PM Modi Diwali Letter

PM Modi Diwali Letter

दिवाली पर देश के नाम PM का लेटर: ऑपरेशन सिंदूर में अन्याय का बदला लिया, श्रीराम हमें धर्म-न्याय का मार्ग दिखाते हैं

Share Politics Wala News

 

PM Modi Diwali Letter: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दीपावली के अवसर पर देशवासियों के नाम एक विशेष पत्र जारी किया, जिसमें उन्होंने देश के हर नागरिक को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

प्रधानमंत्री ने लिखा कि यह दीपावली बेहद खास है क्योंकि अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर निर्माण के बाद यह दूसरी दीपावली है और इस बार पूरे देश में एक नई चेतना और उत्साह का वातावरण है।

उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन हमें सिखाता है कि कैसे धर्म और न्याय के रास्ते पर चलकर अन्याय के खिलाफ विजय प्राप्त की जा सकती है।

भारत ने धर्म का पालन कर अन्याय का बदला लिया

प्रधानमंत्री ने अपने पत्र में हाल ही में हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का जिक्र करते हुए कहा कि यह अभियान देश के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि साबित हुआ।

पीएम मोदी ने लिखा, “कुछ महीने पहले हुए ऑपरेशन सिंदूर में भारत ने धर्म का पालन किया और अन्याय का बदला लिया। इस अभियान ने दिखाया कि जब देश धर्म और न्याय के मार्ग पर चलता है, तो कोई भी अन्याय ज्यादा देर तक टिक नहीं सकता।”

उन्होंने कहा कि अब देश के कई ऐसे जिलों में, खासकर दूरदराज के नक्सल प्रभावित इलाकों में, दीपावली पहली बार शांति और विकास के दीपों से जगमगा रही है।

प्रधानमंत्री ने इसे राष्ट्र की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक बताया कि कई लोग हिंसा का रास्ता छोड़कर विकास की मुख्यधारा में लौट रहे हैं और भारतीय संविधान में विश्वास जता रहे हैं।

पीएम ने अपने पत्र में आर्थिक मोर्चे पर सरकार की हालिया उपलब्धियों और सुधारों का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि नवरात्रि के पहले दिन कम जीएसटी दरें लागू की गईं, जिसके तहत देशभर में ‘जीएसटी बचत उत्सव’ मनाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि इससे देशवासियों को हजारों करोड़ रुपये की बचत हो रही है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि वैश्विक स्तर पर अनेक चुनौतियों के बावजूद, भारत आज स्थिरता और संवेदनशीलता दोनों का प्रतीक बनकर उभरा है।

उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा कि विकसित और आत्मनिर्भर भारत की इस यात्रा में, हर नागरिक का योगदान सबसे महत्वपूर्ण है।

उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का पालन करें और हर छोटे प्रयास से देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाएं।

उन्होंने कहा कि भारत का हर व्यक्ति यदि अपने जीवन में अनुशासन, स्वच्छता और सेवा की भावना को अपनाए, तो देश को ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य तक पहुंचने से कोई नहीं रोक सकता।

स्वदेशी अपनाने और स्वास्थ्य पर जोर

प्रधानमंत्री ने पत्र में देशवासियों से ‘स्वदेशी उत्पादों’ को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि हमें गर्व के साथ कहना चाहिए— ‘यह स्वदेशी है।’ मोदी ने लोगों से स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने और ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को आगे बढ़ाने का आग्रह किया।

इसके साथ ही उन्होंने नागरिकों को कुछ खास सुझाव भी दिए—

  • स्वदेशी को अपनाएं: स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा दें और गर्व से उपयोग करें।
  • एक भारत, श्रेष्ठ भारत: सभी भाषाओं और संस्कृतियों का सम्मान करें, एकता की भावना को मजबूत बनाएं।
  • स्वच्छता और स्वास्थ्य: अपने आस-पास की स्वच्छता बनाए रखें और स्वास्थ्य को प्राथमिकता दें।
  • तेल का उपयोग कम करें: भोजन में तेल का प्रयोग 10% घटाएं और संतुलित आहार अपनाएं।
  • योग को जीवन का हिस्सा बनाएं: योग के माध्यम से मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को सशक्त बनाएं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि यदि हर नागरिक इन छोटे-छोटे प्रयासों को अपनाएगा, तो देश ‘विकसित भारत’ की ओर तेज़ी से बढ़ेगा।

प्रधानमंत्री ने अपने पत्र के अंत में लिखा कि दीपावली हमें यह सिखाती है कि जब एक दीपक दूसरे दीपक को जलाता है, तो उसका प्रकाश कम नहीं होता, बल्कि और अधिक फैलता है।

उन्होंने कहा, इसी भावना के साथ, आइए हम अपने समाज में सद्भाव, सहयोग और सकारात्मकता के दीप जलाएं।

मोदी ने देशवासियों से आग्रह किया कि वे दीपावली को केवल उत्सव के रूप में नहीं, बल्कि एक प्रेरणा का पर्व बनाएं—जहां हर व्यक्ति समाज में एक सकारात्मक बदलाव का दीपक जलाए।

नौसैनिकों के साथ मनाई दीपावली

अपने पत्र के अलावा प्रधानमंत्री मोदी ने इस बार की दीपावली गोवा में भारतीय नौसेना के INS विक्रांत पर जवानों के साथ मनाई।

यह लगातार 12वीं बार है जब प्रधानमंत्री ने दीपावली देश के रक्षाकर्मियों के बीच बिताई। गोवा में पीएम ने नौसैनिकों से करीब 40 मिनट तक संवाद किया।

उन्होंने कहा, INS विक्रांत आज आत्मनिर्भर भारत और मेड इन इंडिया का प्रतीक है। यह वही विक्रांत है, जिसने हाल ही में पाकिस्तान की रातों की नींद उड़ा दी थी। जिसका नाम ही दुश्मन का चैन छीन ले, वो विक्रांत है।

पीएम मोदी ने नौसैनिकों के साथ मिठाई बांटी, उनके साथ गीत गाए और डिनर किया। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं पर डटे हर जवान की वजह से ही देश दीपावली की खुशियां मना पाता है।

वहीं, दिवाली पर पीएम का पत्र न सिर्फ दीपावली की शुभकामनाओं का माध्यम रहा, बल्कि यह विकसित भारत, आत्मनिर्भरता और एकता का संदेश भी देता है।

उन्होंने कहा कि श्रीराम की प्रेरणा और भारत की सामूहिक शक्ति मिलकर वह स्वर्ण युग रच सकती है, जिसका सपना हर भारतीय देखता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *