Rahul Gandhi

Rahul Gandhi

बिहार में गठबंधन के बिना चुनाव जीतना मुश्किल- राहुल गाँधी

Share Politics Wala News

#politicswala report

Bihar Politics:  कांग्रेस नेता राहुल गांधी सोमवार को बिहार दौरे पर थे। इस दौरान पटना में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार में भाजपा जदयू को हराने के लिए गठबंधन जरूरी है। इसके बाद से यह कयास लगाए जा रहे हैं कि कांग्रेस ने अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। इधर भाजपा राहुल गाँधी के बिहार आने और कन्हैया कुमार की पदयात्रा दोनों पर कड़ा रुख किये हुए है। भाजपा के वरिष्ठ नेता इस पर तानाकशी कर रहे हैं।

Rahul Gandhi in Bihar
Rahul Gandhi in Bihar

Rahul Gandhi Bihar visit: पटना। बिहार में राजनीतिक हलचल तेज है। इस साल के अंत तक विधानसभा चुनाव होने हैं। तमाम पार्टियों ने अपने-अपने हिस्से की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में कांग्रेस नेता और सांसद राहुल गांधी बिहार दौरे पर थे। इस दौरान वे बेगूसराय पहुंचे, जहां उन्होंने कन्हैया की अगुआई में चल रही ‘पलायन रोको, नौकरी दो’ पदयात्रा में हिस्सा लिया।
इसके बाद वे पटना पहुंचे, जहां उन्होंने सदाकत आश्रम में पार्टी के नेताओं को संबोधित किया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पार्टी नेताओं को एक बार फिर से स्पष्ट कर दिया है कि बिहार विधानसभा का चुनाव गठबंधन के साथ ही लड़ा जायेगा।
उन्होंने कहा कि बिना गठबंधन किये बिहार में भाजपा- जदयू को नहीं हराया जा सकता है। कांग्रेस को जो भी सीटें मिलें पर पार्टी के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि सभी अपनी सरकार बनाने में जुट जाएँ।
उन्होंने पार्टी नेताओं से कहा कि वे समाज में पिछड़े, अतिपिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक, महिला और सामान्य वर्ग के गरीबों के बीच पहुंचकर उनको कांग्रेस के साथ जोड़ने का काम करें

सदाकत आश्रम बना अखाड़ा

सदाकत आश्रम में आयोजित पार्टी नेताओं के कार्यक्रम के बाद आश्रम एक बार फिर से मारपीट का आखाड़ा बन गया। राहुल गांधी की सभा में सीट पर बैठने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट के बाद समाप्त हुआ। रीगा के पूर्व विधायक अमित सिंह टुन्ना और रवि रंजन के बीच कुर्सी को लेकर विवाद हुआ और हॉल के अंदर कहासुनी हुई। जैसे ही कार्यक्रम समाप्त हुआ दोनों के बीच में हाथापाई होने लगी।

राहुल न बिहार के मुद्दों पर गंभीर न बिहारियों का लेकर गंभीर

पदयात्रा समाप्त होने के बाद समस्तीपुर से LJP (R) सांसद शांभवी चौधरी ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, “बिहार की जनता एनडीए के साथ मजबूती से खड़ी है। बेगूसराय में जो पदयात्रा उनकी लंबी चलनी चाहिए थी, वो शुरू होते ही खत्म हो गई। दूसरी बात यह है कि वो (राहुल गांधी) बिहार आते हैं 5 मिनट में चले जाते हैं। न वो बिहार के मुद्दों को लेकर गंभीर है न बिहारियों को लेकर। विपक्ष की सरकार ने हमेशा बिहारियों के साथ सौतेला व्यवहार किया है। बिहारियों के सपने को कभी प्राथमिकता नहीं दी गई है।
किस विषय पर पदयात्रा करने के लिए आए वो भी बड़ा मजेदार है। कांग्रेस पार्टी और आरजेडी ने मिलकर बिहार में पलायन की जड़ों को गाड़ा। वे लोग पलायन को लेकर पदयात्रा कर रहे हैं, ये सबसे मजेदार बात है। ”

शांभवी चौधरी ने राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा उन्होंने कहा, “वो कोई यात्रा नहीं थी, उन्होंने गेस्ट एंट्री मारी और उसके बाद निकल गए। हमारे बिहार में अतिथि देवो भव: के संस्कार हैं, राहुल गांधी को पता होना चाहिए कि वो बिहार के लिए अतिथि ही थे और हमेशा अतिथि ही रहेंगे। ”

‘टुकड़े-टुकड़े गैंग का फ्यूज बल्ब बिहार में फिट नहीं कर पाएँगे राहुल गांधी

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि राहुल गाँधी फूटी लालटेन लेकर टुकड़े-टुकड़े गैंग का एक फ्यूज बल्ब बिहार में फिट नहीं कर पाएंगे और न उनकी यात्रा से कांग्रेस का अंधेरा दूर होगा। वे अँधेरे में हाथ-पैर मारते रह जाएंगे।
देश कांग्रेस को नकार चुका है। बिहार को गरीब-पिछड़ा बनाने का पाप तो कांग्रेस और राजद के दो प्रथम परिवारों ने मिलकर किया। आज वे मिलकर घड़ियाली आँसू बहा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जो पार्टी राज्य से सामूहिक पलायन, बेरोजगारी, अपराध, भ्रष्टाचार और दलितों के नरसंहार तक में लालू प्रसाद के साथ खडी थी, उसके नेता राहुल गांधी को इन अत्याचारों के लिए जनता से माफी मांगनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार आज सबसे तेज विकास करने वाला राज्य है। राज्य में निवेश बढ रहा है और 2.5 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आ चुके हैं।
चौधरी ने कहा कि एनडीए सरकार विधान सभा चुनाव तक 12 लाख लोगों को सरकारी नौकरी और 38 लाख लोगों को रोजगार देने का लक्ष्य पूरा कर देगी। उपमुख्यमंत्री चौधरी ने कहा कि तेज ढांचागत विकास, कृषि रोडमैप, बाढ नियंत्रण और छोटे शहरों को विमान सेवा से जोड़ने जैसी योजनाएँ लागू होने से जब लोग बिहार लौट रहे हैं, तब पलायन कोई मुद्दा ही नहीं है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *