MP Congress Protest: मध्य प्रदेश की राजनीति इन दिनों एक बयान को लेकर गरमाई हुई है।
नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा कांग्रेस नेता राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका गांधी को लेकर दिए गए विवादित बयान ने सियासी भूचाल ला दिया है।
अब इस मामले ने और तूल पकड़ लिया है क्योंकि जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. विजय शाह भी विजयवर्गीय के समर्थन में उतर आए हैं।
कांग्रेस ने इस बयान को न सिर्फ भाई-बहन जैसे पवित्र रिश्ते का अपमान बताया है, बल्कि प्रदेशभर में विरोध-प्रदर्शन करने का ऐलान कर दिया है।
कांग्रेस का प्रदेशव्यापी विरोध
राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को लेकर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के बयान के विरोध में कांग्रेस आज प्रदेशभर में विरोध दर्ज कराएगी।
कांग्रेस ने शनिवार को घोषणा की कि महिला कांग्रेस प्रदेश के सभी 55 जिलों में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा मंत्रियों के बयान पर आपत्ति दर्ज कराएगी।
इससे पहले शुक्रवार को भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह प्रदर्शन किए।
भोपाल में कार्यकर्ताओं ने मंत्री विजयवर्गीय के बंगले का घेराव किया, जहां पुलिस के साथ झूमाझटकी भी हुई।
इस दौरान कांग्रेसियों ने विजयवर्गीय के पोस्टर पर बनी जीभ पर गंगाजल छिड़क कर उसका “शुद्धिकरण” किया।
इसी तरह शाजापुर में भी कांग्रेसियों ने मंत्री का पुतला दहन किया।
पार्टी का कहना है कि विजयवर्गीय और शाह के बयान महिलाओं का अपमान है और भाई-बहन के पवित्र रिश्ते पर चोट है।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं की संस्कृति महिलाओं और रिश्तों का अपमान करने वाली है।
कुंठित कैलाश!
अपनी सोच सुधारो,
संस्कार सुधर जाएंगे! pic.twitter.com/V9qLifuvBO— MP Congress (@INCMP) September 26, 2025
क्या कहा था विजयवर्गीय ने?
विवाद की शुरुआत शाजापुर के एक कार्यक्रम से हुई, जहां मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा- हम पुरानी संस्कृति के लोग हैं।
हमारी बहनों के गांव जीरापुर में पानी तक नहीं पीते थे। मेरे पिताजी घर से लोटा लेकर जाते थे। लेकिन आज के प्रतिपक्ष के नेता अपनी जवान बहन को बीच चौराहे पर चुंबन करते हैं।
आपमें से कौन है जो ऐसा करेगा? यह संस्कारों का अभाव है। यह विदेशी संस्कृति है।
इस टिप्पणी के बाद कांग्रेस ने कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए कहा कि भाजपा नेता भारतीय परंपराओं और परिवार की मर्यादाओं का अपमान कर रहे हैं।
शाह का कैलाश को समर्थन
मामला तूल पकड़ता देख सबकी निगाहें भाजपा नेताओं की प्रतिक्रिया पर थीं, लेकिन इस बीच कैबिनेट मंत्री विजय शाह ने विजयवर्गीय का खुला समर्थन कर विवाद को और गहरा कर दिया।
खंडवा में एक कार्यक्रम में पहुंचे शाह ने कहा- भारतीय संस्कृति भाई-बहन के रिश्ते को पवित्र मानती है।
हमारी संस्कृति बहन का चुंबन लेने की इजाजत नहीं देती। यह आचरण भारतीय संस्कारों और परंपरा के विपरीत है।
यही नहीं, शाह ने खंडवा विधायक कंचन तनवे की ओर इशारा करते हुए कहा- ये मेरी सगी बहन भी हैं, तो क्या मैं सार्वजनिक रूप से चुंबन लूंगा?
