बस ड्राइवर के घर कुबेर का खजाना! 28 करोड़ कैश और 15 किलो सोना बरामद…
पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में बुधवार रात हुई एक छापेमारी ने पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ पूरे राज्य को हैरान कर दिया। पुलिस जब एक पूर्व बस ड्राइवर के घर पहुंची तो वहां नोटों और सोने का ऐसा जखीरा मिला कि गिनती करने वाली टीम भी दंग रह गई।
घर से करीब 28 करोड़ रुपये नकद और 15 किलोग्राम सोना बरामद किया गया है। बरामद सोने की कीमत लगभग 21 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस तरह कुल बरामदगी का आंकड़ा करीब 49 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
हालात ऐसे थे कि नोटों की गिनती के लिए पांच करेंसी काउंटिंग मशीनें लगानी पड़ीं, लेकिन लगातार कई घंटों तक चलने के बाद सभी मशीनें खराब हो गईं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी रात नकदी गिनने का काम चलता रहा।
पुलिस ने इस मामले में मिनार मंडल को गिरफ्तार किया है। मिनार मंडल पहले राज्य परिवहन विभाग में बस ड्राइवर के तौर पर काम करता था, लेकिन बाद में वह पत्थर और रेत के कारोबार से जुड़ गया। जांच एजेंसियों के मुताबिक, उसका संबंध बीरभूम के चर्चित कारोबारी तुलु मंडल उर्फ मोहम्मद नजीबुद्दीन से है, जो उसका रिश्तेदार भी बताया जा रहा है।
दरअसल, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मोहम्मद बाजार इलाके में बड़ी मात्रा में नकदी छिपाकर रखी गई है। सूचना के आधार पर बुधवार रात छापेमारी शुरू की गई। शुरुआत में अधिकारियों को करीब 5.5 करोड़ रुपये मिले, लेकिन जैसे-जैसे तलाशी आगे बढ़ी, रकम बढ़कर 28 करोड़ रुपये से अधिक हो गई। इसी दौरान करीब 15 किलो सोना भी बरामद किया गया।
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में मिनार मंडल ने दावा किया कि बरामद नकदी और सोना कथित तौर पर तुलु मंडल और उसके नेटवर्क से जुड़ा हुआ है। हालांकि, पुलिस अभी इस दावे की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इतनी बड़ी रकम आखिर कहां से आई और इसका असली मालिक कौन है।
मिनार मंडल का नाम पहले भी पत्थर और रेत के कारोबार से जुड़ चुका है। पुलिस का कहना है कि वह तुलु मंडल के स्टोन क्रशर और खदानों से जुड़े कामकाज में भी शामिल था। तुलु मंडल को पूर्व टीएमसी नेता अनुब्रत मंडल का करीबी माना जाता है। इसी वजह से इस मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है।
छापेमारी के बाद पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पुलिस टीम की तारीफ की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि –
अवैध रेत और पत्थर कारोबार के खिलाफ यह कार्रवाई सराहनीय है और सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की संपत्ति का दुरुपयोग करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा
Commendable job by our Law Enforcement personnel for the crackdown on Sand Mafia.
Following a precise operation based on source based information, Birbhum Police conducted a major raid under Mohammad Bazar PS targeting the hideout of illegal sand mafia Tullu Mondal alias Mohd… pic.twitter.com/Ln4XJCWKKY
— Suvendu Adhikari (@SuvenduWB) July 29, 2026
इस कार्रवाई के बाद वर्ष 2024 में हुई तुलु मंडल की बेटी की भव्य शादी भी एक बार फिर चर्चा में आ गई है। बताया जाता है कि इस शादी पर करीब 100 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे। समारोह में बॉलीवुड अभिनेता अरबाज खान, अभिनेत्री जरीन खान और बंगाली फिल्म उद्योग के कई कलाकार शामिल हुए थे।
इतनी बड़ी बरामदगी के बाद तृणमूल कांग्रेस के भीतर भी राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई है। पार्टी के अलग-अलग गुट एक-दूसरे पर आरोपी से संबंध होने के आरोप लगा रहे हैं। वहीं, पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है और आने वाले दिनों में इस मामले में कई और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
You may also like
-
‘वंदे मातरम् बिल’ लोकसभा से पास, राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद बन जाएगा कानून
-
2014 के बाद भाजपा सबसे गंभीर मुसीबत में
-
रिटायरमेंट से एक दिन पहले 6 हजार की रिश्वत लेते पकड़े गए निगम के इंजीनियर!
-
तमिलनाडु के स्कूलों में, मिड डे-मील में चिकिन बिरयानी, राज्य के शिक्षा मंत्री ने रखा सरकार के समक्ष प्रस्ताव!
-
साँसे टूटी पर ज़िंदगी ज़िंदाबाद…
