Amit Shah Rally: बिहार विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तीन चुनावी जनसभाएं हैं।
उन्होंने लखीसराय में आयोजित पहली रैली में महागठबंधन और कांग्रेस-RJD पर सीधा हमला बोला और मेनिफेस्टो को झूठा बताया।
शाह ने कहा कि बिहार की जनता इस बार NDA को ऐतिहासिक जीत दिलाने जा रही है और RJD-कांग्रेस गठबंधन को करारी हार का सामना करना पड़ेगा।
अमित शाह ने अपने भाषण के दौरान राहुल गांधी के एक हालिया बयान का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने छठ पूजा को लेकर अपमानजनक टिप्पणी की है।
शाह ने कहा— राहुल बाबा ने छठ मइया का अपमान किया है। आपके नेताओं ने मोदी जी की माता जी का भी अपमान किया था। बिहार इसका बदला वोट से लेगा। छठ केवल पूजा नहीं, बिहार की आस्था है।
उन्होंने यह भी कहा कि 14 तारीख को जब मतपेटियां खुलेंगी, तब दीखेगा कि जनता ने NDA को भारी जनसमर्थन दिया है।
गृह मंत्री ने कहा कि इस चुनाव में वोट केवल विधायक या सांसद बनाने के लिए नहीं, बल्कि बिहार की दिशा तय करने के लिए है।
उन्होंने कहा— आपका एक-एक वोट नीतीश जी और मोदी जी के नेतृत्व में बिहार को विकसित बनाने के लिए है। यह वोट जंगलराज को रोकने के लिए है।
महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों के लिए योजनाओं का ज़िक्र
अमित शाह ने NDA सरकार की उपलब्धियां गिनाईं:
- जीविका दीदियों के खाते में 10,000 रुपए भेजे गए, आगे 2 लाख तक लोन उपलब्ध कराने की तैयारी।
- पटना में मेट्रो निर्माण कार्य जारी।
- 1,000 रुपए का बेरोजगारी भत्ता युवाओं को।
- बुजुर्गों की पेंशन 400 रुपए से बढ़ाकर 1,100 रुपए।
- आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाया गया।
उन्होंने कहा कि NDA सरकार ने गरीब, महिला, किसान और युवा सभी वर्गों के लिए वास्तविक काम किए हैं।
RJD और कांग्रेस पर भ्रष्टाचार का हमला
अमित शाह ने कहा कि लालू-राबड़ी शासनकाल में बिहार “घोटालों की धरती” बन गया था।
मैं बताता हूं, चारा घोटाला, लैंड फॉर जॉब स्कैम, होटल बेचने का स्कैम, बाढ़ राहत घोटाला, आय से अधिक संपत्ति का घोटाला किसने किया। ये सब इन लोगों ने ही किया।
छोटे मियां तो छोटे मियां बड़े मियां सुभानअल्लाह। लालू-राबड़ी ने जो किया सो किया इनके बड़े मियां राहुल गांधी ने भी करोड़ों के घोटाले कर दिए।
अमित शाह ने कहा कि महागठबंधन ने राम मंदिर निर्माण का विरोध किया था। RJD और कांग्रेस वालों ने कभी राम और सीता का सम्मान नहीं किया।
उन्होंने कहा— मोदी जी ने अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनाया। अब हम सीता जी के भव्य मंदिर निर्माण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ा रहे हैं। सीतामढ़ी से अयोध्या तक सीधा ट्रेन मार्ग शुरू होगा।
जब-जब मोदी का अपमान हुआ, कमल उतना तेज खिला
शाह ने हालिया विवादित SIR (State Information Register) को लेकर विपक्ष पर हमला बोला।
उन्होंने कहा— RJD और कांग्रेस घुसपैठियों के साथ खड़े हैं। हमारी सरकार आएगी तो एक-एक घुसपैठिए को पहचानकर बाहर किया जाएगा।
लखीसराय के बाद अमित शाह ने मुंगेर के असरगंज में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के समर्थन में रैली की
शाह ने जनसभा में कहा, मुंगेर से बीजेपी के कैंडिडेट सम्राट चौधरी को जिताइए। मोदी जी इन्हें बहुत बड़ा आदमी बनाएंगे।
कहा जाता है कि मुंगेर में सीता माता ने छठ पूजा की थी। देश-दुनिया में लोगों ने छठ पूजा की। कल राहुल बाबा आए थे उन्हें ये सब नहीं पता।
कैसे पता होगा उनका ननिहाल इटली में है। वो कह रहे हैं छठ मइया की पूजा की एक ड्रामा है। नौटंकी है।
मोदी जी का आप अपमान करो तब तक तो ठीक है, लेकिन राहुल भइया आपने छठ मइया का अपमान किया है। बिहार की जनता अपना पर्चा जरूर दिखाएगी।
कांग्रेस वालों ने जब-जब मोदी जी के लिए अपशब्द कहे तब-तब देश की जनता ने जवाब दिया है। राहुल बाबा की यात्रा में मोदी जी की मां को गाली दी।
2002 से 2025 तक का इतिहास है जब-जब मोदी का अपमान हुआ, कमल का फूल उतना ही खिला है।
मुंगेर के बाद अमित शाह नालंदा के हिलसा में JDU उम्मीदवार कृष्ण मुरारी शरण के लिए समर्थन में भी जनसभा को संबोधित करेंगे।
