तेवर और जेवर बेहद संभलकर दिखाने चाहिए!
किसी संस्था के शिखर पद पर आसीन व्यक्ति का आचरण उसके भविष्य और विश्वसनीयता का मानक तय करता है। कहावत है कि “तेवर और जेवर हर जगह नहीं दिखाए जाते,” और दिखाए जाते हैं तो बेहद संभलकर लेकिन श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के नवनियुक्त पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) रिटायर्ड एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा का पहला ही दिन विवादों और चर्चाओं के घेरे में आ गया।
पदभार संभालते ही मीडिया से बातचीत का उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने एक नई बहस को जन्म दे दिया है।
वायरल वीडियो में एयर मार्शल मिश्रा बेहद सख्त लहजे में मीडियाकर्मियों हड़काते हुए कहते दिख रहे हैं, “देखिए, मैं आप सबको पहचान रहा हूँ, दोबारा आने नहीं दूंगा।” नियुक्ति के पहले ही दिन इस तरह के सख्त मिजाज को देखकर आम जनता, श्रद्धालुओं और विशेषज्ञों की तरफ से मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
एक वर्ग इस कड़े रुख का समर्थन कर रहा है। कुछ विचारकों और विद्वानों का मानना है कि राममंदिर जैसे संवेदनशील, विशाल और ऐतिहासिक ट्रस्ट को सुचारू रूप से चलाने के लिए ऐसी प्रशासनिक अनुशासन और सख्ती बेहद जरूरी है। उनका तर्क है कि सेना की पृष्ठभूमि से आने वाले जीतेंद्र मिश्रा का यह अंदाज मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, वित्तीय पारदर्शिता और श्रद्धालुओं के भारी चंदे की रक्षा के लिए एक मजबूत गारंटी है। उनके अनुसार, यह बयान ट्रस्ट के पूरी तरह सुरक्षित हाथों में होने का प्रमाण है।
वहीं दूसरी ओर, एक बड़ा वर्ग इस व्यवहार की आलोचना कर रहा है। आलोचकों का कहना है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में मीडिया से संवाद करने का एक शिष्टाचार होता है। सार्वजनिक और धार्मिक ट्रस्ट के इतने बड़े पद पर बैठे व्यक्ति को संयम, विनम्रता और गरिमा का परिचय देना चाहिए। रेपोर्टर्स के प्रति ऐसी आक्रामकता शोभा नहीं देती।
प्रशासनिक दक्षता और अनुशासन अपनी जगह जरूरी हैं, लेकिन जनआस्था से जुड़े धार्मिक पदों पर विनम्रता और सुगम संवाद भी उतना ही मायने रखता है। अब देखना यह होगा कि एयर मार्शल मिश्रा भविष्य में अपनी इस सख्ती और प्रशासनिक क्षमता के बीच संतुलन कैसे बनाते हैं।
चेन्नई में बनेगी ओलंपिक सिटी और मोटरस्पोर्ट्स सिटी, युवाओं को मिलेगी रेसिंग की ट्रेनिंग: CM विजय
You may also like
-
अंकिता भंडारी केस: राहुल-प्रियंका ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात
-
अब जन्म से मिलेगी दिव्यांग पेंशन, योजनाओं के नाम भी बदलेंगे
-
विजयवाड़ा में पहली बार राष्ट्रीय सरस मेला
-
कुकरमुत्तों की तरह खुल रहे फर्जी कृषि कॉलेजों पर लगेगी लगाम, जल्द बनेगी एग्रीकल्चर काउंसिल- शिवराज सिंह
-
रेलवे कर्मचारियों की दिवाली होगी शानदार! मोदी कैबिनेट ने 78 दिन के बोनस को दी मंजूरी, 11 लाख से ज्यादा को फायदा
