2025 के बीच कुल 58 लाख नौकरियां दी हैं। विपक्ष इतिहास देखने की हिम्मत रखे।
भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा, NDA अपराध मुक्त, भ्रष्टाचार मुक्त शासन देता है। लोग जानते हैं कि NDA जो कहता है, उसे पूरा करता है।
वहीं विपक्ष ने घोषणापत्र को लेकर तीखा हमला बोला। आरजेडी नेता मनोज झा ने कहा, यह कागज़ पर लिखा हुआ सपना है। रोज़गार के मुद्दे पर प्रधानमंत्री मोदी और एनडीए सरकार का रिकॉर्ड शून्य है।
कुल मिलाकर, एनडीए के संकल्प पत्र में बड़े और आकर्षक वादों की लंबी सूची है — 1 करोड़ रोजगार से लेकर महिलाओं को लखपति बनाने तक और मुफ्त शिक्षा से लेकर मेट्रो और एयरपोर्ट तक।
अब सवाल यह है कि वोटर इन वादों को कितना विश्वसनीय मानते हैं और चुनावी नतीजों में यह संकल्प पत्र कितना असर डाल पाता है।
