Prashant Kishor

Prashant Kishor

बांकीपुर में भाजपा का 30 साल पुराना किला ढहा, प्रशांत किशोर ने दर्ज की बड़ी जीत

Share Politics Wala News

बांकीपुर में भाजपा का 30 साल पुराना किला ढहा, प्रशांत किशोर ने दर्ज की बड़ी जीत

पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने भाजपा को बड़ा झटका दिया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की पारंपरिक सीट पर प्रशांत किशोर ने भाजपा उम्मीदवार नीरज सिन्हा को 18,953 वोटों से हराकर जीत दर्ज की।

प्रशांत किशोर को कुल 63,203 वोट मिले, जबकि भाजपा उम्मीदवार नीरज सिन्हा 44,250 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। वहीं, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की उम्मीदवार रेखा कुमारी को 14,085 वोट मिले।

इस दौरान प्रशांत किशोर का एक बयान भी तेजी से वायरल हो रहा है। अपने संबोधन में उन्होंने भाजपा के उस पुराने बयान का जिक्र किया, जिसमें कहा गया था कि “अगर बांकीपुर से कुत्ता-बिल्ली को भी उम्मीदवार बना दिया जाए, तब भी भाजपा चुनाव जीत जाएगी।

30 साल बाद टूटा भाजपा का गढ़

बांकीपुर विधानसभा सीट पर साल 1995 से भाजपा का कब्जा था। पहले नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा और बाद में उनके बेटे नितिन नवीन लगातार यहां से चुनाव जीतते रहे। लेकिन इस बार उपचुनाव में जनसुराज ने भाजपा के इस मजबूत किले को ध्वस्त कर दिया।

गौरतलब है कि 2025 के विधानसभा चुनाव में नितिन नवीन इसी सीट से 51 हजार से ज्यादा वोटों से जीते थे। राज्यसभा सदस्य बनने के बाद उन्होंने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद यहां उपचुनाव कराया गया।

जीत के बाद बोले प्रशांत किशोर-

“बिहार की जनता ने आपको 202 विधायक चुनकर विधानसभा भेजे हैं। ऐसे में राज्य की कमान किसी ऐसे व्यक्ति के हाथों में नहीं होनी चाहिए, जिसकी छवि पर सवाल उठते हों। बिहार को ऐसे नेतृत्व की जरूरत है, जो शिक्षा, रोजगार और विकास को प्राथमिकता दे, ताकि यहां के युवाओं को रोज़गार की तलाश में दूसरे राज्यों में पलायन न करना पड़े।” उन्होंने आगे कहा, “बांकीपुर की जनता ने अपने वोट के जरिए यही संदेश दिया है। जिन्होंने हमें समर्थन दिया, उनका मैं दिल से आभार व्यक्त करता हूं। वहीं, जिन्होंने हमें वोट नहीं दिया, उनका विश्वास जीतने के लिए हम और अधिक मेहनत करेंगे। बिहार को एक बेहतर नेतृत्व की जरूरत है, तभी राज्य सही मायनों में आगे बढ़ सकेगा।”

मुख्यमंत्री ने दी बधाई

प्रशांत किशोर की जीत के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्हें बधाई दी। उन्होंने लिखा कि लोकतंत्र में जनता का फैसला सर्वोपरि होता है और वह बांकीपुर की जनता के निर्णय का सम्मान करते हैं।

कम मतदान के बीच बदला राजनीतिक समीकरण

बांकीपुर उपचुनाव में कुल 34.30 प्रतिशत मतदान हुआ, जो 2025 के विधानसभा चुनाव की तुलना में करीब सात प्रतिशत कम था। कुल 1,30,208 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

राजनीतिक दलों ने कम मतदान को अपने-अपने तरीके से देखा। भाजपा ने इसे अपने पारंपरिक मतदाताओं की कम भागीदारी से जोड़ा, जबकि जनसुराज ने इसे बदलाव के पक्ष में जनता का संकेत बताया।

जश्न में डूबे जनसुराज कार्यकर्ता

नतीजे सामने आने के बाद जनसुराज कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया। पार्टी कार्यालय और सड़कों पर समर्थक डीजे की धुन पर नाचते नजर आए। प्रशांत किशोर ने विजय जुलूस निकालकर लोगों का अभिवादन भी स्वीकार किया।

यह भी पढ़ें- दतिया में फिर नहीं चला भाजपा का जादू, कांग्रेस ने 6056 वोटों से दर्ज की बड़ी जीत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *