पटवारी ने बुजुर्ग की पीठ को बनाया पुल!
सीधी: मध्य प्रदेश के सीधी जिले से सरकारी कर्मचारी के हैरान करने वाले रवैये का वीडियो सामने आया है। यहां एक पटवारी नाला पार करने के लिए करीब 65 साल के बुजुर्ग की पीठ पर बैठ गया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिल रही है। लोगों ने मामले की शिकायत प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से की है।
वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि पटवारी खुद पानी में उतरकर नाला पार करने के बजाय एक बुजुर्ग व्यक्ति की पीठ पर बैठकर दूसरी तरफ पहुंच रहा है। वीडियो बनाने वाला व्यक्ति पटवारी को लेकर टिप्पणी भी करता सुनाई देता है।
बताया जा रहा है कि नाले में पानी ज्यादा गहरा नहीं था और पटवारी जूते उतारकर आसानी से पैदल भी उसे पार कर सकता था।
दरअसल, विंध्य क्षेत्र में हाल ही में हुई भारी बारिश से कई इलाकों में किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा है। इसी नुकसान का जायजा लेने और फसल क्षति का आकलन करने के लिए राजस्व विभाग की टीमें गांवों का दौरा कर रही हैं। इसी सिलसिले में सीधी जिले की माटा ग्राम पंचायत के हल्का पटवारी नीलेश नामदेव भी क्षेत्र में पहुंचे थे।
गांव में निरीक्षण के दौरान रास्ते में एक नाला पड़ा, जिसमें बारिश का पानी भरा हुआ था। आरोप है कि नाले को खुद पार करने के बजाय पटवारी ने करीब 65 वर्षीय ललवा केवट को अपनी मदद के लिए इस्तेमाल किया और उनकी पीठ पर बैठकर पानी पार कर लिया। इसी दौरान वहां मौजूद किसी ग्रामीण ने पूरा घटनाक्रम मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया।
वीडियो वायरल होने के बाद ग्रामीणों ने पटवारी के व्यवहार पर सवाल उठाते हुए अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की। मामले को लेकर गोपद बनास की एसडीएम प्रिया पाठक ने कहा कि प्रशासन को घटना की जानकारी मिली है।
उन्होंने बताया कि प्रशासनिक टीम गांव पहुंचकर स्थानीय लोगों और संबंधित बुजुर्ग के बयान दर्ज कर रही है। जांच के बाद पटवारी के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
मध्य प्रदेश में सरकारी अधिकारियों के इस तरह पानी पार करने का मामला पहले भी चर्चा में रह चुका है।
वर्ष 2016 में तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की एक तस्वीर सामने आई थी, जिसमें बाढ़ प्रभावित इलाके के दौरे के दौरान सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें गोद में उठाकर पानी पार कराया था। उस समय भी तस्वीर को लेकर राजनीतिक और सार्वजनिक स्तर पर काफी चर्चा हुई थी।
J&K के सीएम उमर अब्दुल्ला ने गाया पूरा वंदे मातरम, कांग्रेस ने जताई आपत्ति
You may also like
-
रबी सीजन के लिये करें बिजली की पर्याप्त व्यवस्था : ऊर्जा मंत्री तोमर
-
हेलमेट एवं सीटबेल्ट के अनिवार्य उपयोग को लेकर मध्यप्रदेश पुलिस का 10 दिवसीय विशेष अभियान
-
साइबर जालसाजों से सावधान रहें, बिल भुगतान केवल अधिकृत माध्यमों से ही करें : ऊर्जा मंत्री तोमर
-
‘पर्यावरण और जीवनशैली’ विषय पर प्री-सीओपी 31 परामर्श राष्ट्रीय संगोष्ठी गुरुवार को भोपाल में
-
मध्यप्रदेश पुलिस की साइबर अपराधों के विरुद्ध बड़ी सफलता
