जीतू पटवारी के भाई… नाना पटवारी ने स्वीकारा… कहा लेता था ड्रग्स!

Share Politics Wala News

जीतू पटवारी के भाई… नाना पटवारी ने स्वीकारा… कहा लेता था ड्रग्स!

*जीतू पटवारी के भाई पर कार्रवाई, कांग्रेस ने विपक्ष की आवाज दबाने के कोशिश बताया

*ड्रग सप्लायर से संबंध के मामले में इंदौर पुलिस ने नाना पटवारी से की पूछताछ

इंदौर पुलिस ने कांग्रेस के मध्य प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के छोटे भाई कुलभूषण उर्फ नाना पटवारी को गिरफ्तार किया है। नाना पटवारी की गिरफ्तारी ड्रग सप्लाई से जुड़े केस में की गई है। एक ड्रग सप्लायर ने पुलिस के सामने नाना का नाम लिया है। नाना को गुरुवार दोपहर गिरफ्तार करने के बाद राजेंद्रनगर पुलिस अज्ञात स्थान पर ले गई है।

सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तारी की सूचना मिलने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष पटवारी ने अपने कानूनी सलाहकारों से चर्चा की है। कांग्रेस ने इस कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध बताते हुए सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि जीतू पटवारी ने हाल ही में प्रदेश में पसरे भ्रष्टाचार को लेकर आंदोलन छेड़ने की घोषणा की थी। सरकार ने इसी का दबाव बनाने के लिए उनके भाई के खिलाफ कार्रवाई कराई है।

नाना के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उन्हें 2023 विधानसभा चुनाव के दौरान भी गिरफ्तार किया गया था। उन पर करीब सात साल पुराने हत्या के प्रयास के मामले में फरार रहने का आरोप था। साल 2025 में इंदौर के तेजाजी नगर थाने में नाना और उनके दो सहयोगियों के खिलाफ एफआईआर कराई गई थी। शिकायतकर्ता नरेंद्र मेहता ने आरोप लगाया था कि उनकी जमीन पर धोखे से कब्जा करने का प्रयास किया गया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई।

महिला ने लगाया था छेड़छाड़ का आरोप

नवंबर 2018 में नाना पटवारी पर धारा 354 (क) के तहत केस दर्ज हुआ था। शिकायतकर्ता महिला ने आरोप लगाए हैं कि नाना के साथ क्रुणाल पटवारी, चेतन पटवारी, सुदील चौधरी, गब्बू पटवारी और अन्य 40-50 लोग कार-बाइक से मेरे घर पहुंचे। फिर जबरदस्ती अंदर घुस आए। नाना के हाथ में पिस्टल जबकि बाकी के हाथ में चाकू और तलवार थी। नाना पटवारी ने मेरा हाथ बुरी नीयत से पकड़ा था।

खुशी सुसाइड केस में भी नाम

जुलाई 2018 में इंदौर में 37 वर्षीय खुशी कूलवाल ने सुसाइड किया था। हाई प्रोफाइल पार्टियों में अक्सर दिखने वाली खुशी ने महालक्ष्मी नगर स्थित अपने फ्लैट में फांसी लगा ली थी। जांच के दौरान पुलिस ने उसके करीबी लोगों से पूछताछ की थी। कुलभूषण उर्फ नाना पटवारी का नाम भी जांच में सामने आया था। हालांकि, पूछताछ के बाद उन पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई थी। 2025 में यह मामला फिर चर्चा में आया, जब पुलिस ने ड्रग कनेक्शन समेत अन्य पहलुओं पर जांच शुरू की। पुलिस यह पड़ताल कर रही है कि मामले का हाई प्रोफाइल पार्टियों से क्या कनेक्शन है? खुशी कूलवाल किन लोगों के संपर्क में थी? आत्महत्या से पहले की परिस्थितियों में किन लोगों की क्या भूमिका रही?

नाना पटवारी ने स्वीकारा, कहा लेता था ड्रग्स

जैसा की जीतू पटवारी और नाना ने इंदौर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पुलिस कार्रवाई को राजनैतिक प्रतिशोध बताया है। जीतू पटवारी ने कहा कि उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार सत्ता का दुरुपयोग कर विपक्ष को निशाना बना रही है। उनके भाई का किसी ड्रग्स तस्करी मामले से कोई संबंध नहीं है। हालांकि यहां चौंकाने वाली बात यह है कि प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान नाना पटवारी ने स्वीकार किया कि वे 3 साल पहले तक ड्रग्स का सेवन करते थे, लेकिन रिहैब सेंटर में इलाज के बाद उन्होंने नशा पूरी तरह छोड़ दिया है।

यह भी पढ़ें- पंजाब कांग्रेस में मचे घमासान के बीच नरम पड़े चन्नी!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *