Tejashwi Yadav CM Face

Tejashwi Yadav CM Face

बिहार चुनाव 2025: महागठबंधन में CM-डिप्टी CM फेस तय, तेजस्वी-मुकेश का नाम; जानें कांग्रेस को क्या मिला?

Share Politics Wala News

 

Tejashwi Yadav CM Face: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की सियासत ने गुरुवार (23 अक्टूबर) को निर्णायक मोड़ लिया।

महीनों से चल रही अटकलों और मतभेदों के बीच आखिरकार महागठबंधन ने अपने मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के चेहरों का ऐलान कर UR दिया।

पटना में हुई जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने यह घोषणा की।

इस बार के चुनाव में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव महागठबंधन के मुख्यमंत्री उम्मीदवार होंगे।

जबकि विकासशील इंसान पार्टी (VIP) प्रमुख मुकेश सहनी को महागठबंधन का डिप्टी सीएम फेस बनाया गया है।

अशोक गहलोत ने कहा, सबकी राय लेकर हमने तय किया है कि तेजस्वी यादव महागठबंधन के मुख्यमंत्री उम्मीदवार होंगे।

डिप्टी सीएम के तौर पर मुकेश सहनी होंगे, साथ ही अन्य पिछड़े वर्गों से एक और उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की संभावना है।

गहलोत ने तीखे अंदाज में एनडीए पर तंज कसते हुए कहा, हमारा नेता स्पष्ट है — तेजस्वी यादव।

अब NDA बताए कि उनका नेता कौन है। सिर्फ ‘नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ेंगे’ कहने से काम नहीं चलेगा।

देश के हालात गंभीर, बदलाव जरूरी – गहलोत 

गहलोत ने कहा कि देश के हालात बेहद गंभीर हैं। उन्होंने कहा, लोग चिंतित हैं कि देश किस दिशा में जा रहा है।

बेरोजगारी, महंगाई और किसान संकट के बीच जनता बदलाव चाहती है। बिहार के चुनाव पर पूरे देश की नजर है।

लोकतंत्र केवल नाम का रह गया है और अब बिहार इस लोकतंत्र की रक्षा करेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि तेजस्वी यादव ने 2020 में कमाल किया था और इस बार जनता उन्हें सीएम की कुर्सी तक जरूर पहुंचाएगी।

प्रेस कॉन्फ्रेंस करीब 50 मिनट चली, जिसमें RJD, कांग्रेस, VIP, CPI, CPM और CPI(ML) समेत 7 दलों के 14 नेता मौजूद रहे।

इसमें तेजस्वी यादव, अशोक गहलोत, दीपांकर भट्टाचार्य, अब्दुल बारी सिद्दीकी, ललन चौधरी, रामनरेश पांडे, राजेश राम, कृष्णा अल्लावरू, पवन खेड़ा और अभय दुबे समेत तमाम बड़े नेता शामिल थे।

गहलोत ने कहा कि 28 अक्टूबर को महागठबंधन अपना घोषणापत्र जारी करेगा, जिसके बाद राहुल गांधी और तेजस्वी यादव एक साथ बिहार में चुनावी रैली करेंगे।

20 साल पुरानी निकम्मी सरकार को उखाड़ फेंकेंगे – तेजस्वी

तेजस्वी यादव ने अपने संबोधन में कहा, महागठबंधन ने एक बार फिर मुझ पर भरोसा जताया है, इसके लिए मैं सभी नेताओं और बिहार की जनता का आभारी हूं।

हम यह वादा करते हैं कि इस भरोसे पर खरे उतरेंगे। 20 साल पुरानी निकम्मी सरकार को उखाड़ फेंकेंगे और नया बिहार बनाएंगे।

उन्होंने नीतीश कुमार और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, जेडीयू ने 20 साल राज किया, मोदी जी 11 साल से सत्ता में हैं, लेकिन बिहार आज भी सबसे गरीब राज्य है।

यहां इंडस्ट्री नहीं है, लोग पलायन कर रहे हैं। भ्रष्टाचार चरम पर है, बिना घूस के काम नहीं होता। अफसर सरकार चला रहे हैं, जनप्रतिनिधि नहीं।

पुल गिर रहे हैं, सड़कें टूटी हैं, अपराध बढ़ रहा है, लेकिन किसी की जवाबदेही नहीं है। तेजस्वी ने कहा कि एनडीए के पास कोई विजन नहीं है।

हमने पेंशन बढ़ाने की बात की तो उन्होंने भी कह दिया कि पेंशन बढ़ाएंगे, हमने नौकरी की बात की तो वे भी नकल करने लगे। इनके पास न नीति है, न नीयत। ये सिर्फ कुर्सी के भूखे हैं।

महागठबंधन की एकता पर तेजस्वी-मुकेश

तेजस्वी ने कहा, मैं बिहार को बनाना है, इसलिए हम सब एकजुट हुए हैं।

यह गठबंधन सिर्फ सत्ता पाने के लिए नहीं, बल्कि बिहार के विकास के लिए बना है।

लालू यादव, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अशोक गहलोत, दीपांकर भट्टाचार्य जैसे सभी नेताओं का मैं आभारी हूं।

उन्होंने एनडीए पर तंज कसते हुए कहा, नीतीश कुमार के साथ भाजपा अन्याय कर रही है।

अगर वे एनडीए के सीएम फेस हैं तो घोषणा क्यों नहीं की जा रही?

