ऑपरेशन शुद्धि: राजगढ़ पुलिस ने अंतर्राज्यीय एमडी ड्रग्स गिरोह का किया भंडाफोड़, 30 करोड़ की जब्ती

Share Politics Wala News

Politicswal Report

ऑपरेशन शुद्धि: राजगढ़ पुलिस ने अंतर्राज्यीय एमडी ड्रग्स गिरोह का किया भंडाफोड़, 30 करोड़ की जब्ती

जिला मुख्यालय राजगढ़ में मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन शुद्धि” के तहत राजगढ़ पुलिस ने बड़ी और सुनियोजित कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय स्तर पर संचालित एमडी ड्रग्स निर्माण एवं तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है।

पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी (आईपीएस) के निर्देशन में 4 फरवरी से 11 फरवरी 2026 के बीच की गई सिलसिलेवार कार्रवाई में गिरोह के सरगना सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर कुल 21.510 किलोग्राम तैयार एमडी ड्रग्स एवं 309 किलोग्राम से अधिक रॉ मटेरियल जप्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 30 करोड़ रुपये आंकी गई है।

पहली कार्रवाई: अवैध फैक्ट्री का खुलासा

4 फरवरी 2026 को थाना माचलपुर पुलिस ने जिला झालावाड़ (राजस्थान) की विशेष टीम से प्राप्त सूचना पर ग्राम गोघटपुर में दबिश दी। यहां आरोपी रघुनंदन पाटीदार द्वारा एमडी ड्रग्स का अवैध निर्माण किया जाना पाया गया। आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फॉर्च्यूनर वाहन क्रमांक MP13ZG0012 छोड़कर फरार हो गया। मौके से करीब 43 किलोग्राम रॉ मटेरियल, केमिकल एवं निर्माण उपकरण जप्त किए गए, जिनकी कीमत लगभग 4 करोड़ रुपये आंकी गई।

दूसरी कार्रवाई: जंगल में फेंके गए केमिकल बरामद

7 फरवरी 2026 को मुखबिर सूचना पर पुलिस टीम आदमपुरा के जंगल क्षेत्र में पहुंची, जहां खेत की खंती में पांच नीले प्लास्टिक ड्रम पड़े मिले। जांच में पाया गया कि ड्रमों में एमडी ड्रग निर्माण में प्रयुक्त 266.900 किलोग्राम केमिकल भरा था। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत लगभग 5 करोड़ रुपये है। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट की धारा 30 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

तीसरी कार्रवाई: सीसीटीवी से वाहन की पहचान

जांच के दौरान ग्राम रामगढ़ स्थित एक दुकान के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें सिल्वर रंग की मारुति वैगनआर कार क्रमांक RJ02CF2543 संदिग्ध गतिविधि में शामिल पाई गई। वाहन ललित कुमार गुर्जर निवासी बरखेड़ा खुर्द, जिला झालावाड़ के नाम पंजीबद्ध मिला। पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को ब्राह्मणगांव क्षेत्र से पकड़ लिया।

तीन आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ में बड़ा खुलासा

वाहन में सवार दिनेश गुर्जर, ललित गुर्जर और रामेश्वर गुर्जर को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि दीपक गुर्जर ने उन्हें अरनिया से ड्रम लाकर जंगल में फेंकने के लिए कहा था। पुलिस ने वाहन जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू की।

निर्णायक दबिश: दीपक गुर्जर से 10.160 किलो एमडी जब्त

11 फरवरी 2026 को थाना प्रभारी निरीक्षक भागीरथ शाक्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम माणा के पास से आरोपी दीपक गुर्जर (29) को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर ग्राम अरनिया स्थित उसके घर से 10.160 किलोग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की गई। विधिवत तौल, सीलबंदी और जब्ती की कार्रवाई की गई।

यह भी पढिए- भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ एक औपचारिक प्रस्ताव लाने की बात कही।

सरगना रघुनंदन पाटीदार गिरफ्तार

दीपक की निशानदेही पर रघुनंदन पाटीदार (34) को बरखेड़ा खुर्द, राजस्थान से हिरासत में लिया गया। उसकी सूचना पर सरसों के खेत से 11.350 किलोग्राम एमडी ड्रग्स जप्त की गई। इस प्रकार कुल 21.510 किलोग्राम तैयार एमडी ड्रग्स बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 21 करोड़ रुपये आंकी गई।

कुल जब्ती 30 करोड़ से अधिक

पूरे अभियान के दौरान 21.510 किलोग्राम तैयार एमडी ड्रग्स के अलावा 309 किलोग्राम से अधिक रॉ मटेरियल और केमिकल जप्त किए गए। कुल जब्ती की अनुमानित कीमत लगभग 30 करोड़ रुपये है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी माचलपुर निरीक्षक भागीरथ शाक्य सहित उपनिरीक्षक, सहायक उपनिरीक्षक, प्रधान आरक्षक, आरक्षक एवं तकनीकी टीम के अधिकारियों-कर्मचारियों की उल्लेखनीय भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।


 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *