अब तक के इतिहास और शीर्ष पद पर रहे व्यक्तियों का विश्लेषण करने पर पता चलता है कि यह पद पारंपरिक रूप से उच्च जातियों, विशेषकर ब्राह्मणों के पास ही रहा है।
#politicswala Rep0rt
दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत ने पिछले सप्ताह मुंबई में एक अहम बयान दिया. उन्होंने कहा कि “कोई भी हिंदू, चाहे उसकी जाति कुछ भी हो, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का सरसंघचालक बन सकता है। हालाँकि, संघ के अब तक के इतिहास और शीर्ष पद पर रहे व्यक्तियों का विश्लेषण करने पर पता चलता है कि यह पद पारंपरिक रूप से उच्च जातियों, विशेषकर ब्राह्मणों के पास ही रहा है।
रिपोर्ट में बताया गया है कि संघ में शीर्ष कार्यकारी पद यानी ‘सरकार्यवाह’ के लिए तो चुनाव की एक स्पष्ट प्रक्रिया है, लेकिन ‘सरसंघचालक’ के पद के लिए कोई चुनाव नहीं होता। संघ की परंपरा के अनुसार, मौजूदा सरसंघचालक के पास यह विशेषाधिकार होता है कि वह अपने उत्तराधिकारी का चयन करे. सरसंघचालक को संगठन का मार्गदर्शक और दार्शनिक माना जाता है और उन्हें एक विशेष ‘सरसंघचालक प्रणाम’ दिया जाता है।
वहीं, कार्यकारी प्रमुख ‘सरकार्यवाह’ (महासचिव) होते हैं, जिनका चुनाव नागपुर में हर तीन साल में ‘अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा’ (ABPS) द्वारा किया जाता है. सरसंघचालक और सरकार्यवाह जैसे पदनामों पर मराठी भाषा का प्रभाव स्पष्ट है, क्योंकि संघ की स्थापना 1925 में महाराष्ट्र के नागपुर में हुई थी।
संघ के नेतृत्व का इतिहास बताता है कि डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार (नागपुर के एक ब्राह्मण) ने संघ की स्थापना की और 1940 में अपनी मृत्यु तक इसके प्रमुख रहे. उन्होंने एक बंद लिफ़ाफ़े में अपने उत्तराधिकारी का नाम छोड़ा था, जो 33 वर्षीय एम.एस. गोलवलकर थे. गोलवलकर भी ब्राह्मण थे। गोलवलकर ने 33 वर्षों तक संघ का नेतृत्व किया और उन्होंने भी हेडगेवार की तरह ही एक बंद लिफ़ाफ़े के ज़रिए अपना उत्तराधिकारी चुना. 1973 में उनकी मृत्यु के बाद लिफ़ाफ़ा खोला गया और बालासाहब देवरस (ब्राह्मण) का नाम सामने आया।
हालाँकि, देवरस ने इस परंपरा में थोड़ा बदलाव किया. अपने गिरते स्वास्थ्य को देखते हुए उन्होंने अपने जीवनकाल में ही 1994 में अपने उत्तराधिकारी की घोषणा कर दी. उन्होंने राजेंद्र सिंह, जिन्हें रज्जू भैया के नाम से जाना जाता है, को अगला सरसंघचालक नियुक्त किया. रज्जू भैया संघ के इतिहास में अब तक के एकमात्र ‘गैर-ब्राह्मण’ सरसंघचालक रहे हैं। वे मूल रूप से बुलंदशहर के एक ठाकुर (राजपूत) परिवार से थे और उन्होंने इलाहाबाद में भौतिकी पढ़ाई और पढ़ाई भी थी. उनका कार्यकाल सबसे छोटा (लगभग 6 साल) रहा।
वर्ष 2000 में, रज्जू भैया ने गिरते स्वास्थ्य के कारण पद छोड़ दिया और के.एस. सुदर्शन को अपना उत्तराधिकारी चुना. सुदर्शन कर्नाटक के एक ब्राह्मण परिवार से थे. इसके बाद 2009 में एक नाटकीय घटनाक्रम में, सुदर्शन ने खराब याददाश्त और स्वास्थ्य का हवाला देते हुए पद छोड़ दिया और मोहन भागवत को सरसंघचालक की ज़िम्मेदारी सौंपी। मोहन भागवत, जो उस समय सरकार्यवाह थे, एक पशु चिकित्सक हैं और महाराष्ट्र के चंद्रपुर के ब्राह्मण परिवार से आते हैं. रज्जू भैया को छोड़कर, संघ के सभी सरसंघचालक ब्राह्मण ही रहे हैं. भागवत आपातकाल के दौरान प्रचारक बने थे और वे गोलवलकर की मृत्यु के बाद प्रचारक बनने वाले पहले सरसंघचालक हैं.
You may also like
-
जले नोटों वाले जस्टिस वर्मा का दुखी मन से इस्तीफा, अब एफआईआर की संभावना
-
मध्यप्रदेश यूथ कांग्रेस के 38 पदाधिकारियों को तीन महीने का अल्टीमेटम, नहीं सुधरे तो बाहर
-
वंदे मातरम् …कांग्रेस पार्षद बोलीं, हम किसी के बाप की नहीं सुनते, कांग्रेस भी जाए भाड़ में !
-
इंदौर में कांग्रेस पार्षद फौजिया और रुबीना का वंदे मातरम गाने से इंकार, बोलीं एक बाप की औलाद हो तो बुलवाकर दिखाओ
-
ईरान की सभ्यता मिटाने निकले ट्रम्प ने टेके घुटने, सीज़फायर !
