डिप्टी सीएम पद के लिए सुनेत्रा पवार का नाम तय, शाम को शपथ
महाराष्ट्र की राजनीति में एक ऐतिहासिक मोड़ आने जा रहा है। सुनेत्रा पवार को उपमुख्यमंत्री बनाए जाने का रास्ता साफ हो गया है। शनिवार दोपहर NCP के विधायक दल और विधान परिषद सदस्यों की बैठक में उन्हें विधायक दल का नेता चुना जाएगा, जिसके बाद शाम 5 बजे उनका शपथग्रहण प्रस्तावित है।
इस तरह सुनेत्रा पवार महाराष्ट्र की पहली महिला डिप्टी सीएम बनेंगी। फिलहाल वे अजित पवार के आधिकारिक आवास ‘देवगिरी’ में मौजूद हैं और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से लगातार चर्चा चल रही है।
सुनेत्रा अभी महाराष्ट्र विधानसभा या विधान परिषद की सदस्य नहीं हैं लेकिन संविधान के अनुसार मंत्री बनने के बाद उन्हें छह महीने के भीतर विधायक या MLC बनना अनिवार्य है।
राज्यसभा से इस्तीफा और संवैधानिक प्रक्रिया
सुनेत्रा पवार वर्तमान में राज्यसभा सांसद हैं, इसलिए शपथ से पहले उन्हें राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा देना होगा। यह इस्तीफा राज्यसभा के सभापति यानी उपराष्ट्रपति को सौंपा जाएगा।
संविधान के अनुच्छेद 190(1) के तहत कोई भी व्यक्ति एक साथ केंद्र की संसद और राज्य सरकार में मंत्री नहीं रह सकता। इस्तीफा स्वीकार होने के बाद महाराष्ट्र के राज्यपाल उन्हें मंत्री और उपमुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाएंगे।
यदि तय समय में वे विधानसभा या विधान परिषद की सदस्य नहीं बन पातीं, तो उनका मंत्री और डिप्टी सीएम पद स्वतः समाप्त हो जाएगा। यही वजह है कि पार्टी रणनीति के तहत उनके आगे के राजनीतिक कदमों पर भी गंभीर मंथन कर रही है।
अजित पवार के निधन के बाद खाली हुआ पद
28 जनवरी को अजित पवार के विमान दुर्घटना में निधन के बाद उपमुख्यमंत्री का पद खाली हो गया था। इस खाली पद को भरने के लिए NCP और महायुति सरकार लगातार बैठकों में जुटी है।
शुक्रवार को दिनभर मुंबई और बारामती में राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं। प्रफुल्ल पटेल, सुनील तटकरे और छगन भुजबल जैसे वरिष्ठ नेताओं ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की।
इसी दौरान यह भी तय माना जा रहा है कि फिलहाल वित्त मंत्रालय मुख्यमंत्री फडणवीस के पास ही रहेगा और मार्च में वही राज्य का बजट पेश करेंगे। राज्य के सियासी समीकरणों को देखते हुए सुनेत्रा को शुरुआत में कोई भारी विभाग न दिए जाने की भी चर्चा है।
शरद पवार का बयान, NCP के विलय की संभावनाएं
इस पूरे घटनाक्रम पर शरद पवार ने पहली बार प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि उन्हें सुनेत्रा पवार को डिप्टी सीएम बनाए जाने की कोई औपचारिक जानकारी नहीं है और यह फैसला पार्टी स्तर पर लिया गया होगा।
साथ ही शरद पवार ने यह भी दावा किया कि उनके दिवंगत भतीजे अजित पवार दोनों गुटों के विलय के पक्ष में थे। उन्होंने बताया कि अजित पवार, शशिकांत शिंदे और जयंत पाटिल के बीच इस विषय पर बातचीत चल रही थी और फरवरी की 12 तारीख को विलय की तारीख भी तय हो चुकी है।
अब सुनेत्रा पवार के उपमुख्यमंत्री बनने से NCP के दोनों गुटों के एकीकरण की अटकलें और तेज हो गई हैं, जिससे महाराष्ट्र की राजनीति में बड़े बदलाव के संकेत मिल रहे हैं।
You may also like
-
बरेली में मस्जिद पर चला बुलडोजर, कोर्ट के आदेश पर अवैध निर्माण किया गया ध्वस्त
-
NEET छात्र मुद्दे के बीच पप्पू यादव गिरफ्तार, 31 साल पुराने मामले में पुलिस की कार्रवाई
-
इस्लामाबाद में आत्मघाती हमला: जुमे की नमाज़ के दौरान मस्जिद में धमाका, 69 की मौत
-
घूसखोर पंडत’ विवाद: फिल्म के नाम ने खड़ा किया सियासी तूफान, यूपी में दर्ज हुई FIR
-
प्रधानमंत्री मोदी का ‘परीक्षा पे चर्चा 2025’: तनाव नहीं, संतुलन पर जोर
