धोखेबाज है ‘वेयर इज माई ट्रेन’ एप
ट्रेन की गलत जानकारी दिखाकर किया लोगों को परेशान
घंटों यहां-वहां भटकते रहे यात्री
नितेश चैरसिया #Politicswala
भोपाल। रेलवे दावा करती है कि हम यात्रियों की सेवा में सदैव तत्पर हैं। हमारी प्राथमिकता यात्रियों की सुखद यात्रा एवं सुरक्षा है। यात्रियों की सुखद और सुविधाजनक यात्रा के लिए रेलवे द्वारा कई प्रयास भी किए जा रहे हैं। निरंतर आधुनिक सुविधाओं की बढ़ोत्तरी की जा रही है, जिससे रेल यातायात सुलभ और सुरक्षित बने।
परंतु आज एक एप (ट्रेन की लोकेशन दिखाने वाला) की लापरवाही के कारण सैकड़ों यात्री रेलवे को कोसने लगे, जबकि गलती रेलवे की नहीं, दूसरे एप की थी, जिसने ट्रेन की गलत लाइव लोकेशन बताकर लोगों को भ्रमित कर दिया, जिस कारण सैकड़ों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसका कारण था ‘वेयर इज माई ट्रेन’ एप। यह एप ट्रेनों की लाइव लोकेशन पता करने के लिए बनाया गया है, जिससे यात्री जिस ट्रेन से यात्रा करना चाहते हैं, उसकी सही स्थिति जान सकें कि वह ट्रेन कब और कहां है।
परंतु आज ‘वेयर इज माई ट्रेन’ एप पर ट्रेन नंबर 18238 छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस की गलत लाइव लोकेशन दिखाने के कारण सैकड़ों यात्री स्टेशन पर परेशान होते देखे गए। छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस का मथुरा स्टेशन पर पहुंचने का समय सुबह 6 बजकर 25 मिनट है, जो कि ‘वेयर इज माई ट्रेन’ एप पर 7 बजकर 16 मिनट दिखा रहा था। परंतु इसके बाद राजा की मंडी स्टेशन से लेकर विदिशा स्टेशन तक इस ट्रेन की कोई लोकेशन नहीं दिखाई गई। केवल यह दिखाया गया कि किन्हीं कारणों से इस ट्रेन का मार्ग परिवर्तित किया गया है और यह ट्रेन भोपाल रात लगभग 09 बजे पहुंचेगी।
यात्रियों ने एप पर बताई गई लाइव लोकेशन के अनुसार स्टेशन पहुंचने का तय किया। परंतु जब कुछ यात्रियों ने शाम लगभग 6:20 बजे फिर एप पर ट्रेन की लोकेशन देखी, तो वे दंग रह गए, क्योंकि अब एप पर ट्रेन की लोकेशन रानीकमलापति स्टेशन दिखाई जा रही थी। कई यात्री दौड़ते-भागते किसी तरह स्टेशन पहुंचे, तो वहां पहुंचकर उन्हें फिर झटका लगा, क्योंकि जब स्टेशन के डिस्प्ले बोर्ड पर ट्रेन की स्थिति देखी, तो उनका सिर चकरा गया। वहां ट्रेन का समय रात 23:12 मिनट दिखाया जा रहा था। इस एप की लापरवाही यहीं नहीं रुकी।
जब रात लगभग 8 बजकर 20 मिनट पर ट्रेन की लोकेशन देखी गई, तो वह नर्मदापुरम स्टेशन पर दिखाई गई। यात्री परेशान थे कि आखिर रेलवे स्टेशन का डिस्प्ले बोर्ड सही है या फिर ‘वेयर इज माई ट्रेन’ एप। जब स्टेशन पर पूछताछ खिड़की से इस संबंध में जानकारी ली गई, तो बताया गया कि ट्रेन अभी आई नहीं है और स्टेशन के डिस्प्ले पर जो समय दिखाया जा रहा है, वही सही संभावित समय है।
इस लापरवाही का जिम्मेदार कौन!
सोचने वाली बात है कि ‘वेयर इज माई ट्रेन’ एप पर प्रतिदिन लाखों की संख्या में यात्री ट्रेनों की लाइव लोकेशन के साथ-साथ ट्रेन से संबंधित जानकारियां देखकर उन पर अमल करते हुए अपनी यात्रा का रूटीन बनाते होंगे और इस एप द्वारा इतनी बड़ी लापरवाही की जा रही है, जो यात्रियों के लिए काफी परेशानियों का कारण बनी। आज इस एप की यह लापरवाही उजागर हो गई। पता नहीं पहले भी कितनी बार इस एप पर गड़बड़ी हुई हो और यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा हो। आखिर इस लापरवाही की जिम्मेदारी कौन लेगा।
इनका कहना है….
इस संबंध में जब पश्चिम मध्य रेल, भोपाल मंडल के पीआरओ नवल अग्रवाल से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि यह ‘वेयर इज माई ट्रेन’ एप रेलवे का अधिकृत एप नहीं है। इस एप द्वारा दी जाने वाली जानकारियों की जिम्मेदारी ‘वेयर इज माई ट्रेन’ एप प्रबंधन की है। इसका रेल विभाग से कोई संबंध नहीं है। पीआरओ नवल अग्रवाल ने कहा कि ट्रेनों से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए यात्री रेलवे के अधिकृत एप एनटीईएस एप का उपयोग करें, जिस पर यात्रियों को सही और सटीक जानकारी उपलब्ध होगी।
नवल अग्रवाल
पीआरओ
पश्चिम मध्य रेल, भोपाल
You may also like
-
CJP का संसद मार्च: लाठीचार्ज के बाद क्या निकला सरकार से हुई बैठक का नतीजा? आंदोलन का भविष्य क्या?
-
Haryana Border Sealed: किसानों का दिल्ली कूच! हरियाणा के 12 जिलों में पुलिस का सख्त पहरा
-
CJP vs Govt: CJP ने जेपी नड्डा को सौंपा ‘मांग पत्र’, जानिए चिट्ठी में शिक्षा मंत्री और सोनम वांगचुक को लेकर क्या लिखा है!
-
MP UCC Bill: मध्य प्रदेश में UCC को मंजूरी: विवाह पंजीयन अनिवार्य, लिव-इन पर सख्त सजा और महिलाओं को समान अधिकार!
-
JANTAR MANTAR: पुलिस का लाठीचार्ज, आंसू गैस, CJP का आरोप अभिजीत दीपके को दिल्ली पुलिस ने किया अरेस्ट!




