वडोदरा में PM मोदी का मेगा शो, शो में किसे कहा ‘नाराज फूफा’
गुजरात के वडोदरा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को ‘नमो फॉर विकसित भारत’ कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। इस दौरान प्रधानमंत्री ने करीब 35,000 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। अपने संबोधन में उन्होंने देश की कनेक्टिविटी, मैन्युफैक्चरिंग, रेलवे और डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की उपलब्धियों का जिक्र किया।
पीएम मोदी ने वडोदरा के लोगों की सराहना करते हुए कहा कि विकास परियोजनाओं के उद्घाटन से पहले शहर में जिस तरह स्वच्छता और स्वागत अभियान चलाया गया, वह प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि वह विकसित भारत की यात्रा को नई गति देने के उद्देश्य से वडोदरा आए हैं।
फ्रेट कॉरिडोर को बताया परिवहन क्षेत्र की बड़ी उपलब्धि
प्रधानमंत्री ने डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर को भारत की तेजी से बदलती अर्थव्यवस्था के लिए अहम परियोजना बताया। उन्होंने कहा कि पहले यात्री और मालगाड़ियां एक ही ट्रैक का इस्तेमाल करती थीं, जिससे दोनों तरह का परिवहन प्रभावित होता था। अलग फ्रेट कॉरिडोर बनने से माल ढुलाई की रफ्तार में बड़ा बदलाव आया है।
मोदी के मुताबिक, ईस्टर्न और वेस्टर्न फ्रेट कॉरिडोर पर अब हर दिन 430 से ज्यादा मालगाड़ियां संचालित हो रही हैं। पहले जहां मालगाड़ी को 100 किलोमीटर की दूरी तय करने में करीब साढ़े छह घंटे लगते थे, वहीं अब यह सफर आधे से भी कम समय में पूरा हो रहा है।
प्रधानमंत्री ने बताया कि देश में 2,800 किलोमीटर से अधिक लंबे डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का काम पूरा हो चुका है। उन्होंने इसे 21वीं सदी के भारत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
‘फाइलें अटकती, लटकती और भटकती थीं’
फ्रेट कॉरिडोर के निर्माण में हुई देरी का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि इस परियोजना पर विचार 2004 में शुरू हुआ था और 2006 में इसके लिए विशेष कंपनी भी बनाई गई थी। लेकिन 2014 तक परियोजना से जुड़ी फाइलें आगे नहीं बढ़ सकीं।
प्रधानमंत्री ने अपने अंदाज में कहा कि फाइलों को भी कोई ‘डेडिकेटेड कॉरिडोर’ नहीं मिला। उनके मुताबिक, 2014 के बाद केंद्र सरकार ने इस परियोजना को गति दी और अब 2,800 किलोमीटर से अधिक का नेटवर्क पूरा हो चुका है।
‘नाराज फूफा’ वाले बयान से सियासी तंज
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने फ्रेट कॉरिडोर के कारण ट्रांसपोर्ट सेक्टर पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर उठने वाली आपत्तियों पर भी टिप्पणी की। उन्होंने मुंबई के JNPT पोर्ट से वडोदरा तक डबल-स्टैक कंटेनर ट्रेन चलाए जाने का उदाहरण दिया।
पीएम मोदी ने कहा कि एक ऐसी मालगाड़ी में 250 से अधिक ट्रकों के बराबर सामान ले जाया जा सकता है। इसी संदर्भ में उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि अब कुछ ‘नाराज फूफा’ सवाल उठाएंगे कि ट्रक वालों का क्या होगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि इन ‘फूफा जी’ को अब फ्रेट कॉरिडोर की आलोचना करने का काम मिल गया है।
मैन्युफैक्चरिंग में वडोदरा की भूमिका पर जोर
पीएम मोदी ने विकसित भारत के अपने विजन में मैन्युफैक्चरिंग को भी प्रमुख स्थान बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, कौशल और उद्योग के बीच तालमेल के मामले में वडोदरा की लंबी परंपरा रही है।
उन्होंने C-295 सैन्य परिवहन विमान का जिक्र करते हुए कहा कि वडोदरा अब भारत में बने सैन्य परिवहन विमानों के लिए भी पहचाना जा रहा है। प्रधानमंत्री ने शहरवासियों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।
आदिवासी क्षेत्रों तक पहुंच रही रेल
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में रेल नेटवर्क का विस्तार उन क्षेत्रों तक भी किया जा रहा है, जहां कई दशकों तक रेल सुविधा नहीं पहुंच सकी थी। गुजरात, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के आदिवासी इलाकों को भी रेल संपर्क से जोड़ने की दिशा में काम हो रहा है।
उन्होंने पिछली सरकारों के रेल बजट में सीमित नई ट्रेनों की घोषणाओं पर भी तंज किया और कहा कि अब देश में लगातार नई ट्रेनें शुरू की जा रही हैं। वडोदरा के कार्यक्रम के दौरान भी कई नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई गई।
You may also like
-
सत्य निकेतन हादसे पर MCD का बड़ा एक्शन, डिप्टी कमिश्नर समेत 5 अधिकारी सस्पेंड
-
दिल्ली में मणिपुरी संगीतकार की हत्या, CCTV से खुला राज
-
कालीघाट मंदिर की तिजोरी की चाबी 1980 से गायब, करोड़ों के घोटाले का आरोप
-
पति है, इसलिए रेप नहीं? 12 साल पुराना सवाल फिर सुप्रीम कोर्ट में, मैरिटल रेप पर अब क्या होगा फैसला
-
QR Code बंद होने का खतरा! 15 सितंबर की डेडलाइन से संकट में छोटे दुकानदार, 30-35% मर्चेंट्स पर असर
