जगदलपुर.
बस्तर में मौसम के बदलते मिजाज के साथ सर्दियों की आहट महसूस होने लगी है. सुबह और शाम के समय बढ़ती ठंडक ने लोगों को गर्म कपड़ों की जरूरत का अहसास कराना शुरू कर दिया है. इसी के साथ जगदलपुर के बाजारों में भी सर्दियों के सीजन की तैयारियां तेज हो गई हैं.
दुकानों पर स्वेटर, जैकेट, गर्म टोपी, मफलर और दूसरे ऊनी कपड़ों की नई रेंज सजने लगी है. बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक की जरूरतों को ध्यान में रखकर व्यापारी अलग-अलग डिजाइन और कीमतों के कपड़े रख रहे हैं. हालांकि, मौसम में शुरुआती ठंडक के बीच कारोबारियों को अभी बिक्री में तेजी आने का इंतजार है. व्यापारियों की उम्मीद नवंबर और दिसंबर में बढ़ने वाली ठंड पर टिकी हुई है.
पिछले साल ठंड का असर अपेक्षाकृत कम रहने से गर्म कपड़ों के कारोबार को अपेक्षित रफ्तार नहीं मिल पाई थी. कम मांग के कारण दुकानदारों को ग्राहकों का इंतजार करना पड़ा और बिक्री भी प्रभावित हुई थी. इस बार मौसम में ठंडक बढ़ने के संकेतों से कारोबारियों को बेहतर व्यापार की उम्मीद है. खासकर बच्चों के स्वेटर और जैकेट सहित रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाले गर्म कपड़ों की मांग बढ़ने की संभावना है. अब सर्दियों की तीव्रता तय करेगी कि बाजार में गर्म कपड़ों की बिक्री कितनी बढ़ती है और व्यापारियों की उम्मीदें कितनी पूरी होती हैं.
You may also like
-
MP के 8 टाइगर रिजर्व में बनेंगे बफर जोन, कान्हा की तर्ज पर बढ़ेगी वन्यजीवों की सुरक्षा और पर्यटन
-
दीपावली पर निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए एमपी ट्रांसको की अतिरिक्त सतर्कता
-
जंगल, जमीन और फसल में बसती है जनजातीय दीपावली की खुशियां
-
पीथमपुर से धार तक 120 किमी की रफ्तार से दौड़ा ट्रेन इंजन, रेल कनेक्टिविटी का सपना जल्द होगा पूरा
-
मध्यप्रदेश को बनाएंगे दो साल में दुग्ध उत्पादन में नंबर वन : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
