PM Modi Rally: बिहार विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने चुनावी अभियान की शुरुआत जननायक कर्पूरी ठाकुर की भूमि समस्तीपुर से की।
इसके बाद उन्होंने बेगूसराय में भी बड़ी चुनावी सभा को संबोधित किया। दोनों जगह पीएम मोदी ने राष्ट्रीय जनता दल(RJD) पर निशाना साधा।
भीड़ से अपने मोबाइल फोन की फ्लैश लाइट चालू करवाकर पीएम ने पूछा— इतनी रोशनी में भी क्या हमें लालटेन की जरूरत है?”
प्रधानमंत्री ने कहा कि NDA सरकार ने देश में सस्ते इंटरनेट और मोबाइल की सुविधा देकर करोड़ों युवाओं को नई संभावनाएं दी हैं।
कांग्रेस के समय मोबाइल फोन न सिर्फ महंगा था, बल्कि पूरा सिस्टम कुछ लोगों के हाथ में बंद था।
लेकिन आज देश में 200 से अधिक मोबाइल फोन निर्माण संयंत्र हैं और युवा कंटेंट क्रिएशन के जरिए रोजगार पा रहे हैं।
समस्तीपुर में पीएम ने अपने संबोधन में कुल 17 बार ‘जंगलराज’ का जिक्र किया।
उन्होंने कहा कि 2005 से पहले बिहार में डर, धमकी, रंगदारी और अपहरण का दौर था। लोग शाम ढलते ही घरों में सिमट जाते थे।
उद्योग-धंधे ठप थे और लाखों युवाओं को रोजगार की तलाश में राज्य से बाहर जाना पड़ता था।
महागठबंधन – अटक, लटक, झटक, पटक दल
बेगूसराय में प्रधानमंत्री ने महागठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा— एक तरफ NDA है, जहां नीतीश जी, चिराग जी, कुशवाहा जी जैसे अनुभवी और समझदार नेता एकजुट हैं।
दूसरी तरफ महागठबंधन है, जो अटक, लटक, झटक और पटक की राजनीति में उलझा है।
उन्होंने कहा कि राजद पिछले दो दशकों में कोई बड़ा चुनाव नहीं जीत पाई, लेकिन फिर भी उसकी राजनीति अहंकार में डूबी रहती है।
कांग्रेस 35 साल से राजद की पिछलग्गू बनी हुई है। वीआईपी और लेफ्ट पार्टियों को भी किनारे कर दिया गया। यह गठबंधन सिद्धांतों के लिए नहीं, बल्कि सत्ता के लिए बना है।
प्रधानमंत्री ने समस्तीपुर और बेगूसराय दोनों जगह तेजस्वी यादव और राजद पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा— जंगलराज के नेताओं ने सिर्फ अपने बेटे-बेटियों का भविष्य बनाया।
लेकिन बिहार के युवाओं का भविष्य बर्बाद किया। उद्योग बंद हो गए, फैक्टरियों पर ताले लग गए, पूरा राज्य कई साल पीछे चला गया।
पीएम ने कहा कि आज जब बिहार विकास के रास्ते पर तेजी से बढ़ रहा है, तो महागठबंधन फिर से राज्य को पीछे धकेलना चाहता है।
नई रफ्तार से चलेगा बिहार, फिर आएगी NDA सरकार
समस्तीपुर की रैली में पीएम मोदी ने भीड़ से मोबाइल की फ्लैश लाइट जलाने को कहा। पूरा मैदान चमक उठा।
तभी मंच से उन्होंने कहा— दूसरे देशों में एक जीबी डेटा 100-150 रुपए में मिलता है, लेकिन इस चाय वाले ने डेटा को एक कप चाय से भी कम दाम में पहुंचाया है।
उन्होंने कहा कि सस्ते इंटरनेट ने युवाओं को नई पहचान और रोजगार के साधन दिए हैं।
आज बिहार का युवा वीडियो बनाकर, डिजिटल सेवाओं में काम करके, ऑनलाइन व्यापार से आगे बढ़ रहा है।
प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में कई बार जनता को NDA के समर्थन के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा— 2005 में बिहार ने जंगलराज से मुक्ति पाई थी। अब 2025 में बिहार को समृद्धि के नए दौर में प्रवेश दिलाने की जिम्मेदारी आपके हाथ में है।
पीएम मोदी ने दावा किया कि इस बार बिहार NDA को अब तक का सबसे बड़ा जनादेश देने जा रहा है।
महिलाओं और किसानों के लिए योजनाओं का जिक्र
पीएम मोदी ने कहा कि बिहार की 1 करोड़ 20 लाख जीविका दीदियों को रोजगार बढ़ाने के लिए सहायता दी गई है। अगर NDA की सरकार फिर से बनी तो यह सहायता और बढ़ाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि बिहार के लाखों किसानों के खातों में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत 28 हजार करोड़ रुपए भेजे जा चुके हैं।
मखाना बोर्ड की स्थापना को भी उन्होंने बड़ा बदलाव बताया और कहा कि इससे छोटे किसानों और मछुआरों को बड़ा बाजार मिलेगा।
समस्तीपुर में मंच पर मौजूद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार में विकास कार्यों की निरंतरता बनाए रखना जरूरी है।
उन्होंने कहा— हमने सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और महिलाओं की सुरक्षा पर लगातार काम किया है। इसे आगे बढ़ाने के लिए NDA का फिर सत्ता में आना आवश्यक है।
बहरहाल, पीएम मोदी की रैलियों ने बिहार की चुनावी हवा को और तेज कर दिया है। उन्होंने अपने इलेक्शन कैंपेन की शुरुआत JDU गढ़ से की है।
बता दें समस्तीपुर जिले की 10 विधानसभा सीटों पर 7 कैंडिडेट्स JDU से, 2 BJP और एक LJPR से है।
वहीं चुनावी रैली से पहले प्रधानमंत्री कर्पूरी ग्राम पहुंचे थे और भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने उनके परिवार के सदस्यों से भी मुलाकात की।
पीएम ने कहा— कर्पूरी ठाकुर मां भारती के अनमोल रत्न थे। उन्हीं की नीतियों और संघर्षों के कारण आज मेरे जैसा गरीब और पिछड़ा इस मंच पर खड़ा है।
You may also like
-
अफ़ग़ान बाल वधू बनी यूरोप की शीर्ष बॉडीबिल्डर!
-
आडवाणी ने जो सांप्रदायिकता के बीज बोए, उसकी फ़सलें अब मोदी जी काट रहे हैं !
-
सबसे अलग .. बिहार में भाजपा हिन्दुत्वादी क्यों नहीं दिखती ?
-
68 लाख किलो नकली घी बेचकर जैन सेठों ने भगवान को लगाया 250 करोड़ का चूना !
-
#biharelection .. माथा देखकर तिलक करता चुनावआयोग