हिंदुस्तानी संस्कृति और सभ्यता ऐसा नहीं सिखाती, कैलाश जी ने सही कहा है। उन्होंने मीडिया को भी सलाह दे डाली कि आप लोग ही इसे एक बार ट्राई करके देख लें।
यह हमारी संस्कृति, सभ्यता और परंपरा नहीं है। हमारे रीति रिवाज, परंपरा और संस्कार हमें यह नहीं सिखाते।
शाह ने यहां तक कहा कि अगर किसी को इस तरह की आदतें सही लगती हैं, तो वे उन्हें अपने घर तक सीमित रखें, सार्वजनिक मंच पर नहीं दिखाएं।
कैलाश विजयवर्गीय के बयान पर सियासत गरमाई, मंत्री विजय शाह ने किया समर्थन#KailashVijayvargiya #Congress #RahulGandhi #PriyankaGandhi #BJP #VijayShah #MadhyaPradesh #MPNews #BreakingNews
Priyanka Gandhi। Rahul Gandhi। Congress | @INCMP | pic.twitter.com/H0danqt1J9— Politicswala (@politicswala1) September 27, 2025
सठिया गए कैलाश, विजय शाह को भी घेरा
विवाद बढ़ने के बाद शुक्रवार को भोपाल में कैलाश विजयवर्गीय ने सफाई देते हुए कहा कि उनके बयान को टुकड़ों में पेश किया जा रहा है।
उन्होंने कहा- मैं रिश्तों की पवित्रता पर प्रश्नचिह्न नहीं लगा रहा हूं। मैंने भारतीय और विदेशी संस्कृति की तुलना की थी।
विजयवर्गीय की सफाई को कांग्रेस ने सिरे से खारिज कर दिया। PCC चीफ जीतू पटवारी ने कहा- उन्हें तुरंत इस्तीफा देना चाहिए।
कैलाश विजयवर्गीय पद पर बने रहने लायक नहीं हैं। उनका बयान सिर्फ राहुल गांधी पर हमला नहीं है, बल्कि भारत की प्राचीन संस्कृति और सभ्यता पर भी टिप्पणी है।
कैलाश की घटिया सोच पर मोदी-मोहन का मौन निंदनीय! pic.twitter.com/mQYLwM1wxc
— MP Congress (@INCMP) September 27, 2025
खंडवा में कांग्रेस ने भाजपा के खिलाफ जमकर हल्ला बोलते हुए मोर्चा खोल दिया। यहां पार्टी ने मंत्री विजयवर्गीय के बयान के विरोध में प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला फूंका।
इस दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा रघुवंशी और ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष उत्तम पाल सिंह पुरनी ने कहा कि मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सठिया गए हैं।
भाजपा मंत्री महिलाओं का सम्मान नहीं करते। इसीलिए वे कभी महिलाओं के कपड़ों पर तो कभी भाई-बहन के पवित्र रिश्ते पर बयानबाजी कर रहे हैं।
इतना ही नहीं, उन्होंने मंत्री विजय शाह पर भी निशाना साधते हुए कहा कि यह वही विजय शाह हैं, जो कर्नल सोफिया कुरैशी को पाकिस्तान की बहन बताते हैं।
उनकी पार्टी इतनी निर्लज्ज है कि उन पर एक्शन तक नहीं लेती। इसलिए कोर्ट और संविधान को स्वयं संज्ञान लेना पड़ता है।
विवाद बढ़ने के संकेत, नतीजा क्या निकलेगा?
कैलाश विजयवर्गीय और विजय शाह के बयान ने एक बार फिर से मध्य प्रदेश की राजनीति को गरमा दिया है।
कांग्रेस इसे हथियार बनाकर सड़कों पर उतर चुकी है, वहीं भाजपा बचाव की मुद्रा में दिखाई दे रही है।
कांग्रेस के प्रदेशव्यापी आंदोलन के ऐलान के बाद साफ है कि यह विवाद यहीं नहीं थमेगा।
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि भाजपा और कांग्रेस दोनों ही इस विवाद को अपने-अपने पक्ष में भुनाने की कोशिश करेंगे।
कांग्रेस इसे महिला सम्मान और भारतीय संस्कृति पर हमला बताकर जनता के बीच मुद्दा बनाएगी।
जबकि भाजपा इसे “विदेशी बनाम भारतीय संस्कृति” के चश्मे से पेश करने का प्रयास करेगी।
ये खबर भी पढ़ें – BJP का दोगलापन: पीएम की मां पर गाली तो देशभर में बवाल, फिर भाई-बहन के रिश्ते पर क्यों सवाल?
You may also like
-
उत्पादन से मूल्य संवर्धन तक : उद्यानिकी को नई ऊंचाई देने की तैयारी, किसानों की आय बढ़ाने पर नीति संवाद में मंथन
-
सोनिया गांधी वोटर लिस्ट केस में नया मोड़, दिल्ली कोर्ट ने मजिस्ट्रेट का आदेश किया रद्द
-
समृद्ध किसान-समृद्ध प्रदेश की थीम पर मनाया जाए प्रदेश का स्थापना दिवस : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
-
सड़कें होती है क्षेत्र के विकास और समृद्धि का आधार : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
-
नई पीढ़ी में देशभक्ति और आत्मविश्वास बढ़ाना ही सेवा संकल्प का मुख्य उद्देश्य: राज्यमंत्री गौर
