भोपाल
मंदाकिनी नदी के किनारे लगने वाले चित्रकूट के सदियों पुराने गधा मेले में गधों की बोली लगी। इस मेले में 'चंकी पांडे' (बॉलीवुड अभिनेता नहीं, बल्कि एक गधा) आकर्षण का केंद्र बन गया।
चित्रकूट में दीवाली के दौरान हर साल यह 'गधा मेला' लगता है। इस मेले में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पंजाब और राजस्थान से लगभग 350 गधे और खच्चर लाए गए। चित्रकूट नगर परिषद के मुख्य नगर अधिकारी अंकित सोनी ने बताया कि इस साल करीब 80 जानवरों की खरीद-बिक्री हुई।
'चंकी पांडे' की सबसे महंगी बोली
चित्रकूट में लगने वाले इस गधे मेले का बॉलीवुड से गहरा नाता है। गधों की तरफ व्यापारियों का ध्यान खींचने के लिए जानवरों का नाम फिल्मी सितारों के नाम पर रखा जाता हैं। उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के पड़ोसी जिलों से भी व्यापारी और खरीदार यहां सौदेबाजी के लिए आते हैं।
मुख्य नगर अधिकारी अंकित सोनी ने बताया, 'ये फिल्मी नाम केवल मेले तक ही सीमित रहते हैं। इन जानवरों का उन मशहूर हस्तियों से कोई स्थायी संबंध नहीं होता। गधों का नाम फिल्मी सितारों के नाम पर इसलिए रख देते हैं ताकि मेले का माहौल दिलचस्प हो जाए।'
इस साल के मेले में अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान, मिथुन चक्रवर्ती और चंकी पांडे के नाम के गधे शामिल थे, जिसमें 'चंकी पांडे' नाम के गधे की सबसे ज्यादा बोली लगी। यह गधा 72,000 रुपये में बिका।
फिल्मी सितारों के नाम की वजह से भले ही मेले की तरफ लोगों को आकर्षण बढ़ जाता है, लेकिन खरीदार असल में काम की चीजों पर ही ज्यादा ध्यान देते हैं। जानवर की नस्ल, कद-काठी, बनावट और ताकत ही उसकी कीमत तय करती है।
मुगलकाल से हो रहा मेले का आयोजन
माना जाता है कि यह मेला मुगल काल से चला आ रहा है। इसके पीछे एक स्थानीय कहानी है कि मुगल सेना के एक सैन्य अभियान के दौरान, उनके जानवरों की तबीयत खराब हो गई थी। कहा जाता है कि इसी घटना के बाद जानवरों की खरीद-बिक्री के लिए इस बाजार की शुरुआत हुई।
यह परंपरा सदियों से चली आ रही है, लेकिन इसका भविष्य अब उतना पक्का नहीं है। आयोजकों का मानना है कि नई पीढ़ी के इससे दूर होने के कारण, इस मेले का आकर्षण धीरे-धीरे कम होता जा रहा है। हो सकता है कि इसका पुराना आकर्षण फीका पड़ रहा हो, लेकिन फिल्मी सितारों के नाम की वजह से इसकी अहमियत अभी भी बरकरार है।
You may also like
-
देपालपुर ने स्वच्छता में मारी लंबी छलांग, देश का दूसरा सबसे स्वच्छ शहर बना
-
घर तक पानी पहुंचा तो बदली जिंदगी, अब परिवार के लिए ज्यादा वक्त
-
उज्जैन में सदाबल सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट क्षेत्र से गुजरने वाली 132 केवी लाइन के 5 टावर होंगे शिफ्ट : ऊर्जा मंत्री तोमर
-
रायपुर पुलिस को चकमा देकर भागा ड्रग्स तस्कर, 3 घंटे बाद पकड़ाया
-
भोपाल मास्टर प्लान-2047 पर 13,400 आपत्तियों की होगी जांच, 16 नवंबर से सुनवाई शुरू
