IIT Bombay Student Deat

IIT Bombay Student Deat

IIT बॉम्बे छात्र की मौत पर, राहुल गांधी ने माता-पिता से की बात

Share Politics Wala News

IIT बॉम्बे छात्र साहिल वाकोडे की मौत के मामले में राहुल गांधी ने उसके माता-पिता से बात की। उधर CCTV फुटेज और जांच को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।

IIT बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे की मौत के मामले में अब राजनीतिक स्तर पर भी प्रतिक्रिया सामने आई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने साहिल के माता-पिता रविंद्र और सोनाली वाकोडे से वीडियो कॉल पर बातचीत की।

PTI के अनुसार, इस दौरान राहुल गांधी ने परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया। यह बातचीत उस समय हुई, जब साहिल के माता-पिता वाशिम से मुंबई लौट रहे थे।

साहिल वाकोडे IIT बॉम्बे के एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग में सेकंड ईयर BTech का छात्र था। 18 सितंबर को उसकी मौत के बाद कैंपस में छात्रों का विरोध प्रदर्शन शुरू हुआ। मामले की जांच अब मुंबई क्राइम ब्रांच कर रही है और जांच एजेंसियां साहिल की मौत से पहले की घटनाओं को जोड़ने में जुटी हैं।

इस बीच परीक्षा हॉल का करीब 54 सेकेंड का CCTV फुटेज सामने आया है। इसमें साहिल परीक्षा के दौरान आगे की सीट पर बैठा दिखाई देता है। फुटेज में प्रोफेसर सूर्यनारायण दूल्ला उसके पास आते हैं और उससे बातचीत करते नजर आते हैं। इसके बाद साहिल अपना मोबाइल और उत्तर पुस्तिका सौंपता है और परीक्षा कक्ष से बाहर निकल जाता है।

साहिल की मौत से पहले की उसकी बातचीत को लेकर भी जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उसने एक करीबी दोस्त से परीक्षा का पेपर खराब होने की बात कही थी और कथित तौर पर कहा था कि उससे गलती हो गई।

हालांकि, इस बातचीत में जाति से जुड़ी किसी घटना का जिक्र होने की जानकारी सामने नहीं आई है। दूसरी तरफ, साहिल के माता-पिता का दावा है कि उनके बेटे ने उन्हें कैंपस में जातिसूचक टिप्पणियों और कथित भेदभाव के बारे में बताया था। इन आरोपों की जांच जारी है।

मामले को लेकर साहिल के परिवार ने प्रोफेसर सूर्यनारायण दूल्ला और IIT बॉम्बे के निदेशक शिरीष केदारे के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं IIT बॉम्बे ने पहले परीक्षा के दौरान मोबाइल इस्तेमाल किए जाने को लेकर बयान जारी किया था, लेकिन बाद में संस्थान ने जांच पूरी होने से पहले बयान देने पर माफी मांगते हुए उसे वापस ले लिया।

घटना के बाद IIT बॉम्बे ने एक उच्चस्तरीय कमेटी भी बनाई है। दूसरी ओर, छात्रों ने भी कई मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। अब पुलिस जांच, CCTV फुटेज और संस्थान की कमेटी की रिपोर्ट से यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि साहिल की मौत से पहले आखिर घटनाक्रम किस तरह आगे बढ़ा था

यह भी पढ़ें:

BJP ने जारी की राज्य प्रभारियों की सूची, स्मृति ईरानी को हरियाणा-छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *