bjp-akali-dal-alliance-punjab-election-2027.jpg

bjp-akali-dal-alliance-punjab-election-2027.jpg

6 साल बाद फिर साथ! BJP-अकाली दल का गठबंधन

Share Politics Wala News

Punjab Politics: छह साल बाद BJP और अकाली दल फिर साथ आए। अमित शाह और सुखबीर बादल के गठबंधन से 2027 चुनाव में क्या बदलेगा पंजाब का सियासी समीकरण?

अमित शाह ने अकाली दल के एनडीए में शामिल होने की घोषणा करते हुए इसे हिंदू-सिख भाईचारे की मजबूती से भी जोड़ा। हालांकि, इस गठबंधन की सबसे दिलचस्प बात बीजेपी की बदली हुई रणनीति है। पिछले कई महीनों से पार्टी के वरिष्ठ नेता पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने की तैयारी का संदेश दे रहे थे।

अमित शाह से लेकर नितिन नवीन, बीएल संतोष और पंजाब बीजेपी के नेताओं तक ने अलग-अलग मौकों पर अकेले चुनाव लड़ने की बात दोहराई थी। ऐसे में अब अकाली दल के साथ वापसी को राजनीतिक रणनीति में बड़े बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है।

बीजेपी और अकाली दल का रिश्ता नया नहीं है। दोनों दलों के बीच 1996 में गठबंधन हुआ था, जो करीब 24 साल तक चला। इस दौरान 1997, 2007 और 2012 के विधानसभा चुनावों में गठबंधन ने जीत दर्ज की और प्रकाश सिंह बादल मुख्यमंत्री बने। हालांकि, 2002 और 2017 के चुनावों में दोनों दलों को हार का सामना भी करना पड़ा था। 2017 में गठबंधन महज 18 सीटों पर सिमट गया था।

दोनों पार्टियों के रास्ते अलग होने की सबसे बड़ी वजह तीन कृषि कानून बने। सितंबर 2020 में किसान आंदोलन के बीच अकाली दल ने एनडीए से अलग होने का फैसला किया था। तत्कालीन केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद दोनों दलों ने अलग-अलग चुनाव लड़ा। 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में अकाली दल को तीन और बीजेपी को केवल दो सीटें मिलीं। वहीं, 2024 के लोकसभा चुनाव में अकाली दल को एक सीट मिली, जबकि बीजेपी पंजाब में खाता भी नहीं खोल सकी।

अब दोनों दलों के सामने सबसे बड़ी चुनौती पंजाब में अपना खोया हुआ राजनीतिक आधार वापस हासिल करने की है। 117 विधानसभा सीटों वाले पंजाब में बहुमत का आंकड़ा 59 है। पिछले विधानसभा चुनाव में कमजोर प्रदर्शन के बाद दोनों पार्टियां नए गठबंधन के जरिए वोटों के बिखराव को रोकने और अपने पारंपरिक समर्थकों को फिर से एकजुट करने की कोशिश कर सकती हैं।

हालांकि, सीटों के बंटवारे को लेकर अभी तस्वीर स्पष्ट नहीं है। पहले गठबंधन में अकाली दल 94 और बीजेपी 23 सीटों पर चुनाव लड़ती थी। लेकिन इस बार राजनीतिक परिस्थितियां बदल चुकी हैं। बीजेपी का पंजाब में अपना विस्तार करने का लक्ष्य है, जबकि अकाली दल भी खुद को गठबंधन में कमजोर साझेदार के तौर पर पेश नहीं करना चाहेगा।

दूसरी ओर, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने इस गठबंधन पर सवाल उठाए हैं। विपक्ष इसे अवसरवादी राजनीति बता रहा है और किसान आंदोलन की याद दिलाकर दोनों दलों को घेरने की कोशिश कर रहा है।

ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या छह साल बाद हुई यह राजनीतिक वापसी पंजाब में सत्ता का नया रास्ता खोल पाएगी? या फिर कृषि कानूनों और किसान आंदोलन से जुड़ी नाराजगी बीजेपी-अकाली दल के लिए मुश्किलें खड़ी करेगी? इसका जवाब 2027 के विधानसभा चुनाव के नतीजे ही देंगे।

यह भी पढ़ें: 

TVK विधायक पर यौन उत्पीड़न के आरोप, मद्रास हाई कोर्ट ने विजय सरकार को लगाई फटकार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *