रायपुर
महादेव सट्टा मामले के मुख्य आरोपित सौरभ चंद्राकर की मुश्किलें कम होती नहीं दिख रही हैं। पांच दिन की ईडी रिमांड पूरी होने पर गुरुवार को उसे रायपुर की विशेष पीएमएलए अदालत में पेश किया गया। ईडी ने आगे की पूछताछ के लिए रिमांड बढ़ाने की मांग नहीं की।
अदालत ने सौरभ को 14 दिन, यानी दो दिसंबर तक न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने का आदेश दिया। इस बीच उसे सीबीआइ की विशेष अदालत में भी पेश किया गया।
दुबई से गिरफ्तारी के बाद सीबीआइ उससे पूछताछ कर चुकी है। जांच का दायरा अब पुलिस अधिकारियों तक पहुंच गया है। महादेव सट्टा नेटवर्क के आरोपितों को संरक्षण देने के बदले बड़ी रकम लेने के आरोपों के संबंध में अधिकारियों को पूछताछ के लिए दिल्ली स्थित सीबीआइ मुख्यालय बुलाया गया है।
वहीं, आइपीएस और एडिशनल एसपी स्तर के अधिकारी से पूछताछ की जा रही है। मामले में फरार शुभम सोनी के खिलाफ जारी गैर-जमानती वारंट के आधार पर जांच एजेंसियां आगे की कार्रवाई कर रही हैं। शुभम ने महादेव सट्टा एप के संचालन की जिम्मेदारी खुद लेने का दावा किया था।
इसी आधार पर सौरभ ने भी खुद को एप का प्रमोटर होने से इन्कार किया था। जांच एजेंसियां अब दोनों की भूमिका और नेटवर्क में उनकी जिम्मेदारी की पड़ताल कर रही हैं। अनिल और विशाल पर ईडी का शिकंजा ईडी ने फरार आरोपित अनिल अग्रवाल और विशाल आहुजा के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है।
रायपुर की विशेष अदालत ने दोनों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है। ईडी ने उन्हें भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित कराने के लिए अदालत में आवेदन भी दिया है। विशाल के भाई धीरज आहुजा ने अग्रिम जमानत के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया है।
ईडी की जांच में विशाल और धीरज की भूमिका टिकट बुकिंग कारोबार से जुड़ी सामने आई है। ईडी कथित मनी लांड्रिंग और अवैध कमाई के लेन-देन की जांच कर रही है, जबकि सीबीआइ नेटवर्क के अन्य पहलुओं और आरोपितों की भूमिका की पड़ताल में जुटी है।
दोनों एजेंसियों की अलग-अलग जांच के चलते सौरभ को अलग-अलग अदालतों में पेश होना पड़ रहा है। पुलिस अधिकारियों से पूछताछ और फरार आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई से जांच में नए खुलासे होने की संभावना है।
You may also like
-
मुख्य सचिव ने ई-ऑफिस एवं उपस्थिति रैंकिंग में हुए निरंतर सुधार पर अधिकारियों-कर्मचारियों को दी बधाई
-
नरसिंहपुर में ट्रांसमिशन लाइन के प्रतिबंधित कॉरिडोर में बने 51 निर्माण जानलेवा खतरे की जद में
-
छत्तीसगढ़ इंडस्ट्री डायलॉग चैप्टर-3 में 1.06 लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव, लगभग 29 हजार रोजगार के अवसर होंगे सृजित
-
कृषि उत्पादन आयुक्त की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय टास्क फोर्स का गठन
-
एमपीएलयूएन अध्यक्ष भूषण ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया मध्यप्रदेश मंडप का शुभारंभ
