शिवराज का मकसद है कुछ भी करके अपना खजाना भरना, भ्रष्टाचार ने रोकी प्रदेश की रफ्तार  :  कमलनाथ   

Share Politics Wala News

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने जारी किया प्रदेश सरकार के खिलाफ आरोप पत्र 

भोपाल । मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी चीफ कमलनाथ ने शुक्रवार को शिवराज सरकार के 18 साल का कार्यकाल पूरा होने पर मध्यप्रदेश में हुए 225 घोटालों को लेकर आरोप पत्र नाम से बुकलेट जारी की।  आरोप पत्र जारी करते हुए कमलनाथ ने कहा कि यह दुख की बात है कि प्रदेश की पहचान प्रचार, अत्याचार और भ्रष्टाचार से हो गई है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अब ठगराज हो गए हैं। उनका मकसद प्रदेशवासियों की सेवा करना नहीं, बल्कि अपनी जेबें भरना है। यही मकसद सिद्ध करने के लिए वह एक बार फिर सत्ता में आने का प्रयास कर रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ का यह बयान सामने आने के बाद भाजपा भी एक्शन में आ गई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा  ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें उन्होंने कमलनाथ को करप्शन नाथ कहते हुए अनेक आरोप लगाए।

कमलनाथ ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान के 50 प्रतिशत कमीशन राज ने प्रदेश को घोटालों का प्रदेश बना दिया है। घोटालों पर घोटाला, मामा ने जनता को धो डाला। ये भगवान को भी धोखा देते हैं। ये इंसान को छोड़ देंगे, ये उम्मीद नहीं करनी चाहिए। वह दिन दूर नहीं जब आप गूगल पर घोटाला सर्च करेंगे तो शिवराज जी की तस्वीर आ जाएगी। घोटालों की जांच कराने के सवाल पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कांग्रेस पार्टी आज शिवराज सिंह चौहान के 18 साल के प्रमुख घोटालों की घोटाला-शीट जारी कर रही है। शिवराज सरकार के घोटाले की पोल खोलने वाले अभियान से जुड़ने के लिए 9593-420-420 पर मिस्ड कॉल करें।

प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि इस समय मेरे घर में एक हजार से ज्यादा लोग मौजूद हैं। ऐसा कोई दिन नहीं होता जब छह-सात सौ लोग नहीं होते हों। ये लोग टिकट के आवेदन लेकर मेरे यहां नहीं आए हैं। इंदौर से 500 लोग आए थे। उन्होंने बताया था कि वे कैसे भ्रष्टाचार के शिकार हो गए हैं। दुख की बात है कि आज प्रदेश की पहचान भ्रष्टाचार और अत्याचार से हो रही है। शिवराज सिंह चौहान को मैं काफी दिनों से जानता हूं, लेकिन अब वह ठगराज बन गए हैं। उन्होंने सबको ठगा है। नौजवानों को ठगा, बुजुर्गों को ठगा, किसानों को ठगा, व्यापारियों को ठगा, सरकारी कर्मचारियों को ठगा है। सच कहा जाए तो उन्होंने किसी को नहीं छोड़ा है। 

कमलनाथ ने कहा यह पूरा प्रदेश देख रहा है कि उन्होंने हमारे महाकाल को भी नहीं छोड़ा। गौ माता को नहीं छोड़ा। आज प्रदेश का हर व्यक्ति किसी न किसी रूप में भ्रष्टाचार का शिकार है। यह कोई छिपी हुई बात नहीं है। यह  सबसे बड़ा कलंक आज मध्यप्रदेश के माथे पर है। आज आपसे मेरा निवेदन है कि भ्रष्टाचार के इस मुद्दे को नजरअंदाज मत कीजिए। यही वह वजह है जिसकी वजह से प्रदेश में निवेश नहीं आता। प्रदेश का भ्रष्ट प्रशासन तंत्र राज्य के औद्योगिक विकास की संभावनाओं को धूमिक कर देता है। हमारे प्रदेश पर सबसे भ्रष्ट प्रदेश का  लेबल लगा है। ऐसे में निवेश कैसे आएगा। आज सबसे बड़ी समस्या बेरोजगारी है। आर्थिक गतिविधियां घटती जा रही हैं। औद्योगिक विकास नहीं होगा तो रोजगार कैसे पैदा होंगे। 

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा प्रदेश की भाजपा सरकार का रिपोर्ट कार्ड जारी करने के सवाल पर कमलनाथ ने कहा उन्हें भ्रष्टाचार और अत्याचार पर भी एक रिपोर्ट जारी करनी चाहिए। उन्होंने कहा ऐसी रिपोर्टों पर जनता विश्वास नहीं करती। अमित शाह को समझना चाहिए कि होर्डिंग बैनर, पंपलेट से जनता प्रभावित होने वाली नहीं है। जनता ने जो भोगा है, उसका जवाब विधानसभा चुनाव में देने वाली है । उन्हें किसी तरह की खुशफहमी नहीं पालनी चाहिए।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने कहा पिछले 18 साल में सवा साल छोड़कर शिवराज सिंह मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री की कुर्सी पर काबिज हैं। उन्होंने 18 साल के कार्यकाल में जो घोटाले किए हैं, जो प्रदेश की गाढ़ी कमाई पिछली सरकारों ने जुटाई थी। उसे लुटाने का काम किया है। प्रदेश को कर्ज के गर्त में डुबो दिया। कमलनाथ जी ने जो आरोप पत्र जारी किया है, वह पूरी तरह से तथ्यों के आधार पर आधारित है। इसमें विधानसभा में सरकार द्वारा दिए गए जवाब, सीएजी की रिपोर्ट, सीबीआई लोकायुक्त द्वारा पकड़े गए घोटालों पर विस्तार से विमर्श किया गया है। इस पत्र को तैयार करने में हमारे पारस सकलेचा ने भी बहुत मेहनत की है। एक-एक दस्तावेज उठाकर यह दस्तावेज तैयार किया है। अगर किसी सबूत की आवश्यकता होगी तो एक-एक तथ्य सबके सामने रख देंगे।