MP की यूनिवर्सिटी में ‘3 इडियट्स’ स्टाइल मिस्ट्री
#Politicswala report
परीक्षा से पहले बंद अलमारी से गायब हुए प्रश्नपत्र कांग्रेस ने कहा- युवाओं का भविष्य चोरी! मध्यप्रदेश में पेपर लीक नहीं हो रहे, चोरी हो रहे हैं…
मामला बिलकुल फिल्मी है, आमिर खान की थ्री ईडियट्स की तरह जिसमें एक्टर पेपर ही चोरी कर लेता है। भोपाल के राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय यानी RGPV में भी कुछ ऐसा ही हुआ है।
जहां परीक्षा शुरू होने से ठीक पहले स्कूल ऑफ बायोटेक्नोलॉजी विभाग के सेकेंड ईयर के चौथे सेमेस्टर के कंप्यूटर विषय का कथित प्रश्नपत्र चोरी हो गया।
शुक्रवार को जब छात्र परीक्षा देने पहुंचे,
तब उन्हें बताया गया कि पेपर चोरी होने के कारण परीक्षा स्थगित कर दी है. इस घटना से छात्रों में नाराजगी फैल गई.
जानकारी के अनुसार, स्कूल ऑफ बायोटेक्नोलॉजी विभाग का कंप्यूटर विषय का पेपर शुक्रवार सुबह आयोजित होना था.
छात्र तय समय पर परीक्षा देने पहुंचे, लेकिन उन्हें परीक्षा शुरू होने से पहले ही सूचित कर दिया कि प्रश्नपत्र उपलब्ध नहीं है और परीक्षा फिलहाल स्थगित की जा रही है. अचानक लिए गए इस फैसले से छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ा और विश्वविद्यालय परिसर में चर्चा का माहौल बन गया.
मामले को गंभीर मानते हुए RGPV प्रबंधन ने भोपाल के गांधीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है. विश्वविद्यालय की ओर से पुलिस को बताया गया कि प्रश्नपत्र गुरुवार देर रात चोरी हो गया था.
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि पेपर कैसे गायब हुआ और इसके पीछे कौन लोग शामिल हो सकते हैं.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
विश्वविद्यालय के रिकॉर्ड, सुरक्षा व्यवस्था और प्रश्नपत्रों की निगरानी से संबंधित प्रक्रियाओं की भी पड़ताल की जा रही है. वहीं, विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा है कि परीक्षा की नई तारीख जल्द घोषित की जाएगी ताकि छात्रों की पढ़ाई और परीक्षा कार्यक्रम पर ज्यादा असर न पड़े.
पेपर चोरी का मामला सामने आते ही कांग्रेस ने राज्य सरकार को घेरना शुरू कर दिया. नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने लिखा कि भाजपा शासन में चोरी अब व्यवस्था का हिस्सा बनती जा रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि पहले वोट चोरी, फिर सीट चोरी, उसके बाद जमीन और मंदिरों से जुड़ी चोरी की घटनाएं सामने आईं और अब प्रश्नपत्र चोरी हो गया है.
उमंग सिंघार ने अपने बयान में कहा कि RGPV से गोपनीय प्रश्नपत्रों के नौ सीलबंद लिफाफे चोरी होने की बात सामने आई है…
बहरहाल मामला पुलिस जांच में है… हैरानी की बात ये है कि जिस रूम से चोरी हुई वहां 7 से 8 अलमारियां रखी थीं लेकिन चोरों को कैसे पता कि पेपर फंलां अलमारी में रखे है…
वो आराम से आए चोरी की और बाथरूम की खिड़की से गायब हो गए। दाल में कुछ काला है… या फिर पूरी दाल ही काली है… ये तो जांच में ही साफ हो पाएगा।
You may also like
-
सरकार से सहमति के बाद, CJP ने आंदोलन समाप्त करने का लिया फैसला ….!
-
69 हजार शिक्षक भर्ती नियुक्ति की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का प्रदर्शन, मायावती के आवास का किया घेराव
-
36 दिन के ऐतिहासिक आंदोलन के आगे झुकी सरकार: शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने दिया इस्तीफ़ा!
-
MP में छात्र आंदोलन तेज, 20 जिलों में सड़कों पर उतरे युवा; इंदौर में ड्रोन से हो रही प्रदर्शनकारियों की निगरानी
-
‘यहाँ देखिए, ये है पैलेट गन…’: राहुल गांधी ने साहिल के घाव दिखा सरकार को घेरा!