अमित शाह खुद कई बार कह चुके हैं कि नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री नहीं बनाएंगे।

जेडीयू के कुछ नेता भाजपा के लिए काम कर रहे हैं और अपनी पार्टी को खत्म कर रहे हैं।

वहीं, वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, मैं साढ़े तीन साल से इस दिन का इंतजार कर रहा था।

भाजपा ने जिस तरह हमारे विधायकों को तोड़ा और गरीब मल्लाहों का अपमान किया, उसके बाद मैंने संकल्प लिया था कि जब तक बीजेपी को तोड़ेंगे नहीं, छोड़ेंगे नहीं।

अब वक्त आ गया है। महागठबंधन मजबूत है, हम बिहार में भाजपा को हराकर सरकार बनाएंगे।

लेफ्ट नेताओं का दावा, बिहार देगा संविधान बचाने का संदेश

महागठबंधन के मंच पर शामिल लेफ्ट दलों के नेताओं ने भी गठबंधन की एकजुटता पर भरोसा जताया।

भाकपा (माले) के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा, यह चुनाव बिहार के युवाओं, किसानों और मजदूरों का है।

यह देश के संविधान को बचाने की लड़ाई है। हम कहना चाहते हैं कि बिहार तैयार है — वोट चोर, गद्दी छोड़।

सीपीएम नेता ललन चौधरी ने कहा, हम एकजुट होकर लड़ेंगे और बिहार बदलेगा। अब बदलाव की बहार आने वाली है।

सीपीआई के रामनरेश पांडे ने जोड़ा, पूरा महागठबंधन एकजुट है और यह एकता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।

कांग्रेस बोली – गठबंधन पहले से ज्यादा मजबूत

कांग्रेस के बिहार प्रभारी राजेश राम ने कहा, आज का दिन गठबंधन के लिए ऐतिहासिक है।

महीनों से चली चर्चाओं के बाद हम एकजुट होकर जनता के सामने हैं।

आज महागठबंधन की ताकत सबके सामने दिखेगी। हम तेज रफ्तार से आगे बढ़ेंगे।

उन्होंने कहा, “NDIA गठबंधन की नींव राहुल गांधी ने अपनी यात्राओं और जनसंपर्क से मजबूत की थी।

आज वही एकता बिहार में दिख रही है। गठबंधन में किसी तरह का मतभेद नहीं है।

तेजस्वी की तस्वीर पर सियासी बयानबाजी

महागठबंधन की प्रेस कॉन्फ्रेंस में लगे पोस्टर में केवल तेजस्वी यादव की तस्वीर होने पर जन अधिकार पार्टी के प्रमुख पप्पू यादव ने नाराजगी जताई।

उन्होंने कहा, किसी और की नहीं, राहुल गांधी की फोटो पर ही वोट पड़ेंगे। जब तक सीटों का फैसला नहीं होता, तब तक गठबंधन को कोई कदम नहीं उठाना चाहिए।

वहीं बिहार बीजेपी अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने तंज कसते हुए कहा, महागठबंधन के अंदर गुटबाजी साफ दिख रही है।

ये लोग सरकार नहीं चला सकते, ऑफिस में बैठकर दिखा रहे हैं कि हम एक हैं, लेकिन जमीनी सच्चाई कुछ और है।

गहलोत ने सुलझाई सीट बंटवारे की गुत्थी

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने बुधवार को लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव से मुलाकात की थी। इस बैठक में कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावरू भी शामिल थे।

सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस ने पहले तेजस्वी को सीएम फेस बनाने पर आपत्ति जताई थी, लेकिन अब वह मान गई है। इसके साथ ही सीट बंटवारे पर भी लगभग सहमति बन गई है।

पिछले कुछ हफ्तों से कांग्रेस और आरजेडी के बीच सीटों को लेकर विवाद था, लेकिन अब इसे सुलझा लिया गया है।

महागठबंधन में तय हुआ है कि कांग्रेस को स्पीकर पद या एक उपमुख्यमंत्री पद दिया जाएगा, जबकि आरजेडी नेतृत्वकारी भूमिका में रहेगी।

महागठबंधन का घोषणापत्र 28 अक्टूबर को जारी होगा। इसमें रोजगार, उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य और भ्रष्टाचार के मुद्दों को प्रमुखता दी जाएगी।

तेजस्वी ने कहा कि हमारा लक्ष्य 10 लाख रोजगार देने का है, और यह सिर्फ घोषणा नहीं, बल्कि प्रतिबद्धता है।

बहरहाल, तेजस्वी यादव के सीएम फेस बनने और मुकेश सहनी को डिप्टी सीएम उम्मीदवार घोषित किए जाने से महागठबंधन ने बिहार चुनाव में अपना चेहरा साफ कर दिया है।

कांग्रेस ने भी मतभेद भुलाकर साथ आने का संकेत दे दिया है। अब बारी एनडीए की है कि वह अपने मुख्यमंत्री उम्मीदवार की घोषणा करे।

ये खबर भी पढ़ें – महागठबंधन में सब ठीक! लालू-तेजस्वी से मिले अशोक गहलोत

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *