अहमदाबाद /नई दिल्ली।
राहुल गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष का पर्चा भरते ही बयानबाजी का दौर भी शुरू हो गया है। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा कि राहुल कांग्रेस के डार्लिंग हैं। वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर ने राहुल की ताजपोशी की तुलना मुगलकाल से कर दी। उन्होंने कहा कि बादशाह का बेटा ही बादशाह बनता है। इधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राहुल को औरंगजेब बता दिया।
कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए सोनिया गांधी के बेटे और पार्टी के उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को पर्चा भरा। इस मौके पर राहुल के साथ सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, दिल्ली की पूर्व सीएम सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस दौरान मनमोहन सिंह ने कहा कि राहुल गांधी कांग्रेस के डार्लिंग हैं और वे पार्टी की महान परंपरा को आगे बढ़ाएंगे। वहीं पंजाब के सीएम कैप्टन अमिरंदर सिंह ने कहा कि राहुल देश के एक अच्छे प्रधानमंत्री बनेंगे।
अध्यक्ष पद पर नेहरू-गांधी परिवार से छठे सदस्य
कांग्रेस अध्यक्ष चुने जाने पर यह पद संभालने वाले नेहरू-गांधी परिवार के छठे शख्स होंगे राहुल। 132 साल में नेहरू-गांधी परिवार 44 साल अध्यक्ष रहा। इन 44 साल में से 25 साल मोतीलाल नेहरू से राजीव गांधी तक कांग्रेस अध्यक्ष रहे। परिवार में पं. जवाहरलाल नेहरू सबसे कम 40 साल की उम्र में तो सोनिया सबसे ज्यादा 52 की उम्र में अध्यक्ष बनीं। कांग्रेस में सोनिया सबसे ज्यादा 19 साल से अध्यक्ष हैं।
आज हो सकता है अध्यक्ष का ऐलान
बतौर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल की ताजपोशी का ऐलान 5 दिसंबर को हो सकता है। ऐसा इसलिए मुमकिन है, क्योंकि इस बात की संभावना नहीं के बराबर है कि राहुल के मुकाबले के लिए कांग्रेस का कोई दूसरा नेता मैदान में उतरे। ऐसे में 5 दिसंबर को वे निर्विरोध चुने जाएंगे।
बादशाह का बेटा ही बादशाह -अय्यर
कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव की प्रक्रिया पर सवाल उठा रहे कांग्रेस के ही नेता और रॉबर्ट वाड्रा के रिश्तेदार शहजाद पूनावाला के सवाल पर मणिशंकर अय्यर ने कहा कि एक तो जहांगीर की जगह शाहजहां आए…तब कोई इलेक्शन हुआ। शाहजहां की जगह औरंगजेब आए… कोई इलेक्शन हुआ? नहीं, पहले से पता था कि जो भी बादशाह हैं उनका बेटा ही बादशाह बनेगा और आपस में वो लड़ें तो अलग बात है। लेकिन लोकतंत्र में चुनाव होता है।
अय्यर के बयान पर मोदी का पलटवार
पीएम मोदी ने गुजरात के धरमपुर में कांग्रेस नेता अय्यर के बयान पर कहा, उनके नेता कहते हैं कि जहांगीर की जगह जब शाहजहां आए तब चुनाव हुआ? जब उनकी जगह औरंगजेब आए तब चुनाव हुआ? यह तो पहले ही पता था कि जो बादशाह है उसकी औलाद को ही सत्ता मिलेगी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता खुद मानते हैं कि कांग्रेस पार्टी नहीं बल्कि कुनबा है। औरंगजेब राज उनको मुबारक। हमारे लिए देश बड़ा है। हमारे लिए 125 करोड़ देशवासी यही भारत के भाग्य विधाता हैं।
‘कांग्रेस पार्टी नहीं कुनबा’
मोदी ने कहा, ये गलतफहमी फैलाई जा रही है कि भाजपा मुस्लिम विरोधी है। इस परिवारवाद वाली पार्टी का मुख्य एजेंडा है कि हमारे खिलाफ लोगों के बीच झूठ बोलें। लेकिन अब गुजरात की जनता समझदार हो गई है और अफवाहों पर भरोसा नहीं करती है।
‘मुस्लिम भी सब जान चुके हैं’
पीएम ने कहा, पहले तो कांग्रेस ने धर्मनिरपेक्षता का रास्ता पकड़ा। अब इस चुनाव में हम सब देख रहे हैं कि वो कहां जा रहे हैं। दुर्भाग्य से मुस्लिम उनके बारे में सब जान चुके हैं। इंदिरा गांधी ने मोरारजी देसाई को जेल भिजवा दिया था। कांग्रेस कभी गुजरात के किसी नेता को बर्दाश्त नहीं कर सकती है। उन्होंने हमेशा गुजरात को दरकिनार किया। इन लोगों को गुजरात को बदनाम करना बंद करना होगा।

