Delhi CM Rekha Gupta

Delhi CM Rekha Gupta

दिल्ली CM पर हमला: जनसुनवाई के दौरान आरोपी ने रेखा गुप्ता को मारा थप्पड़, सिर पर आई चोट

Share Politics Wala News

 

Delhi CM Rekha Gupta: दिल्ली की राजनीति बुधवार सुबह उस समय हिल गई जब मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला हो गया।

यह घटना मुख्यमंत्री आवास पर जन सुनवाई के दौरान की है। एक आरोपी ने सीएम को थप्पड़ मार दिया, हमले में उनके सिर पर चोट आ गई।

गृह मंत्रालय सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने गृह मंत्रालय को दिल्ली की मुख्यमंत्री पर हुए हमले की जानकारी दी है।

फिलहाल, आरोपी शख्स को हिरासत में लेकर दिल्ली पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

इस घटना ने न केवल राजधानी की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े किए।

बल्कि इसे लेकर BJP, कांग्रेस और AAP नेताओं की ओर से तीखी प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं।

क्या हुआ था सीएम आवास पर?

बुधवार सुबह मुख्यमंत्री आवास पर आम जनता की समस्याएं सुनने के लिए जनसुनवाई चल रही थी।

इस दौरान एक व्यक्ति अपनी शिकायत लेकर पहुंचा।

चश्मदीदों के अनुसार, पहले उसने सीएम को कुछ कागज सौंपे और बातचीत करने लगा।

अचानक उसने रेखा गुप्ता पर हमला कर दिया।

कुछ प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि आरोपी ने मुख्यमंत्री को थप्पड़ मारा।

वहीं, दिल्ली BJP अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा का कहना है कि आरोपी ने सीएम का हाथ पकड़कर खींचा।

इससे सीएम का सिर पास रखी मेज से टकरा गया और चोट लग गई।

मुख्यमंत्री कार्यालय ने भी हमले की पुष्टि करते हुए बयान जारी किया।

आज जनसुनवाई के दौरान एक व्यक्ति ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला किया।

दिल्ली पुलिस ने तुरंत आरोपी शख्स को हिरासत में लिया और सिविल लाइन पुलिस स्टेशन ले गई।

कौन है हमला करने वाला आरोपी?

सीएम आवास पर मौजूद लोगों ने पूरी घटना को चौंकाने वाला बताया।

शैलेंद्र कुमार (उत्तम नगर निवासी) ने कहा, मैं सीवर की शिकायत लेकर आया था।

अचानक हंगामा मचा और सबने कहा कि मुख्यमंत्री को थप्पड़ मारा गया। यह बिल्कुल गलत हुआ।

जनसुनवाई में मौजूद अंजली ने बताया कि पुलिस तुरंत उसे पकड़कर ले गई।

अगर कोई फर्जी व्यक्ति मुख्यमंत्री तक पहुंचकर थप्पड़ मार सकता है, तो यह गंभीर सुरक्षा चूक है।

शुरुआती जानकारी में आरोपी ने अपना नाम राजेश भाई खिमजी सकरिया बताया है।

आरोपी राजकोट का रहने वाला है और उसकी उम्र 41 साल है।

कुछ रिपोर्ट्स में आरोपी की उम्र 35 वर्ष बताई गई है।

दिल्ली पुलिस अब उसके दस्तावेज़ और पते की पुष्टि कर रही है और गुजरात पुलिस से भी संपर्क साधा गया है।

पुलिस अभी यह जांच रही है कि आरोपी की मंशा क्या थी?

क्या वह वास्तव में अपनी शिकायत लेकर आया था या हमले की कोई साजिश थी?

कैसी है मुख्यमंत्री की तबीयत?

घटना के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को तुरंत आवास पर मौजूद मेडिकल टीम ने देखा।

उनके सिर में हल्की चोट है, लेकिन स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

दिल्ली के मुख्य सचिव और कई मंत्री उन्हें देखने सीएम हाउस पहुंचे।

दिल्ली बीजेपी के वरिष्ठ नेता रमेश बिधूड़ी ने कहा कि यह हमला जनसुनवाई को बाधित करने की कोशिश हो सकती है।

वहीं तेजिंदर बग्गा ने X पर लिखा- दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता पर हमले की खबर चौंकाने वाली है।

मैं उनकी सुरक्षा और शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं। बजरंग बली उन पर कृपा बनाए रखें।

घटना पर भाजपा का पक्ष

दिल्ली BJP प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि आरोपी किसी हताश पार्टी से जुड़ा हो सकता है, जिसने सीएम पर हमला करने की कोशिश की।

प्रवीण शंकर के मुताबिक 35 साल का एक व्यक्ति दस्तावेज लेकर आया था।

उसने सीएम को कागज दिए और फिर हमला करने की कोशिश की।

यह किसी ऐसी राजनीतिक ताकत का कृत्य हो सकता है जो हताश हो चुकी है।

वहीं, दिल्ली BJP अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने थप्पड़ मारे जाने की बात से साफ इनकार किया।

उनका कहना है कि व्यक्ति ने मुख्यमंत्री का हाथ पकड़कर खींचने की कोशिश की।

धक्का-मुक्की में उनका सिर मेज के कोने से टकरा गया, वह एक मजबूत महिला हैं।

सीएम को सदमा जरूर लगा है, लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया है कि उनका कामकाज प्रभावित नहीं होगा।

आप और कांग्रेस की प्रतिक्रिया

दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और AAP नेता आतिशी ने X पर लिखा— मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुआ हमला बेहद निंदनीय है।

लोकतंत्र में असहमति और विरोध की जगह होती है, लेकिन हिंसा का कोई स्थान नहीं है।

उम्मीद है दिल्ली पुलिस दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करेगी। आशा है कि सीएम सुरक्षित हैं।

वहीं AAP नेता अनुराग ढांडा ने भी कहा कि पुलिस जांच कर रही है और पार्टी हिंसा की किसी भी घटना का विरोध करती है।

इधर दिल्ली कांग्रेस प्रमुख देवेंद्र यादव ने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया।

उन्होंने कहा कि रेखा गुप्ता पूरी दिल्ली की मुख्यमंत्री हैं। उन पर हमला सिर्फ उनकी नहीं, बल्कि लोकतंत्र की सुरक्षा पर सवाल है।

इस घटना ने महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।

अगर राजधानी में मुख्यमंत्री ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम महिलाओं और पुरुषों की सुरक्षा कैसे होगी?

राजधानी में सुरक्षा पर भरोसा कैसे?

यह पहली बार नहीं है जब किसी बड़े नेता पर सार्वजनिक मंच पर हमला हुआ हो।

लेकिन यह घटना इसलिए ज्यादा गंभीर मानी जा रही है क्योंकि यह सीएम आवास के भीतर हुई, जहां सुरक्षा इंतजाम आम जगहों से कहीं अधिक कड़े रहते हैं।

कांग्रेस और AAP नेताओं ने सुरक्षा व्यवस्था की लापरवाही को इस हमले का कारण बताया है।

फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है और जांच जारी है।

दिल्ली पुलिस पर दबाव है कि वह जल्द से जल्द यह बताए कि आखिर इतनी बड़ी चूक कैसे हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *