Bihar Mahila Rojgar Yojana

Bihar Mahila Rojgar Yojana

बिहार की 75 लाख महिलाओं को ₹10-10 हजार की सौगात, PM ने की मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की शुरुआत

Share Politics Wala News

 

Bihar Mahila Rojgar Yojana: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को वर्चुअल माध्यम से बिहार की महिलाओं के लिए एक ऐतिहासिक पहल की शुरुआत की।

उन्होंने मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ का शुभारंभ करते हुए राज्य की 75 लाख महिलाओं के खातों में सीधे ₹10-10 हजार की राशि ट्रांसफर की।

इस योजना से न सिर्फ बिहार की महिलाओं को आर्थिक सहारा मिलेगा, बल्कि यह आने वाले विधानसभा चुनावों से पहले राज्य की राजनीति पर भी गहरा असर डालने वाली है।

2020 के आंकड़ों के मुताबिक, बिहार में महिला वोटर्स की संख्या करीब 3.39 करोड़ है। ऐसे में इस योजना से सीधे तौर पर लगभग 22 फीसदी महिला मतदाता लाभान्वित होंगे।

बहनों की खुशहाली में ही भाइयों की खुशी- पीएम

योजना की शुरुआत करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाए बिना समाज का विकास संभव नहीं है।

उन्होंने कहा, पहले योजनाओं का पैसा महिलाओं तक पहुंचने से पहले ही लूट लिया जाता था।

लेकिन अब जन-धन खातों की वजह से एक-एक रुपया सीधे उनके पास पहुंच रहा है।

एक भाई तभी खुश होता है, जब उसकी बहन स्वस्थ और खुशहाल हो।

आज आपके दो भाई – नरेंद्र और नीतीश – आपकी समृद्धि के लिए मिलकर काम कर रहे हैं।

मोदी ने जीविका दीदियों को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार की महिलाएं हमेशा संघर्ष करती रही हैं, लेकिन आज उनकी मेहनत को नई पहचान मिल रही है।

बिहार को अंधेरे दौर में नहीं जाने देंगे- पीएम

पीएम मोदी ने अपने भाषण में राजद शासनकाल पर तीखा हमला बोला।

उन्होंने कहा कि उस दौर में अराजकता और नक्सली आतंक अपने चरम पर था और इसका सबसे ज्यादा खामियाजा महिलाओं को ही भुगतना पड़ा।

उस समय सड़कें, पुल-पुलिया कुछ नहीं थे। महिलाएं सबसे ज्यादा असुरक्षित महसूस करती थीं।

लेकिन आज नीतीश जी के नेतृत्व में कानून का राज लौटा है और बेटियां बेखौफ होकर घर से निकल रही हैं।

लिखकर रखिए, बिहार को अब कभी उस अंधेरे दौर में नहीं जाने देना है।

जीविका दीदियों से प्रधानमंत्री का संवाद

कार्यक्रम के दौरान भोजपुर की रीता देवी और गया की नूरजहां खातून ने पीएम मोदी से संवाद किया।

रीता देवी की तेज बोलने की शैली सुनकर मोदी मुस्कुराए और हाथ जोड़कर उनका अभिवादन किया।

वहीं नूरजहां खातून से बात करते हुए मोदी ने कहा कि वे हफ्ते में 50 महिलाओं को इकट्ठा करके उन्हें प्रेरित करें ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इस योजना का फायदा उठा सकें।

पीएम मोदी ने महिलाओं की जीवनशैली में आए बदलावों पर चर्चा करते हुए कहा कि पहले महिलाएं लकड़ी-कोयला ढोकर चूल्हे के धुएं में जिंदगी गुजारती थीं।

उन्होंने कहा, चूल्हे का धुआं 400 सिगरेट के बराबर होता था। इससे कैंसर और दूसरी गंभीर बीमारियां होना तय था।

लेकिन उज्ज्वला योजना ने न सिर्फ महिलाओं को धुएं से मुक्ति दी बल्कि उनके जीवन को भी उज्जवल बना दिया।”

लखपति दीदी’ योजना को मिलेगी गति

प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र की लखपति दीदी योजना को भी इस पहल से नई रफ्तार मिलेगी।

अभी तक देश की 2 करोड़ से अधिक महिलाएं लखपति बन चुकी हैं, जिनमें बिहार की महिलाएं बड़ी संख्या में शामिल हैं।

महिलाओं की मेहनत से गांव और समाज बदले हैं। मेरा विश्वास है कि देश में सबसे ज्यादा लखपति दीदी अब बिहार में ही होंगी।

वहीं, इस दौरान कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी ऑनलाइन जुड़े।

उन्होंने कहा कि 2005 से पहले की सरकारों ने महिलाओं के लिए कोई ठोस काम नहीं किया।

लालू यादव पर निशाना साधते हुए नीतीश बोले, ये तो हट गए थे तो पत्नी को बना दिया मुख्यमंत्री।

वो केवल अपने परिवार को देखते थे। हमने हमेशा जनता और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए काम किया है।

नीतीश ने बताया कि उनकी सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा दिया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *