पूर्व CM की पत्नी की राजनीति में एंट्री के संकेत, अशोकनगर में सरकार पर साधा निशाना

Share Politics Wala News

भोपाल 

मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में पूर्व मुख्यमंत्री की पत्नी ने सक्रिय राजनीति में कदम रखने के संकेत दे दिए हैं। सियासी एंट्री की अटकलों के बीच उन्होंने मंच से महिलाओं की समस्याओं को आवाज देने की बात कही और इसी के साथ सरकार पर भी निशाना साधा। पूर्व सीएम की पत्नी ने कहा कि मुझे महिलाएं अपनी समस्याएं बताती है तो मैं सोचती हूं उन्हें कैसे हल करुं?

अशोकनगर में दिया अपना पहला राजनीतिक भाषण
दरअसल, उज्जैन से अयोध्या तक निकाली जा रही सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा के 23वें दिन जिले में एक जनसभा में पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह (Digvijay Singh) की पत्नी अमृता राय (Amrita Rai) सियासी रंग में नजर आई। उन्होंने न केवल मंच से अपना पहला राजनीतिक भाषण दिया, बल्कि राज्य और केंद्र सरकार पर तीखे हमले करते हुए जनता से अपने अधिकारों और स्वाभिमान के प्रति जागने की बात कही। साथ ही बोलीं कि दिग्विजय सिंह के साथ मैं भी सुख-दुख में हमेशा तत्पर रहूंगी।

कहा फूल को वोट देने का क्या हश्र हुआ
अमृता राय ने अपने भाषण में भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा मुझे रास्ते में महिलाएं मिल रही है, जो बताती है कि 20 साल से फूल पर वोट डाल रहे हैं, लेकिन आज क्या हश्र हुआ। इसका कारण है कि आप अपने अधिकारों का सही से पालन नहीं कर रहे हैं। आप लोग सोचिए जब आप फूल में वोट डालते हैं कोई प्रलोभन होगा, उस प्रलोभन को छोड़ दीजिए। उन समस्याओं के लिए पांच-पांच साल करके आज 20-25 साल हो गए, न पानी आया और न बिजली मिली, न पेंशन मिली और न मुआवजा। अमृता ने कहा कि जनता ने उन्हें महंगाई, शिक्षा, बिजली और खाद न मिलने जैसी अनगिनत समस्याएं बताई है। मैं सोचती हूं कि ऐसा क्या करूं कि समस्या दूर हो जाए।

राम मंदिर और मुफ्त अनाज के बहाने केंद्र पर हमला
अमृता ने तीखे तेवर अपनाते हुए भ्रष्टाचार और गरीबी के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा, चाहे भगवान राम के घर चोरी हो रही हो या आपके अधिकारों की चोरी, इसके खिलाफ आपको जागना होगा। जब ये लोग राम को नहीं छोड़ रहे, तो वो आपको क्या छोड़ेंगे। सरकार कहती है 80 करोड जनता को मुफ्त अनाज दे रही है, तो फिर जनता भूखी क्यों है, गरीबी क्यों है, आज जनता को जागना होगा।

चर्चाः क्या प्रदेश राजनीति में सक्रिय होने की तैयारी
अमृता ने भविष्य की राजनीति का खाका खींचते हुए कहा कि बाबा महाकाल और भगवान राम की प्रेरणा से ही विग्विजय सिंह यह यात्रा निकाल रहे हैं। उन्होंने ऐलान किया, हम आपके जीवन में सुधार लाना चाहते हैं। मैं आपके साथ हमेशा खड़ी हूं और दिग्विजय के साथ भी आपके हर सुख-दुख में तत्पर रहूंगी। मुझे महिलाओं की बताई हर समस्या याद रहेगी और मैं पूरे मंच व दिग्विजय को भी आपकी समस्याएं याद दिलाती रहूंगी। अमृता राय के भाषण ने सियासी गलियारों में हलचल तेज कर दी है। चर्चा है कि मंच से सीधे तौर पर जनता से जुड़ना यह इशारा है कि वे अब मध्य प्रदेश की सक्रिय राजनीति में भूमिका निभाने की तैयारी कर चुकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *