दतिया में फिर नहीं चला भाजपा का जादू, कांग्रेस ने 6056 वोटों से दर्ज की बड़ी जीत…..
मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस ने एक बार फिर भाजपा को बड़ा झटका दिया है।
कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने भाजपा के आशुतोष तिवारी को 6056 वोटों के अंतर से हराकर जीत दर्ज की।
खास बात यह रही कि पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के पोलिंग बूथ पर भी भाजपा को हार का सामना करना पड़ा।
मतगणना के दौरान शुरुआत से ही कांग्रेस बढ़त बनाए हुए थी। नौवें राउंड तक कांग्रेस की बढ़त 9519 वोटों तक पहुंच गई थी। हालांकि, आखिरी दौर में भाजपा ने कुछ बढ़त हासिल की, लेकिन जीत का अंतर घटकर 6056 वोट रह गया।
दतिया के इस उपचुनाव में कांग्रेस से घनश्याम सिंह भाजपा के आशुतोष तिवारी और आजाद समाज पार्टी के दामोदर सिंह यादव समेत कुल 21 उम्मीदवार मैदान में थे।
नरोत्तम मिश्रा के बूथ पर भी भाजपा पीछे
पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के पोलिंग बूथ नंबर 121 पर कांग्रेस को 291 वोट मिले, जबकि भाजपा को 264 वोटों से संतोष होना पड़ा। इस नतीजे को भाजपा के लिए बड़ा राजनीतिक संदेश माना जा रहा है।
हार के बाद क्या बोले भाजपा उम्मीदवार?
हार के बाद भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने कहा कि पार्टी इस हार की समीक्षा करेगी। उन्होंने कहा कि कुछ ऐसे लोगों ने पार्टी के साथ विश्वासघात किया, जो खुद को भाजपा का सच्चा कार्यकर्ता बताते थे। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने जीत के बाद कहा कि भीतरघात का चुनाव परिणाम पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा और जनता ने विकास और बदलाव के पक्ष में मतदान किया है।
मतगणना केंद्र पर हुई नोकझोंक
मतगणना के नौवें राउंड के दौरान ईवीएम रखने की जगह को लेकर भाजपा और कांग्रेस के एजेंटों के बीच विवाद की स्थिति बन गई। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत करा दिया।
क्यों हुआ था उपचुनाव?
दतिया विधानसभा सीट कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को सहकारी ग्रामीण विकास बैंक घोटाला मामले में दो साल की सजा मिलने के बाद खाली हुई थी। इसके बाद निर्वाचन आयोग ने यहां उपचुनाव कराने का फैसला लिया था।
गौरतलब है कि वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस के राजेंद्र भारती ने तत्कालीन गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को 7742 वोटों से हराया था। अब उपचुनाव में भी कांग्रेस ने अपनी जीत बरकरार रखी है।
यह भी पढ़ें- बृजभूषण को कोर्ट से बड़ी राहत, फैसले से नाराज पहलवानों ने हाईकोर्ट जाने का किया ऐलान
You may also like
-
बांकीपुर में भाजपा का 30 साल पुराना किला ढहा, प्रशांत किशोर ने दर्ज की बड़ी जीत
-
बृजभूषण को कोर्ट से बड़ी राहत, फैसले से नाराज पहलवानों ने हाईकोर्ट जाने का किया ऐलान
-
अभिजीत दीपके की अमेरिका में पढ़ाई और फंडिंग पर उठे सवाल…
-
किसने चुराई हमारी नीली जर्सी?
-
पूर्व मंत्री पारस जैन ने संथारा लेकर प्राण त्यागे

