मोदी-पुतिन वार्ता खोलेगी नए आयाम

मोदी-पुतिन वार्ता खोलेगी नए आयाम

दोस्त मोदी से मिलने भारत आ रहे पुतिन,यूक्रेन युद्ध के बाद होगा दौरा

Share Politics Wala News

# politicswala report

Putin’s visit to India- दिल्ली। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन जल्द ही भारत का दौरा करेंगे। यह उनका रूस-यूक्रेन युद्ध के बाद पहला भारत दौरा होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले साल रूस यात्रा के दौरान पुतिन को भारत आने का निमंत्रण दिया था, जिसे पुतिन ने अब स्वीकार कर लिया है। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने गुरुवार को इस बात की पुष्टि की और कहा कि पुतिन के भारत दौरे की तैयारियां चल रही हैं। हालांकि उन्होंने यात्रा की तारीख का खुलासा नहीं किया।

लावरोव ने कहा, ‘राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारतीय प्रधानमंत्री से मिले निमंत्रण को स्वीकार कर लिया है. अब यह हमारी बारी है.’ यह दौरा इसलिए भी खास है क्योंकि भारत और रूस के रिश्ते हमेशा मजबूत रहे हैं. प्रधानमंत्री मोदी ने अपने तीसरे कार्यकाल के बाद पहली बार विदेश यात्रा में रूस का दौरा किया था. अब, पुतिन का भारत आना दोनों देशों के बीच और भी मजबूत रिश्तों का संकेत है।

यह युद्ध का युग नहीं

इस यात्रा के दौरान पुतिन और मोदी दोनों के बीच यूक्रेन युद्ध, अमेरिका में डोनाल्ड ट्रम्प के राष्ट्रपति बनने के बाद हुए वैश्विक बदलावों और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। भारत ने यूक्रेन युद्ध पर हमेशा तटस्थ रुख अपनाया है। प्रधानमंत्री मोदी ने पुतिन से यह कहा था कि ‘यह युद्ध का युग नहीं है। ‘ भारत ने रूस के खिलाफ संयुक्त राष्ट्र में पारित प्रस्तावों पर वोट करने से भी परहेज किया है और पुतिन की सार्वजनिक आलोचना से भी बचा है।

नई बातचीत का रास्ता खोल सकता है ये दौरा

प्रधानमंत्री मोदी ने 2024 में रूस और यूक्रेन दोनों का दौरा किया और यूक्रेनी राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेन्स्की से भी मुलाकात की। प्रधानमंत्री मोदी अक्टूबर में रूस के कज़ान में ब्रिक्स समिट के लिए भी गए थे। पुतिन का यह आगामी दौरा दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूती दे सकता है और रूस-यूक्रेन युद्ध के प्रभाव को लेकर भी नई बातचीत का रास्ता खोल सकता है।

आखिरी बार 2021 में भारत आए थे पुतिन

रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने इससे पहले 06 दिसंबर 2021 में भारत की यात्रा की थी। उस वक्त वह केवल 4 घंटे के लिए भारत आए थे और इसी दौरान भारत-रूस के बीच 28 समझौते पर दस्तखत हुए थे। इसमें मिलिट्री और तकनीकी समझौते भी शामिल थे।

गर्मजोशी से मिले थे दोनों

22वें रूस-भारत शिखर सम्मेलन के लिए मॉस्को की अपनी यात्रा के दौरान, पुतिन के साथ पीएम मोदी की दोस्ती ने सबका ध्यान खींचा। पीएम मोदी के पुतिन के आवास पर पहुंचने पर दोनों नेताओं ने गर्मजोशी से गले मिलकर हाथ मिलाया। मोदी और पुतिन के बीच चाय पर बातचीत, हॉर्स शो देखने और रूसी राष्ट्रपति द्वारा प्रधानमंत्री को गोल्फ कार्ट में अपने आवास के आसपास घुमाने के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *