–मेस में गंदगी फैली, खाने में कीड़े भी मिल चुके
-यूनिवर्सिटी के अस्पताल में छात्राओं को भर्ती कराया गया है।
-वार्डन और डॉक्टर नहीं दे रहे जवाब- बोले – पीआरओ से बात करो
अनूपपुर। अनूपपुर जिले के अमरकंटक में इंदिरा गांधी नेशनल ट्राइबल यूनिवर्सिटी के गर्ल्स हॉस्टल की 60 छात्राओं की तबीयत वहां मेस का खाना खाने के बाद ख़राब ही गई । खाना खाने के बाद छात्राओं ने सिरदर्द, पेटदर्द की शिकायत की। कई छात्राओं को उल्टियां होने लगीं। सोमवार देर रात सभी को कैम्पस के अस्पताल में भर्ती कराया गया। 6 छात्राओं की हालत नाजुक है। डॉक्टरों का कहना है कि सभी को फूड पॉइजनिंग हुई है।
कैंपस के अस्पताल में इलाज कर रहे डॉक्टर ने बताया कि करीब 100 छात्राओं को कैंपस के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इनमें से 2 से 3 छात्राओं को छत्तीसगढ़ के पेंड्रा जिला अस्पताल रेफर किया है। छात्राओं का कहना है कि सब्जी में कुछ गड़बड़ थी। उसे खाने से सब बीमार हुए हैं। इसके पहले भी मेस के खाने में कीड़े भी मिल चुके हैं। छात्राओं ने पहले भी मेस में गन्दगी और खाने की क्वालिटी को लेकर शिकायत की है। नाराज छात्राओं ने मेस का एक वीडियो बनाकर वायरल किया जिसमें काफी गंदगी दिखाई दे रही है।
विश्वविद्यालय की छात्राओं ने बताया कि सोमवार रात के खाने में आलू गोभी की सब्जी, चावल, रोटी और दाल बनी थी। रोजाना की तरह सभी ने खाना खाया। रात करीब 11 बजे एक के बाद एक सभी छात्राओं की तबीयत बिगड़ने लगी।
गर्ल्स हॉस्टल की वार्डन वासु चौधरी ने कुछ भी बोलने से इंकार कर दिया और कहा आप पीआरओ से बात कर लीजिए। छात्राओं का इलाज कर रहे डॉ. शिवंक त्रिपाठी ने बताया कि पीआरओ को बता दिया है, उन्हीं से बात करें।
विश्वविद्यालय के पीआरओ रजनीश त्रिपाठी ने बताया, फूड पॉइजनिंग का मामला था। ज्यादा जानकारी मुझे भी नहीं है। कितनी छात्राओं को रेफर किया, इस बारे में पता नहीं है। रजिस्ट्रार और मेस वार्डन के साथ बैठक कर जांच कमेटी बनाई जाएगी। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
60 छात्राओं की तबीयत बिगड़ने के बाद अन्य छात्राएं रात में मेस के किचन में पहुंच गईं। यहां चारों ओर गंदगी पड़ी थी। छात्राओं ने किचन का वीडियो बनाया। आज (मंगलवार) सुबह यह वीडियो सामने आया है। वीडियो में दिख रहा है कि टाइल्स पर धूल और गंदगी लगी हुई है। खाने की सामग्री खुले में पड़ी है। फर्श और टेबल भी गंदा पड़ा है।
You may also like
-
केन बेतवा लिंक परियोजना के क्रियान्वयन से बुंदेलखंड क्षेत्र में आयेगी खुशहाली : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
-
कठिनाईयों और संघर्ष के बावजूद अपनी पहचान और गौरव को बनायें रखने वाले सिंधी समाज पर सभी को गर्व : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
-
मुख्यमंत्री डॉ. यादव, सोमवार को भारत भवन में करेंगे भारतीय मातृभाषा अनुष्ठान का शुभारंभ
-
BRICS समिट खत्म, PM मोदी बोले- सिर्फ देशों का समूह नहीं, समाधान का इकोसिस्टम
-
पूरे क्षेत्र को स्वास्थ्य सेवाओं से कवर करें, शत-प्रतिशत टीकाकरण एवं गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीयन एवं एएनसी जांच सुनिश्चित हो: उप मुख्यमंत्री शुक्ल
