ऑपरेशन ‘किया’: जम्मू & कश्मीर में जैश के दो आतंकी ढेर! सेना ने अमेरिकन M4 और AK-47 बरामद की

Share Politics Wala News

ऑपरेशन ‘किया’: जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सुरक्षाबलों ने एक बड़े अभियान के तहत आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के दो आतंकवादियों को मार गिराया। दोनों आतंकी एक दुर्गम पहाड़ी इलाके में स्थित गुफा में छिपे हुए थे और लगातार सुरक्षा बलों पर फायरिंग कर रहे थे।

इस पूरे एनकाउंटर का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आतंकियों को गुफा के अंदर से गोलीबारी करते देखा जा रह है।

सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, मुठभेड़ की शुरुआत मंगलवार शाम करीब 4 बजे हुई, जब आतंकियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिलने पर इलाके में तलाशी अभियान शुरू हो गया। घेराबंदी के दौरान आतंकियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद दोनों ओर से भारी गोलीबारी हुई।

शुरुआती मुठभेड़ में एक आतंकी घायल हुआ, लेकिन वह अपने साथी के साथ गुफा के अंदर घुसकर छिप गया। अंधेरा होने के कारण ऑपरेशन को बेहद सतर्कता के साथ आगे बढ़ाया गया।

मंगलवार रात करीब 7:30 बजे आतंकियों ने अंधेरे का फायदा उठाकर गुफा से बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा बलों की मुस्तैदी के चलते उनकी यह कोशिश नाकाम रही। इसके बाद इलाके में अतिरिक्त बलों को तैनात कर घेराबंदी और कड़ी कर दी गई।

पूरी रात और अगले दिन सुबह तक सर्च ऑपरेशन जारी रहा। करीब 20 घंटे तक चले इस अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने आतंकियों को बाहर निकलने का कोई मौका नहीं दिया।

बुधवार को हालात को देखते हुए सुरक्षाबलों ने गुफा के भीतर छिपे आतंकियों के खिलाफ अंडर बैरल ग्रेनेड लॉन्चर (UBGL) का इस्तेमाल किया। ग्रेनेड विस्फोट से गुफा का एक हिस्सा ध्वस्त हो गया, जिससे दोनों आतंकवादी मारे गए। एक आतंकी का शव गुफा के बाहर मिला, जबकि दूसरे का शव गुफा के अंदर गहराई में पाया गया।

मारे गए आतंकियों में जैश का टॉप कमांडर रुबानी उर्फ अबू माविया भी शामिल बताया जा रहा है, जो लंबे समय से इस इलाके में सक्रिय था।

यह भी पढ़ें- SIR पर ममता बनर्जी का हमला: बोलीं—चुनाव आयोग बंगाल को कर रहा है टारगेट, नामों के मामूली मिसमैच पर नोटिस हों वापस!

इस संयुक्त अभियान को सेना की व्हाइट नाइट कोर ने अंजाम दिया, जिसमें जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF भी शामिल थीं। ऑपरेशन को ‘किया’ नाम दिया गया था।

मुठभेड़ के बाद आतंकियों के पास से अमेरिकी M4 कार्बाइन, AK-47 असॉल्ट राइफल और बड़ी मात्रा में गोला बारूद बरामद किया गया है। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि यह कार्रवाई क्षेत्र में आतंकवादी गतिविधियों पर बड़ा प्रहार है और इससे आतंकी नेटवर्क को गंभीर नुकसान पहुंचा है

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *