Vinod Tawde UP Incharge

Vinod Tawde UP Incharge

यूपी में 2027 की तैयारी तेज, विनोद तावड़े ने बताया BJP-NDA का चुनावी प्लान

Share Politics Wala News

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियों को गति देना शुरू कर दिया है। इसी सिलसिले में बीजेपी के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े शनिवार को लखनऊ पहुंचे।

उन्होंने साफ कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के नेतृत्व में पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करेगी। तावड़े ने कहा कि एनडीए के कार्यकर्ता पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ चुनावी मैदान में उतरेंगे।

लखनऊ पहुंचने के बाद तावड़े ने संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय और मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लगातार जनता के बीच रहने और स्थानीय स्तर पर संवाद कायम रखने की अपील की।

उनका कहना था कि एनडीए के सामने केवल चुनाव जीतने का लक्ष्य नहीं है, बल्कि दोबारा सरकार बनाकर अगले पांच वर्षों तक प्रदेश की जनता की सेवा करने की जिम्मेदारी भी है। इसी उद्देश्य से संगठन की जमीनी तैयारियों को मजबूत किया जा रहा है।

उत्तर प्रदेश में अगले विधानसभा चुनाव को देखते हुए बीजेपी और अन्य राजनीतिक दल अपने-अपने संगठन की स्थिति का आकलन कर रहे हैं। बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता, जनता से संपर्क और चुनावी रणनीति को लेकर लगातार मंथन चल रहा है। तावड़े का लखनऊ दौरा भी इसी व्यापक चुनावी तैयारियों का हिस्सा माना जा रहा है। इस दौरान वह पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ संगठन की स्थिति और आगामी रणनीति पर चर्चा करेंगे।

समाजवादी पार्टी के पीडीए नारे को लेकर भी विनोद तावड़े ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने पीडीए की अपनी व्याख्या करते हुए इसे ‘पराया धन अपना है’ बताया और कहा कि आगामी चुनाव में एनडीए के कार्यकर्ता अपनी ताकत के जरिए इस राजनीतिक नैरेटिव का जवाब देंगे। उनके बयान के बाद यूपी की सियासत में चुनावी मुद्दों और राजनीतिक रणनीति को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

तावड़े के दो दिवसीय लखनऊ प्रवास के दौरान प्रदेश अध्यक्ष, संगठन महामंत्री और बीजेपी के अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ कई बैठकें प्रस्तावित हैं। इसके अलावा उनकी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य तथा ब्रजेश पाठक से भी मुलाकात होगी। इन बैठकों में सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल के साथ 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति को लेकर विचार-विमर्श होने की संभावना है।

बीजेपी की नजर अब संगठन की जमीनी पकड़ को और मजबूत करने पर है। पार्टी नेतृत्व बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के साथ जनता के बीच निरंतर संपर्क बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रहा है। ऐसे में विनोद तावड़े की नई जिम्मेदारी और उनका शुरुआती लखनऊ दौरा उत्तर प्रदेश में बीजेपी की चुनावी तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है

यह भी पढ़ें: 

मदरसों में नई शिक्षा नीति की पहल, 26 संस्थानों को मिला प्रमाणपत्र

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *