इंदौर के भागीरथपुरा दूषित पानी कांड में संजीव श्रीवास्तव बहाल होकर भोपाल पदस्थ, जबकि निचले कर्मचारी अब भी निलंबित हैं।
भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई मौतों का मामला एक बार फिर चर्चा में है। इस बार वजह हादसे के बाद जिम्मेदार अधिकारियों पर हुई कार्रवाई को लेकर सामने आ रही नई जानकारी है। घटना के बाद निलंबित किए गए तत्कालीन कार्यपालन यंत्री संजीव कुमार श्रीवास्तव को शासन ने बहाल कर दिया है।
उन्हें भोपाल स्थित लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) विभाग के मुख्य अभियंता कार्यालय में नई पदस्थापना दी गई है। खास बात यह है कि उनके खिलाफ विभागीय जांच अभी जारी है। ऐसे में उनकी बहाली और नई जिम्मेदारी को लेकर प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
भागीरथपुरा में दूषित पानी की आपूर्ति से पिछले साल बड़ा स्वास्थ्य संकट पैदा हुआ था। इलाके के लोगों को पीने के पानी के साथ संक्रमण का सामना करना पड़ा। इस घटना में 36 से ज्यादा लोगों की मौत की जानकारी सामने आई थी। कई परिवारों ने अपने परिजनों को खोया, जबकि बड़ी संख्या में लोग बीमार हुए थे। घटना के बाद नगर निगम और संबंधित विभागों के अधिकारियों पर कार्रवाई की गई थी।
संजीव श्रीवास्तव की बहाली के साथ ही इस मामले में पहले हुई अन्य प्रशासनिक नियुक्तियां भी चर्चा में हैं। तत्कालीन अपर आयुक्त रोहित सिसोनिया को बहाल कर रायसेन का कलेक्टर बनाया जा चुका है। वहीं, घटना के बाद पद से हटाए गए तत्कालीन निगमायुक्त दिलीप यादव को सागर जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यानी घटना के बाद कार्रवाई की जद में आए वरिष्ठ अधिकारी अब अलग-अलग महत्वपूर्ण पदों पर काम कर रहे हैं।
600 पन्नों की रिपोर्ट में अधिकारियों की भूमिका पर टिप्पणी
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए हाईकोर्ट ने न्यायमूर्ति सुशील कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में एक सदस्यीय न्यायिक जांच आयोग गठित किया था। आयोग ने करीब 600 पन्नों की रिपोर्ट तैयार कर सौंपी थी। रिपोर्ट में पाइपलाइन बदलने में देरी, फाइलों के स्तर पर लापरवाही और अधिकारियों की निगरानी में कमी को हादसे के प्रमुख कारणों में शामिल किया गया।
रिपोर्ट के अनुसार, 36 मौतों में से 24 का संबंध दूषित पानी से पाया गया, जबकि 12 मौतों का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। रिपोर्ट में संजीव श्रीवास्तव की भूमिका को पाइपलाइन बदलने की प्रक्रिया में देरी से जोड़ा गया। वहीं, रोहित सिसोनिया के कार्यकाल में निगरानी और टेंडर प्रक्रिया से जुड़ी कमियों पर भी टिप्पणियां की गई थीं।
निचले स्तर के कर्मचारी अब भी निलंबित
दूसरी ओर, नगर निगम के जोनल अधिकारी शालिग्राम सितोले और उपयंत्री गिरीश जोशी अब भी निलंबित हैं। सहायक यंत्री शुभम श्रीवास्तव की सेवाएं समाप्त की जा चुकी हैं। बताया जा रहा है कि कुछ कर्मचारियों की पदस्थापना घटना से महज तीन से चार महीने पहले हुई थी। कार्रवाई के दौरान उनके बयान नहीं लिए जाने की बात भी सामने आई है।
ऐसे में एक ही मामले में वरिष्ठ अधिकारियों की बहाली और निचले कर्मचारियों पर जारी कार्रवाई ने जवाबदेही के तरीके पर बहस छेड़ दी है। भागीरथपुरा के प्रभावित परिवारों के लिए यह मामला केवल सरकारी कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके अपनों की मौत और न्याय से जुड़ा है। अब देखना होगा कि विभागीय जांच पूरी होने के बाद शासन जिम्मेदारी तय करने के मामले में क्या कदम उठाता है।
मायावती को साथ लाना चाहते हैं इमरान मसूद, सपा से सीट शेयरिंग विवाद के बीच दिया बयान
You may also like
-
भागीरथपुरा कांड में निलंबित EE बहाल, संजीव श्रीवास्तव को भोपाल PHE में मिली नई पदस्थापना
-
PM मोदी का कांग्रेस पर हमला, बोले- OBC आरक्षण छीनकर मुसलमानों को देना चाहती है पार्टी
-
भोपाल-राजगढ़ समेत कई जिलों में शीतलहर का अलर्ट, एमपी के 30 शहरों में पारा 15 डिग्री से नीचे
-
अमेरिका से इस साल 1,700 भारतीय नागरिकों का डिपोर्टेशन, विदेश मंत्रालय ने दी जानकारी
-
छठ और सिंदूर पर टिप्पणी करना स्टैंड-अप कॉमेडियन यश माहेश्वरी को पड़ा भारी, FIR दर्ज
